Bihar Top News Today 30 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 30 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
जदयू कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन
पटना। राजधानी पटना में बुधवार को सियासी गलियारे से लेकर प्रशासनिक हलकों तक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारी संख्या में संविदा पर कार्यरत एएनएम और ड्रेसर पद के परीक्षाार्थी अपनी मांगों को लेकर सीधे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का यह हुजूम स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करने की गुहार लेकर आया था, लेकिन मौके पर उनके मौजूद न मिलने और कार्यालय में ताला बंद होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और गुस्साए युवाओं ने सड़क पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जवान ने की अंधाधुंध फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत
Bihar news: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली स्थित सेवा-II हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे बिहार के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस दर्दनाक हादसे में एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई। प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, इस खूनी संघर्ष की जड़ में आरोपी कॉन्स्टेबल अवधेश कुमार सिंह (अभिदेश) का अपनी पत्नी और बच्चे से जुड़ा पारिवारिक विवाद था। आरोपी की पत्नी पूजा देवी भी इसी यूनिट में लेडी हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। नियम के अनुसार, यूनिट प्रशासन ने ड्यूटी के दौरान क्वार्टर गार्ड क्षेत्र में बच्चे के प्रवेश या वहां रुकने पर पाबंदी लगा रखी थी। इसी बात को लेकर आरोपी जवान की अन्यकर्मियों से तीखी बहस हुई थी, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठी।
आधिकारी के ठिकानों पर EOU का छापा
पटना। बिहार के परिवहन विभाग में तैनात मोबाइल सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बुधवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आरा और पटना में स्थित उनके आवासों पर चल रही है, जहां अधिकारी दस्तावेजों और संपत्तियों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
पटना में बीच सड़क पर छात्राओं से अभद्रता
पटना। बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग से लौट रही तीन नाबालिग छात्राओं के साथ सरेआम अभद्र टिप्पणी, छेड़खानी और मारपीट की गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और एक बार फिर पुलिस की नाइट या डे-पेट्रोलिंग की सक्रियता पर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं। यह पूरी घटना पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र के बरकत खां का अखाड़ा इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, तीन नाबालिग छात्राएं रोजाना की तरह अपनी कोचिंग से पढ़ाई पूरी कर वापस अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में कुछ मनचले किस्म के युवकों ने उन्हें बीच सड़क पर रोक लिया और गंदे-अभद्र कमेंट्स करने लगे।
जब छात्राओं ने इन हरकतों का डटकर विरोध किया, तो आरोपी युवकों ने अपनी हदें पार करते हुए उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर उन पर हाथ उठाया गया और मारपीट की गई। छात्राओं की चीख-पुकार और शोरगुल सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक सभी आरोपी दबंग मौके से फरार हो चुके थे।
छात्र रहस्यमय तरीके से हुई गायब
जहानाबाद। शैक्षणिक भ्रमण (एजुकेशनल टूर) के नाम पर झारखंड ले जाए गए 14 वर्षीय छात्र के रहस्यमय ढंग से गायब होने से हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने कोचिंग संचालक पर अपहरण और गंभीर साजिश रचने का संगीन आरोप लगाया है। मामला हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव निवासी राजेश दास के 14 वर्षीय पुत्र सागर कुमार से जुड़ा है, जो स्थानीय स्तर पर राकेश केसरी उर्फ बबलू के निजी कोचिंग संस्थान में नौवीं कक्षा की पढ़ाई करता था। गत 8 सितंबर 2026 को कोचिंग संचालक ने छात्र के पिता को फोन कर बच्चों को झारखंड स्थित बिजली उत्पादन केंद्र (थर्मल पावर) के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने की बात कही। शिक्षक पर भरोसा करते हुए परिजनों ने बच्चे को टूर पर भेजने की सहमति दे दी।
हर्निया का ऑपरेशन के दौरान बुजुर्ग की मौत
नालंदा। बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला स्थित बासुकुल सर्जिकल अस्पताल में हर्निया के ऑपरेशन के लिए पहुंचे 72 वर्षीय बुजुर्ग संतोष कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में भारी लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक संतोष कुमार सलेमपुर मोहल्ला के रहने वाले थे और पेशे से सोना-चांदी के एक प्रतिष्ठित कारोबारी थे। परिजनों के अनुसार, वह अपनी बीमारी के इलाज के लिए पूरी तरह स्वस्थ और फिट थे। यहां तक कि हर्निया के ऑपरेशन के लिए वह खुद साइकिल चलाकर अस्पताल पहुंचे थे। उनके इस प्रकार अचानक दुनिया से चले जाने से परिवार सदमे में है।
तटबंध टूटने से दर्जनों गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
छपरा। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश का असर अब बिहार के सारण जिले में साफ तौर पर दिखने लगा है। गंडक नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया है, जिससे इस सीजन में दूसरी बार सारण वासियों के सामने भीषण बाढ़ का संकट खड़ा हो गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर और भारी दबाव के कारण आज सारण जिले के मकेर प्रखंड अंतर्गत बाघा कोल और हैजलपुर इलाकों में तटबंध टूट गया। तटबंध के टूटने से दर्जनों गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल गया है, जिससे स्थानीय जनजीवन और मवेशी पूरी तरह से प्रभावित हो चुके हैं।
जातिसूचक गाली-गलौज के बाद परिवार पर हमला, 5 घायल
जहानाबाद। जिले के ओकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रीतमपुर गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। बिजली कटने के बाद घर के बाहर रोशनी में खाना खा रहे एक ही परिवार के सदस्यों पर कुछ दबंगों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस मामले को लेकर स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। प्रीतमपुर गांव में अचानक बिजली गुल हो जाने के कारण पीड़ित परिवार के सदस्य अपने घर के बाहर गली के किनारे रखे सोलर पैनल की रोशनी के सहारे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ उपद्रवी तत्व वहां पहुंचे और बिना किसी ठोस वजह के विवाद खड़ा करने लगे। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध जताया, तो आरोपितों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
बिहार को जल्द मिलेगा इस बीमारी से छुटकारा
पटना। बिहार से तपेदिक (टीबी) जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए राज्य सरकार ने अपनी कमर कस ली है। इस दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाते हुए सरकार पूरे राज्य में एक व्यापक अभियान चलाने जा रही है। राजधानी पटना के प्रतिष्ठित लोक भवन में टीबी उन्मूलन को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के महामहिम राज्यपाल और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान को अब केवल चुनिंदा जिलों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे पूरे बिहार में वृहद स्तर पर चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण और जन-कल्याणकारी अभियान में महामहिम राज्यपाल का भी पूरा मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त हो रहा है। सरकार का मुख्य लक्ष्य आने वाले समय में बिहार को पूरी तरह से टीबी मुक्त बनाना है।
अनियंत्रित ट्रक पलटने से चालक की मौत
पटना। जहानाबाद जिले में बुधवार के दिन पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर एक भीषण सड़क हादसे में कोयले से लदा हुआ अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे पलट गया। इस घटना में ट्रक के चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा जहानाबाद जिले के उमता धरनई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काफरपुर गांव के समीप हुआ। मृतक चालक की पहचान वीरेंद्र साव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोपालगंज जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह ट्रक झारखंड के धनबाद से भारी मात्रा में कोयला लादकर गोपालगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान काफरपुर गांव के पास चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे अनियंत्रित होकर ट्रक सड़क किनारे पलट गया।


