Bihar Top News Today 31 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 31 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
दो मासूमों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचला
नालंदा। जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा मानपुर थाना क्षेत्र के सिंथु गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे एक ही साइकिल पर सवार होकर अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकले थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर, जिसमें रोटावेटर लगा हुआ था, ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों बच्चों को कुचलते हुए आगे निकल गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दो गुटों के बीच हिंसक झड़प
नालंदा। जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मितमा गांव में दो समुदायों के बीच आपसी तनाव ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। शुक्रवार की सुबह हुई इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले और ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है और स्थानीय लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
इस पूरे खूनी संघर्ष की जड़ें दो दिन पहले आयोजित हुई आषाढ़ी पूजा के दौरान उपजे विवाद से जुड़ी हैं। पूजा के अवसर पर दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गई थी। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से सिलाव थाने में अलग-अलग प्राथमिकियां (FIR) भी दर्ज कराई गई थीं। पुलिस इस मामले में कोई ठोस निवारक कदम उठाती, उससे पहले ही शुक्रवार की सुबह यह पुरानी रंजिश फिर से भड़क उठी।
पुजारी बने पप्पू यादव
पटना। संसद के मानसून सत्र के दसवें दिन शुक्रवार को बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एक अनोखा और नाटकीय विरोध प्रदर्शन किया। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और दान में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को उठाने के लिए वह भगवा चोला और साधु के वेश में संसद भवन पहुंचे। उनके इस प्रदर्शन ने सदन से लेकर बाहर तक सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।संसद परिसर में एक शॉर्ट प्ले का आयोजन किया गया जिसमें पप्पू यादव ने पुजारी की भूमिका निभाई और हाथ में दानपेटी लेकर बैठ गए। इस प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के सांसदों और अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने दान देकर इस विरोध का समर्थन किया। प्रदर्शन के दौरान जब पप्पू यादव दान के पैसे अपनी जेब में रखकर भागने का अभिनय करने लगे, तो विपक्षी सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया और चंदा चोर-गद्दी छोड़ के नारे लगाए।
बीजेपी MLC देवेश कुमार ने सभापति को सौंपा इस्तीफा
बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की एक तल्ख़ टिप्पणी के बाद मचे सियासी घमासान के बीच, बीजेपी विधान पार्षद (एमएलसी) देवेश कुमार ने सभापति को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेत्री रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर एनडीए सरकार और बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। रोहिणी आचार्य ने अपने तीखे अंदाज में एनडीए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लिखा कि न्यायालय की तल्ख़ टिप्पणी से जब साख पर बट्टा लगा, तो आनन-फानन में ‘कुर्बानी का बकरा’ ढूंढ निकाला गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट से कानूनी फटकार मिलने के बाद बीजेपी और एनडीए के भीतर जो नैतिकता अचानक जागृत हुई है, वह वाकई काबिले-तारीफ़ है।
चलती ऑटो में यात्री से 9 हजार की लूट
नालंदा। जिले के रहुई प्रखंड के भागन बीघा थाना क्षेत्र से अपराध का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। एसएच-78 पर अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। यहां बदमाशों ने एक चलती सीएनजी ऑटो में सवार यात्री को अपना निशाना बनाया और मारपीट कर 9 हजार नकद लूट लिए। विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें चलती गाड़ी से नीचे सड़क पर धक्का दे दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद से स्थानीय लोगों और यात्रियों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।
शव वाहन नहीं मिलने पर ई-रिक्शा से शव ले गए
मुंगेर। जिले से स्वास्थ्य विभाग की प्रशासनिक लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक युवक के शव को सरकारी वाहन न मिलने के कारण परिजनों को मजबूरन ई-रिक्शा पर रस्सी से बांधकर करीब 30 किलोमीटर दूर उनके पैतृक गांव ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म और जानलेवा हमला
मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन उत्पीड़न करने और विरोध जताने पर उस पर और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार के दिन पीड़िता की दादी, जिनका नाम सफिका खातून उर्फ पुरुहुन है, ने मसौढ़ी थाना पहुंचकर इस संबंध में एक औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आधार पर कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत मामले की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि सभी तथ्यों को उजागर किया जा सके।
पिस्टल के साथ रील बनाने वाली महिला को पुलिस ने भेजा जेल
दरभंगा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की दीवानगी अक्सर लोगों के लिए मुसीबत बन जाती है। ताजा मामला बिहार के दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला को ओरिजनल पिस्टल के साथ भोजपुरी गाने पर रील बनाना भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए महिला को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला हाथ में असली पिस्टल लहराते हुए भोजपुरी गाने की धुन पर रील बना रही है। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद दरभंगा पुलिस के संज्ञान में यह मामला आया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत वीडियो की सत्यता की जांच कराई। जांच के दौरान वीडियो में दिख रही महिला की पहचान सिरसिया गांव की रहने वाली लाखो देवी के रूप में की गई।
भरत एनकाउंटर में गोली चलाने वाला एसटीएफ जवान गिरफ्तार
भोजपुर जिले के बिलौटी क्षेत्र में हुए इस एनकाउंटर प्रकरण में अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। भोजपुर एसपी राज ने एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। गिरफ्तार जवान एसटीएफ की एसओजी टीम में तैनात था। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद उसकी सरकारी पिस्टल पहले ही जब्त की जा चुकी थी और विभागीय स्तर पर उसे निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के बाद से ही वह जांच से बचता फिर रहा था।
पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा था। मृतक भरत भूषण तिवारी के भाई चंदन तिवारी का स्पष्ट रूप से कहना था कि उन्होंने अपनी आंखों से अक्षय कुमार को पहली गोली चलाते हुए देखा था। परिवार की इसि जिद और संघर्ष के बीच हाल ही में स्वजनों ने पटना जाकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया था, जिसके बाद इस गिरफ्तारी को एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है।
नेपाल के बाद सीमा पर कर्फ्यू और बाजारों में ठप हुआ कारोबार
नेपाल के सुनसरी जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा और पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पिछले चार दिनों से जारी इस अशांति का सीधा असर भारत के सीमावर्ती बाजारों पर देखने को मिल रहा है। उपद्रव के बाद नेपाल के कई हिस्सों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू है, जिससे भारत-नेपाल सीमा पर आवाजाही ठप हो गई है। सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका के अंतर्गत कप्तानगंज चौक पर 26 जुलाई की देर रात पिंडेश्वर धाम के लिए कांवड़ (बोलबम) यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक सांप्रदायिक झड़प में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए की गई नेपाल पुलिस की फायरिंग में ओमप्रकाश मेहता नामक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना के विरोध में प्रदर्शन तेज होने पर 27 जुलाई से पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है।


