पटना। बिहार के शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और रफ्तार अब सीधे जनता की निगरानी में होगी। नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान एक बड़े निर्णय की घोषणा की है। अब आम नागरिक नगर निकायों में चल रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की शिकायत सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से कर सकेंगे।
शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी
व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9264291339 जारी किया है। इस नंबर पर नागरिक अपने वार्ड या क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों की खराब गुणवत्ता, देरी या अन्य अनियमितताओं से संबंधित शिकायतें, फोटो और वीडियो भेज सकते हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
मिशन मानसून 2026
समीक्षा बैठक का मुख्य केंद्र आगामी मानसून 2026 रहा। मंत्री विजय सिन्हा ने अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया है कि मानसून की दस्तक से पहले, यानी 15 मई तक जल निकासी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरों को जलजमाव की समस्या से मुक्त रखना प्राथमिकता है। इसके लिए नालों की उड़ाही, पंपिंग स्टेशनों की मरम्मत और चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
गुणवत्ता और समय सीमा पर विशेष जोर
बैठक में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए मंत्री ने कहा कि अधिकारी केवल फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर जाकर मॉनिटरिंग करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की सहभागिता से ही व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने और निर्माण में उच्च मानकों का पालन करने के निर्देश सभी नगर निकायों को दे दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि इस डिजिटल निगरानी का जमीन पर कितना असर पड़ता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

