Bihar Politics: बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के अपने पद से इस्तीफा देने की चर्चा है। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

जदयू के खाते में जा सकता है सभापति का पद

मिली जानकारी के मुताबिक, अवधेश नारायण सिंह के पद छोड़ने के बाद विधान परिषद के सभापति का पद अब जदयू के खाते में जा सकता है। अवधेश नारायण सिंह बीजेपी के एमएलसी हैं। बताया जा रहा है कि एनडीए के बीच तय फॉर्मूले के तहत सभापति पद जदयू को दिए जाने की तैयारी है।

रामवचन राय हो सकते हैं नए सभापति

अवधेश नारायण सिंह के इस्तीफा देने के बाद जदयू के एमएलसी और विधान परिषद के मौजूदा उपसभापति रामवचन राय का नाम नए सभापति के तौर पर चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद अवधेश नारायण सिंह ने सभापति पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है।

उपसभापति पद पर निर्विरोध चुने गए थे रामवचन राय

बताया जा रहा है कि सभापति के पद से अवधेश नारायण सिंह के इस्तीफे के बाद रामवचन राय को पहले कार्यकारी सभापति की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके बाद विधान परिषद के नए सभापति के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बता दें कि रामवचन राय साल 2024 में बिहार विधान परिषद के उपसभापति पद पर निर्विरोध चुने गए थे। अब सभापति पद खाली होने की स्थिति में जदयू की ओर से उनके नाम की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अंतिम फैसला और आधिकारिक घोषणा के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

ये भी पढ़ें- जमुई की घटना पर शर्मिंदा हैं तेजस्वी, CM सम्राट चौधरी को याद दिलाया उनका पुराना बयान