Weather update: बिहार में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है, जिससे अचानक मौसम बदल रहा है।

​खगड़िया और बेगूसराय में असर

खगड़िया में आज सुबह तेज बारिश के साथ ओले गिरे जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं बेगूसराय में बीती रात आई आंधी के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। समस्तीपुर और खगड़िया की सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई है। गर्मी के प्रभाव को देखते हुए जहानाबाद में पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है जबकि अन्य कक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है।

​तापमान में गिरावट और पटना का मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के 34 जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 38 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। राजधानी पटना की बात करें तो बुधवार को दिन में तेज धूप और उमस रहने के आसार हैं हालांकि दोपहर बाद बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। पटना का अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री रहने का अनुमान है।

​नौतपा में सावधानी जरूरी

मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिन की तेज गर्मी और ऊपरी परतों में नमी के मेल से शाम के समय अचानक आंधी-तूफान की स्थितियां बन रही हैं। यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। नौतपा के दौरान तापमान 40-45 डिग्री तक पहुंच जाता है इसलिए बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतें। डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए अपने साथ पर्याप्त पानी रखें और लू के संकेतों को नजरअंदाज न करें। वज्रपात की आशंका को देखते हुए खुले मैदान पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न रुकें।