Weather update: बिहार में मौसम ने इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 26 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस बीच रोहतास में इस सीजन का सबसे अधिक 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया

खगड़िया में मंगलवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है, जबकि बेगूसराय में काले बादल और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। वहीं भागलपुर में सोमवार देर शाम आई तेज आंधी एक परिवार के लिए काल बन गई। पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

ऑरेंज अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया समेत 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। वहीं पटना, बेगूसराय, गोपालगंज, सारण, भागलपुर, बांका और जमुई समेत 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी हुआ है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

प्री-मानसून एक्टिविटी माना जा रहा

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार में अचानक मौसम बदलने की सबसे बड़ी वजह हीट लो प्रेशर बेल्ट और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं का टकराव है। लगातार तेज धूप से जमीन अत्यधिक गर्म हो चुकी है, जिससे नीचे की गर्म हवा तेजी से ऊपर उठ रही है। दूसरी तरफ समुद्र से आने वाली नमी वाली हवाएं वातावरण में अस्थिरता पैदा कर रही हैं। यही वजह है कि अचानक बादल बन रहे हैं और तेज आंधी-बारिश देखने को मिल रही है। इसे प्री-मानसून एक्टिविटी माना जा रहा है।

जानलेवा होती जा रही गर्मी

दूसरी तरफ दक्षिण बिहार के जिलों में गर्मी जानलेवा होती जा रही है। रोहतास के डेहरी में 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। औरंगाबाद में 44.5, कैमूर में 44.4, बक्सर में 43.1 और गया में 43 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। दोपहर में सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे। मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।

हल्की बारिश की संभावना

राजधानी में मंगलवार को उमस और गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के समय बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि मई के अंतिम सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिल सकती है।