Bihar Weather Today: बिहार में पिछले कई दिनों से लगातार मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आंधी-पानी के दौर ने पूरे जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम में हुए इस बदलाव के कारण एक तरफ जहां, लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, बेसमय हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज शुक्रवार (8 मई) को राज्य के 15 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

इन जिलों में तेज आंधी-पानी

मौसम विभाग के अनुसार आज अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल, सहरसा, कटिहार और दरभंगा समेत कई जिलों में गर्जन के साथ तेज आंधी-बारिश होने की संभावना है। वहीं, इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। इन जिलों में वज्रपात और बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।

फसलों को पहुंचा नुकसान

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में सामान्य से 182 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिला है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही काले बादल छाए रहे और हल्की-हल्की बारिश होती रही। लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में लगी फसल और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, पेड़ पर लगे आम और लीची के फल भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

जल्द बदलेगा बिहार का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण बिहार का मौसम प्रभावित हो रहा है। यही वजह है कि मई के महीने में भी बिहार में मानसून जैसा मौसम देखने को मिल रहा है। हालांकि अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं, जिससे आने वाले दिनों में खासकर दक्षिण-पूर्व बिहार में तेजी से गर्मी और उमस बढ़ सकती है। फिलहाल खराब मौसम को देखते हुए विभाग द्वारा लोगों को आंधी-पानी के दौरान सुरक्षित रहने और जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: मंत्री संभालेंगे कार्यभार, राजद और कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस