Wether update: बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से राज्य के सभी हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
19 जिलों में ऑरेंज और 19 में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज बिहार के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की प्रबल आशंका है।
पटना में बारिश और उमस का खेल
राजधानी पटना में आज बादलों का डेरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, दिन के समय उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, लेकिन शाम तक बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में पटना का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान
बिहार में वर्तमान में सामान्य से 193% अधिक बारिश दर्ज की गई है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी बढ़ेगी। हालांकि, उसके बाद फिर से आंधी-बारिश की सक्रियता बढ़ने से पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। पिछले 24 घंटों में कैमूर 40 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।
अगले सात दिनों का रिपोर्ट कार्ड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण 20 मई तक मौसम अस्थिर रहेगा:
- 12 मई: उत्तर बिहार में तेज हवाएं और दक्षिण बिहार में वज्रपात की आशंका।
- 13-15 मई: उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में मेघगर्जन के साथ आंधी।
- 20 मई से बदलाव: 20 मई के बाद मौसम सामान्य होने लगेगा और तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि के साथ भीषण गर्मी की वापसी होगी।
सुरक्षा अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। सुरक्षित स्थानों पर रहें और विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

