पटना। बिहार में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को राज्य के 18 जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पटना, नालंदा, गया, नवादा और शेखपुरा समेत कई जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 10 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ होने के आसार हैं।

यहां बारिश की संभावना

मानसून की वापसी के बावजूद बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए।

बीते 24 घंटे के दौरान पटना, बेगूसराय, मधुबनी, अररिया, सुपौल, बगहा और समस्तीपुर में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कैमूर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अलग-अलग जिलों में मौसम की स्थिति में अंतर बना हुआ है।

इस कारण हो रही बारिश

मौसम में बदलाव की मुख्य वजह बिहार और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मौसमी सिस्टम हैं। पूर्वोत्तर बिहार के आसपास समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इससे झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक ट्रफ रेखा फैली है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम साफ होने के आसार

दक्षिण-पश्चिम मानसून की बिहार से वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 अक्टूबर को महाराष्ट्र के शेष हिस्सों के साथ गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ हिस्सों तथा झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों से मानसून लौट चुका है। मानसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है।

पटना में शुक्रवार को बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 10 और 11 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इस दौरान बारिश और आंधी की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं हल्के बादल या छिटपुट बारिश हो सकती है।