पटना। बिहार की राजधानी के ग्रामीण इलाकों में भूमि और रास्ते के विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बिहटा थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव से सामने आया है, जहां रविवार को रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई इस भीषण मारपीट में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों का खुलकर इस्तेमाल हुआ। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

​एक साल पुराना है विवाद का जड़

​जानकारी के मुताबिक, बनवारीपुर निवासी लक्ष्मण चौबे और बुद्धेश्वर सिंह के परिवारों के बीच घर के निकास और रास्ते को लेकर पिछले एक साल से खींचतान चल रही है। विवादित जमीन लगभग 14 डिसमिल बताई जा रही है। लक्ष्मण चौबे का दावा है कि यह जमीन उनके पूर्वजों की है, जिसे अंचलाधिकारी (CO) ने भी जांच के बाद ‘आम रास्ता’ घोषित किया था। हालांकि, दूसरा पक्ष इस फैसले को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, जिसके कारण आए दिन दोनों परिवारों में कहासुनी होती रहती है।

​गाय का चारा ले जाते समय हुआ हमला

​विवाद ने रविवार को तब तूल पकड़ लिया जब लक्ष्मण चौबे अपने परिवार के साथ गाय का चारा लेकर उसी विवादित रास्ते से गुजर रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वे वहां पहुंचे, बुद्धेश्वर सिंह के परिवार के सदस्यों ने उन्हें घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्थरबाजी भी हुई जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में लक्ष्मण चौबे, उनका बेटा रंजन कुमार और पत्नी सुखवंती देवी लहूलुहान हो गए।

​पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

​मारपीट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और खून से लथपथ तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि लक्ष्मण चौबे की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।