बिहटा/ पटना। बिहार में बेलगाम रफ्तार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी पटना के बिहटा थानाक्षेत्र का है, जहां बुधवार की देर रात एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने दो पैदल यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों व्यक्ति लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा।
फैक्ट्री के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर स्थित जेएमडी फैक्ट्री के समीप घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्तियों की पहचान नालंदा जिले के एकंगरसराय निवासी 50 वर्षीय डोमन बिंद और 45 वर्षीय सफिंदर कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों पेशे से ट्रक चालक हैं और अपना ट्रक लेकर माल अनलोड करने फैक्ट्री आए थे।
खाना खाने जाने के दौरान हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों चालकों ने अपना ट्रक फैक्ट्री परिसर के पास खड़ा किया था और देर रात पैदल ही पास के एक होटल में खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों काफी दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी।
पटना रेफर, हालत चिंताजनक
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे अस्पताल पहुंच चुके हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहन की पहचान की जा सके। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर काफी रोष है; उनका कहना है कि इस व्यस्त बाजार क्षेत्र में वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

