कवर्धा/धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ के कवर्धा और धरमजयगढ़ में बुधवार-गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। दोनों हादसों में बाइक और बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत हुई।

दो बाइक की भिड़ंत में एक की मौत

पहली घटना कवर्धा में भोरमदेव रोड पर ग्राम राजानवागांव के पास बुधवार देर रात हुई है, जहां दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि बिशनपुरा निवासी सबित यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायलों को 112 की सहायता से जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है और वह बेहोश है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत में चालक गंभीर

दूसरी घटना धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में हुई है, जहां गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही थी और उसमें करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई।

भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।

कोयलर क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं में घायलों की विस्तृत स्थिति और हादसों के कारणों की जानकारी सामने आना बाकी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H