राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग NH-220 पर मुरुमडीह गांव के पास ब्रेकडाउन हालत में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय रोहित यादव की मौत हो गई।
मृतक रोहित यादव बिहार के सिवान का रहने वाला था और राजनगर में रहकर चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट में काम करता था। बताया गया कि ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपने क्वार्टर पहुंचा था। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे भोजन लाने के लिए बाइक से मुरुमडीह पुलिया के पास स्थित लाइन होटल की ओर निकला था।
इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक के पीछे उसकी बाइक जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर जुटे लोग, नहीं बच सकी जान
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रोहित को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
बिना सुरक्षा संकेत खड़े ट्रकों पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेत के ब्रेकडाउन वाहनों के खड़े रहने को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि रात के समय सड़क किनारे इस तरह खड़े वाहनों से दुर्घटना का खतरा काफी बढ़ जाता है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


