मनोज यादव, कोरबा। महंगी बाइक चलाने का शौक तीन दोस्तों को चोर बना गया, लेकिन चोरी के बाद की एक गलती ने उन्हें सीधे पुलिस के हत्थे चढ़ा दिया। बांकीमोंगरा में स्पोर्ट्स बाइक चोरी करने के बाद आरोपी उसी बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाने पहुंच गए। यहां दुकानदार को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू समेत दो नाबालिगों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर RS 200 और एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है।

चोरी के बाद डुप्लीकेट चाबी बनवाने पहुंचे

मामला 6 सितंबर का है। प्रार्थी देव कुमार अहिरवार, निवासी कुदरीपारा नंबर-2, मेन रोड बांकीमोंगरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 सितंबर की रात करीब 10 बजे उसने अपनी पल्सर RS 200 बाइक क्रमांक CG 12 BT 6722, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, दुकान के सामने लॉक कर खड़ी की थी। सुबह करीब 7 बजे बाइक मौके से गायब मिली। रिपोर्ट पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 172/2026 के तहत BNS की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान कहानी में नया मोड़ आया। चोरी के बाद आरोपी बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाने टीपी नगर कोरबा स्थित एक चाबी दुकान में गए। किस्मत खराब निकली, जिस बाइक की चाबी बनवाने गए थे उसी बाइक के मालिक का रिश्तेदार भी टीपी नगर में ही डुप्लीकेट चाबी बनाने की दुकान संचालित करता है। दुकानदार को शक हुआ तो उसने चुपके से डायल 112 को सूचना दी और पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में दो और चोरी का खुलासा

मुखबिर सूचना और 112 की मदद से पुलिस ने आरोपी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू पिता विक्रमलाल निषाद उम्र 19 साल निवासी भिलाईबाजार थाना हरदीबाजार को स्वतंत्र गवाहों के समक्ष पकड़ा। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने बताया कि उसने अपने 2 नाबालिग साथियों के साथ मिलकर CG 12 BT 6722 को बांकीमोंगरा से और एक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 12 BU 7208 को कुसमुंडा क्षेत्र से चोरी किया था।

महंगी बाइक चलाने का था शौक

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल, चोरी गई दोनों गाड़ियों को गवाहों के समक्ष जब्त किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि महंगी बाइक चलाने का शौक था, पैसे नहीं थे इसलिए चोरी की योजना बनाई।

पुलिस ने आरोपी मोनेन्द्र कुमार को 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड कोरबा भेजा जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H