सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा फरुखनगर ने बाइक चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी की पहचान नूंह जिले के गांव जमालगढ़ निवासी अजरुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने इस कार्रवाई से बाइक चोरी के तीन मामलों का भी खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार 4 जून को शिवाजी नगर थाने में आरती मॉल प्लाजा गेट नंबर-2 के पास से एक बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में सुराग मिला। 6 जून को आरोपी अपने साथी वसीम के साथ चोरी की बाइक पर KMP एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था।
पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और एक्सप्रेसवे से छलांग लगा दी। इस दौरान अजरुद्दीन के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि वसीम घायल हो गया। दोनों को सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के बाद रविवार को अजरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने गुरुग्राम में बाइक चोरी की दो अन्य वारदातें भी कबूल कीं। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
आरोपी के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी, हत्या के प्रयास, पुलिस कार्य में बाधा और शस्त्र अधिनियम समेत 27 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

