पंकज श्रीवास्तव/छपरा। सारण जिले के नगरा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, पांच चेसिस, तीन मोबाइल फोन तथा बड़ी मात्रा में कटे हुए बाइक के पुर्जे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में तीन बाइक चोर तथा दो कबाड़ी दुकानदार शामिल हैं जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

नगरा थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ नगरा चौक के आसपास घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान युवकों ने स्वीकार किया कि बरामद बाइक चोरी की है।

चोरी के बाद पुर्जों को बेचता था गिरोह

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक को काटकर उसके पुर्जे अलग-अलग कर दिए जाते थे और फिर उन्हें कबाड़ी दुकानदारों के माध्यम से बेचा जाता था। आरोपितों ने यह भी बताया कि वे नगरा चौक पर एक और बाइक चोरी करने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

निशानदेही पर दो कबाड़ी भी गिरफ्तार

गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने खैरा और जलालपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो कबाड़ी दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया। उनके ठिकानों से चोरी की मोटरसाइकिलों के पांच चेसिस तथा अन्य महत्वपूर्ण पुर्जे बरामद किए गए।

पांच आरोपित भेजे गए जेल

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के वर्णपुरा निवासी रवि कुमार, छितरौली निवासी शशि कुमार, गोविंदपुर निवासी महेश कुमार महतो, मानपुर निवासी मो. अफताब तथा जलालपुर थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा महाबीर चौक निवासी मो. मुस्तफा आलम के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष अभिनंदन यादव ने बताया कि इस मामले में नगरा थाना कांड संख्या 95/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से बाइक चोरी और उसके पुर्जों की अवैध बिक्री के धंधे में संलिप्त था। इस कार्रवाई में नगरा, खैरा और जलालपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।