Bilaspur News Update : बिलासपुर. प्रणवम फेस्टिवल के 5वें संस्करण का शनिवार को आगाज हुआ. कला, संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी अनूठी पहचान बना चुके प्रणवम फेस्टिवल के 5वें संस्करण की शुरुआत आज से हो रही है. 29 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में इस बार 1300 कलाकार सुर और ताल का जादू बिखेरंगे. इस साल का उत्सव पहले से कहीं अधिक भव्य और विविध होने जा रहा है. इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक महाकुंभ में 8 राज्य से आए कुल 1300 प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जो इस महोत्सव को एक नया आयाम देंगे. महोत्सव के आयोजक श्वेता नायर के अनुसार, इस पांचवें संस्करण को बेहद व्यापक रूप दिया गया है. इसमें संगीत और नृत्य की 20 अलग-अलग श्रेणियों को शामिल किया गया है. इन श्रेणियों में शास्त्रीय गायन, उप-शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वादन, और शास्त्रीय नृत्य (जैसे कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी) से लेकर समकालीन और लोक नृत्यों तक की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी. यह फेस्टिवल नए और उभरते कलाकारों के लिए एक बेहतरीन मंच साबित हो रहा है, जहां वे स्थापित उस्तादों और कला पारखियों के सामने अपनी प्रतिभा को साबित कर सकेंगे. 20 विभिन्न विधाओं में होने वाली इन प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों को लेकर दर्शकों और कला प्रेमियों में उत्साह रहा. विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्तर के आयोजन हमारी पारंपरिक विरासत को जीवित रखने और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. दर्शकों को विभिन्न प्रस्तुतियों का एक जीवंत मिश्रण देखने को मिलेगा, जिसमें 80 सोलो (एकल), 20 डुएट (युगल) और 20 ग्रुप (सामूहिक) प्रस्तुतियां शामिल हैं. जहां एकल प्रस्तुतियां व्यक्तिगत महारत और गहरी भावनात्मक अभिव्यक्ति को उजागर करेंगी, वहीं युगल प्रस्तुतियां कलात्मक तालमेल का बेजोड़ नमूना पेश करेंगी. दिन के समापन पर, बड़े पैमाने पर होने वाली सामूहिक प्रस्तुतियाँ उत्सव के मंच पर एक नई ऊर्जा, तालबद्ध कोरियोग्राफी और शक्तिशाली सामूहिक गान का जादू बिखेरेंगी.
मंदिर विवाद में महामंत्री रेहाना पर FIR, बीजेपी ने पद से हटाया
बिलासपुर. रतनपुर के महामाया मंदिर परिसर में हुए विवाद के मामले में भाजपा संगठन ने बड़ा एक्शन लिया है. वायरल वीडियो सामने आने और एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की महामंत्री रेहाना बेगम को पद से मुक्त कर दिया गया है. संगठन ने फैसला लिया है कि पुलिस की जांच पूरी होने तक रेहाना बेगम पद से मुक्त रहेंगी. इधर, महामाया मंदिर ट्रस्ट ने भी विवाद को लेकर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल बताए जा रहे चार दुकानदारों को दुकान हटाने का नोटिस जारी किया है. ट्रस्ट ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि दुकानदारों ने दुकानें नहीं हटाईं तो बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी. वायरल वीडियो के सामने आने के बाद से ही इस मामले को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है. अब भाजपा संगठन और मंदिर ट्रस्ट की कार्रवाई के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है.
रक्षाबंधन का उपहार, भाई को किडनी दान कर जीवन रक्षा
बिर्रा. रक्षा बंधन वैसे तो भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है परंतु यह पर्व दो भाईयों के स्नेह व समर्पण को ही मजबूत रखने का संदेश देता है. इस रक्षाबंधन पर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को एक अनमोल उपहार दिया. छोटे की जीवन रक्षा के लिए बड़े भाई ने किडनी डोनेट करके इस रक्षा बंधन की सार्थकता को साबित कर दिया. बता दें कि ग्राम सेमरिया, बिर्रा तहसील बम्हनीडीह निवासी सेवक राम कश्यप (शिक्षक) ने छोटे भाई राजेश कश्यप को अपनी किडनी दान क़र मिसाल पेश किया है. घर में बड़े भाई के इस त्याग को भरपूर प्यार मिला एवं इस दान से घर अपितु गांव व आस पास में इसकी खूब प्रसंशा किया जा रहा है.
पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली महिला की लाश
पेण्ड्रा. मरवाही थाना क्षेत्र के कटरा इलाके में शनिवार सुबह डेंगा नाला के पास धनुहारी टोला में एक महिला की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना पर मरवाही पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. मृतका की पहचान समरी बाई धनुहार, पति मोहर सिंह के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला शराब पीने की आदी बताई जा रही थी. बताया गया कि बीती रात वह अचानक घर से बाहर निकली थी. इसके बाद वापस नहीं लौटी. परिजनों ने पहले सोचा कि वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की गई. इसी दौरान धनुहारी टोला के पास डेंगा नाला क्षेत्र में लोगों ने महिला का शव पेड़ पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस महिला के घर से निकलने के बाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
सड़क निर्माण के दौरान पलटा टैंकर, चालक की गई जान
पेंड्रा. नेशनल हाईवे-45 पर जोगीसार गांव के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे ट्रैक्टर टैंकर के पलटने से चालक रोहित प्रजापति (23), पिता कोमल प्रजापति, निवासी खोड़ी की मौत हो गई. हादसे के बाद सड़क निर्माण के दौरान बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. दुर्घटना ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं या नहीं. सड़क निर्माण स्थल पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. ऐसे में पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, गति नियंत्रण और सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था जरूरी होती है. इसके बावजूद कई निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं. इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. जोगीसार के पास हुए हादसे में ट्रैक्टर टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक रोहित प्रजापति की जान चली गई. घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे वाहनों के संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर वाहन चालकों को निर्धारित गति से वाहन चलाने और सावधानी बरतने के लिए पर्याप्त संकेतक लगाए जाने चाहिए. लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.

बारिश से शहर जलमग्न
कोरबा. शहर में शनिवार को हुई बारिश ने तबाही ला दी. यह पहला अवसर है जब झमाझम बारिश के कारण शहर का सबसे बड़े नाला पूरे उफान पर आ गया. नाले का पानी सीतामढ़ी बस्ती, वैष्णव दरबार मोहल्ला, केंवट मोहल्ला सहित रिहायशी क्षेत्र में घुस गया. जिससे 100 से अधिक घर जल भराव की चपेट में आ गए. इससे सीतामढ़ी का प्राचीन राम गुफा मंदिर भी अछूता नहीं रहा. गुफा और घरों में पानी के घुसने से हड़कंप मचा रहा. जिससे स्थानीय लोगों में बरसात से पूर्व आक्रोश भी देखा गया.
सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग में एसईसीएल का डंपिंग एरिया स्थित है. शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण जोड़ा पुल के समीप स्थित जटराज बसावट की डंपिंग एकाएक सैलाब बनकर सड़क में आ गई. ठीक उसी वक्त कनबेरी की ओर से कार व यात्री बस गुजर रही थी. डंपिंग के मलबे में बस व कार के पहिए बुरी तरह से फंस गए. कार सवारों ने समय रहते बाहर निकल गए. सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेव व सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से भारी भरकम बुलडोजर मंगाकर कार व बस को निकालने का प्रयास शुरू किया. भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर कार व बस को निकालने में सफलता तो मिल गई, लेकिन मलबा वाहन के भीतर घुस चुका था, जिसके लिए फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


