Bilaspur News Update : बिलासपुर। चकरभाठा के ग्राम सेंवार में चोर कोठे में सेंध लगाकर कर बकरे-बकरियां चोरी कर ले गए। चोर ने दीवार में बड़ा छेद किया और वहां रखे 9 बकरे और 8 बकरियां पार कर दी। पूरी वारदात बाड़े में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक व्यक्ति दीवार के छेद से बकरे-बकरियों को बाहर निकालते नजर आ रहा है। ग्राम सेंवार निवासी किसान मुकेश वर्मा (27) ने धान मंडी के पास स्थित अपने प्लॉट पर बकरी पालन का काम करता है। 15 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह रोज की तरह बाड़े में ताला बंद कर अपने पुराने घर चला गया था। रात में पड़ोसी संतोष रजक ने उसे फोन कर सूचना दी कि बाड़े की दीवार टूटी हुई है और अंदर बकरियां नहीं दिख रही हैं। जब मुकेश और उसके पिता धन्नूलाल मौके पर पहुंचे तो 17 बकरे-बकरियां गायब थीं। बाड़े में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर पता चला कि तो 15 मार्च की रात 1 से 2 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति बाड़े की दीवार में किए गए छेद से एक-एक कर बकरे-बकरियों को बाहर खींचते हुए नजर आया। पीड़ित के अनुसार चोरी गए 17 नग मवेशियों की कुल कीमत एक लाख रुपए से अधिक है। हालांकि पुलिस ने उनकी कीमत 35 हजार बताई है। फिलहाल मामले में जुर्म दर्ज पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

जंगल की जमीन पर कब्जा कर बना रहा था खेत, ट्रैक्टर जब्त
बिलासपुर। जंगल की जमीन पर कब्जा करके उसे खेत बनाने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर चालक को वन विकास निगम के अमले में पकड़कर उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार आगे जांच के बाद अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा।
कोटा परियोजना मंडल बिलासपुर की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि भैंसाझार परिक्षेत्र के कक्ष कमांक पी -1608 में वन भूमि कब्जा करके ट्रैक्टर से अवैध रूप से जुताई करते खेत बनाने का प्रयास किया जा राह है। इस सूचना पर टीम मौके पर पहुंचे तो वहां पर हरा रंग का 1 नग सोल्ड ट्रैक्टर जब्त किया गया। वहीं ट्रैक्टर चालक लोरिकराम यादव वल्द बरातू यादव पता- फूलवारीपारा पोस्ट सिल्ली थाना-पाली जिला-कोरबा के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 (1) (ग) एवं धारा 52 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
अधिवक्ता से दिनदहाड़े 2 लाख की उठाईगिरी
कोरबा। कटघोरा में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बैंक ऑफ बड़ौदा से पैसे निकालकर निकले एक अधिवक्ता व व्यवसायी को चोरों ने बड़ी चालाकी से अपना शिकार बना लिया और कुछ ही सेकंड में 2 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता एवं व्यवसायी सुरेश शर्मा बैंक से नकदी निकालने के बाद अपनी गाड़ी की डिक्की में पैसों से भरा बैग रखकर वाहन में बैठे थे। इसी दौरान वे किसी व्यक्ति से बातचीत में व्यस्त हो गए। मौके का फायदा उठाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने गाड़ी की डिक्की से बैग पार कर दिया। जब तक सुरेश को भनक लगती तब तक चोर वहां से रफ्फूचक्कर हो गए थे। इसके बाद सुरेश शर्मा ने तत्काल कटघोरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया।
फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आया है, जिसने चेहरे पर रुमाल बांध रखा है और सिर पर टोपी पहनी हुई है। जिसने बड़ी चालाकी से गाड़ी के डिक्की से पैसा से भरा बैग को निकालता है और अपने साथी के साथ बाइक में बैठकर कटघोरा बस स्टैंड की ओर भाग गये। कटघोरा थाना प्रभारी ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पता तलाश की जा रही है।
बोलेरो को 80 लीटर डीजल के साथ सीआईएसएफ ने किया जब्त
कोरबा। गेवरा खदान से डीजल चोरी कर भाग रहे एक बोलेरो वाहन को सीआईएसएफ की टीम ने जब्त किया है और पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। संदिग्ध वाहन जूनाडीह रेलवे साइडिंग की ओर भागने लगा, जिसके बाद सीआईएसफ सुरक्षा बलों ने पीछा करते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन से कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा 22 वर्ष निवासी रेलवे फाटक के पास कुसमुंडा बताया। तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 12 बीयू 6589 से चार जरीकेन में करीब 80 लीटर डीजल और डीजल निकालने वाला पाइप बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एसईसीएल गेवरा खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर खड़े डंपर से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है। सीआईएसफ ने पकड़े गए आरोपी, बोलेरो वाहन तथा बरामद डीजल को दीपका पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में दीपका पुलिस जांच कर रही है। गश्त के दौरान सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम को एक संदिग्ध बोलेरो वाहन दिखाई दिया। टीम द्वारा वाहन का पीछा किया गया और सुरक्षा चौक के पास उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को स्पीड बढ़ाकर मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की गई।
अवैध रूप से संचालित दो क्लीनिक सील, दवाइयों की बनाई जब्ती
सक्ती। बगैर दस्तावेजों के चल रहे 2 क्लीनिक को सील किया गया है। साथ ही बडी संख्या में दवाईयां भी जब्त की गई है। मामला सक्ती एवं टेमर गांव का है। उक्त कार्रवाई नर्सिंग होम एक्ट के तहत की गई है। जिसके चलते अवैध क्लीनिक संचालकों में हडकंप मच गया है।
मंगलवार 17 मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर क्लीनिक एवं पैथॉलाजी लैब में जाकर जांच पडताल की। इस दौरान स्टेशन रोड सक्ती स्थित एक मकान में बिना वैध डिग्री और पंजीयन के मरीजों का इलाज करते हुए पाया गया। वहीं ग्राम टेमर क्षेत्र में भी बिना आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और पंजीयन के चिकित्सा कार्य किए जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिससे अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करना स्पष्ट हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से दोनों क्लीनिकों को बंद करा दिया। साथ ही आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि बिना वैध डिग्री, पंजीयन और अनुमति के किसी भी प्रकार का चिकित्सा कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नर्सिंग होम एक्ट सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी
कार्रवाई की जाएगी।
डोंगरगढ़-कोरबा से स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
कोरबा। जिले के उन यात्रियों की इच्छाएं हर नवरात्रि में अधूरी रह जाती है जो डोंगरगढ़ स्थित मां बम्बलेश्वरी का दर्शन पूजन करना चाहते हैं। यहां के लोगों को देवी दर्शन के लिए यहां कोई भी सीधी ट्रेन 1 नहीं है जो एक दिन में यात्रा पूरी कराकर वापस ला सके। हर बार की नवरात्रि के साथ इस बार भी ऐसी ट्रेन की सुविधा – पूजा स्पेशल अथवा मेला स्पेशल के रूप में देने की मांग रेल संघर्ष समिति कोरबा द्वारा की गई है।
यह मांग रेल संघर्ष समिति कोरबा के संरक्षक रामकिशन अग्रवाल व अंकित सावलानी ने डीआरएम को पत्र लिख कर की है। जिसमें कहा गया है कि चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हो रही है। बड़ी संख्या में कोरबा के लोग मां बम्लेश्वर की पूजा अर्चना, दर्शन करने जाते हैं। जिन्हें काफी परेशानी होती है। एक दिन में दर्शन पूजन कर वापस लौटने की कोई सुविधा नहीं होने से कमजोर आय वाले देवी मां के भक्तों को परेशान होना पड़ता है। अभी यहां से जो भी ट्रेन उस रूट से गुजरती हैं वे लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेने हैं। जिनका समय ऐसा है कि उनमें डोंगरगढ़ की यात्रा करना काफी महंगा साबित होता है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कोरबा से रायपुर के बीच नियमित चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस को नवरात्रि मेला तक कोरबा से डोंगरगढ़ तक चलाया जाए। इस व्यवस्था से डोंगरगढ़-कोरबा-डोंगरगढ़ के बीच किसी अतिरिक्त ट्रेन की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि प्रस्तावित ट्रेन का रैक रायपुर में 10.35 बजे से शाम 6.00 बजे कर खड़ा रहता है।
स्टेशन के पास रेल लाइन पर मिली आरक्षक की लाश
रायगढ़। रेलवे स्टेशन के पास एक आरक्षक की पटरी पर लाश मिली है, युवक आधी रात को लोअर और टीशर्ट में पटरी की ओर गया था। इसी दौरान अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया। जैसे की इसकी सूचना मिली, जीआरपी की टीम ने शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के आत्महत्या की है या कोई हादसा है। इसकी जांच में जीआरपी की टीम जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक सुजीत मिंज, पिता सूपरियान मिंज 26 साल, निवासी घरघोड़ा थाना के कया गांव का रहने वाला था। कुछ समय से रामभांठा में रहकर एसपी ऑफिस रायगढ़ में ड्यूटी करता था। कुछ समय पहले ही अनुकंपा नियुक्ति से पुलिस की नौकरी मिला था। क्वार्टर पुलिस लाईन में था मगर युवक रामभाठा में रहता था। 16-17 मार्च की रात करीब डेढ़ बजे युवक रेलवे स्टेशन की ओर गया था। बिलासपुर इंड की ओर 4 नंबर पटरी पर युवक किसी ट्रेन के चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जहां सुबह लोगों ने शव को देखा। जहां इसकी सूचना जीआरपी की टीम को दी गई। जहां शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले की विस्तृत जांच में जीआरपी रायगढ़ की टीम लगी हुई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

