Bilaspur News Update : बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में अवैध अप्रवासियों और अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और प्रभावी ऑपरेशन चलाकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है. प्राथमिक भौतिक सत्यापन के बाद सभी 23 संदिग्धों को रायपुर स्थित होल्डिंग सह डिटेंशन सेंटर (निरोध केंद्र) स्थानांतरित कर दिया गया है. वहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी को बांग्ला देश भेजने की औपचारिकता पूरी की जाएगी. खास बात यह है कि ये सभी संदिग्ध घुसपैठिए सिरगिट्टी इलाके में निवास कर रहे थे. पुलिस ने पूरी जांच पड़ताल के बाद इन्हें ऑपरेशन चला कर गिरफ्तार किया है. प्रदेश में बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत अनधिकृत व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उनके मूल देश डिपोर्ट (वापस भेजने) करने के लिए राज्य शासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे. इन निर्देशों के परिपालन में बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा तत्काल एक विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) का गठन किया गया. इस हाई-प्रोफाइल मुहिम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मिता कौर चावला को सौंपा गया, जिनके साथ 7 वरिष्ठ थाना निरीक्षकों की विशेष टीम तैनात की गई. पश्चिम बंगाल से मिली खुफिया जानकारियों और प्राथमिक पड़ताल के आधार पर बिलासपुर के थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया. उनकी पहचान और नागरिकता के दस्तावेजों के अंतिम सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक 4 सितंबर 2026 को सभी 23 संदिग्धों को कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर के होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध घुसपैठियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा. बिलासपुर जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में चलाए गए इस व्यापक सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लोग मिले, जिनके पहचान पत्रों और मूल निवास प्रमाण पत्रों पर गंभीर संदेह था. मामले की गहराई तक जाने के लिए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर जिलों तक पहुंची. वहां के स्थानीय पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से सीधी मुलाकात कर संदिग्धों के दस्तावेजों का गहन सत्यापन कराया गया और सीमावर्ती इलाकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं. इस सत्यापन में 23 संदिग्धों की कोई भी ऐसी जानकारी नहीं मिली, जिससे पता चल से कि वे भारतीय हैं. बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या बिना वैध कागजातों के रहने वाला व्यक्ति दिखता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है. पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
खपरगंज बवाल मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. खपरगंज बवाल मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष के फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर में जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया है. 28 अगस्त की रात खपरगंज में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव मामले में दूसरे पक्ष के फरार आरोपी अक्षय सिंह पिता अजीत सिंह 28 साल यदुनंदननगर गौर कालोनी, अभय शर्मा उर्फ जीनू पिता प्रमोद शर्मा 26 साल यदुनंदननगर गौर कालोनी, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू पिता राजेश गोस्वामी 21 साल टिकरापारा, सतानंद साहू पिता पिल्लू साहू 25 साल तिफरा भगत सिंह आजाद नगर निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके पूर्व इस पक्ष के आरोपी राजू यादव उर्फ नान पिता मुन्नी लाल यादव 30 साल कुंदरापारा, राकेश यादव उर्फ रिंकू पिता रमेश यादव 24 साल कुंदरापारा, छत्रपाल साहू पिता संतराम साहू 25 साल साइंस कालेज के सामने डबरीपारा निवासी को गिरफ्तार कर जेल भेज गया था. वहीं एक पक्ष से मास्टर माइंड सोहेल खान सहित 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. इस तरह से पुलिस ने अब तक दोनों पक्ष के 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 28 अगस्त की खपरगंज में सोहेल खान के साथ पकड़े गए आरोपी अक्षय सिंह, सतानंद साहू, मोहनीश गोस्वमी के साथ विवाद हुआ था. उसके बाद दोनों पक्ष ने भीड़ बुलाकर पत्थरबाजी कर खूनी संघर्ष का अंजाम दिया गया था. कोतवाली चौक से गोलबाजार सदरबाजार, सिम्स तिराहा मार्ग होते हुए चारों आरोपियों की की पैदल मार्च कर जुलूस निकाला गया है. जुलूस निकालकर संदेश दिया गया कि शहर की शांत फिजा पर जहर घोलने वालों के खिलाफ पुलिस इसी तरह से सख्ती से कार्रवाई करेगी. एडीशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है. शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी. उस पक्ष के फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अब तक दोनों पक्षों के 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जलभराव की समस्या को लेकर होगा प्रदर्शन
अकलतरा. नगर के वार्ड क्रमांक 11 में पीपल पेड़ से यादव भवन के पास तक सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है. वार्ड पार्षद शेख सीतारा मनोज टंडन के नेतृत्व में 6 सितंबर को सुबह 8 बजे से यादव भवन के पास धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. वार्डवासियों ने प्रशासन से जलनिकासी, नालियों की सफाई और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराने की मांग की है. वार्डवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण बारिश एवं नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है. कई महीनों से समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर गंदे पानी के जमाव के बीच स्कूली बच्चों, आमजन और वार्डवासियों को आवाजाही करनी पड़ रही है. वहीं जलभराव के कारण आसपास के घरों में भी नाली का गंदा पानी घुसने की शिकायत है. वार्डवासियों ने इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई है. वार्डवासियों के अनुसार इस सड़क के निर्माण का टेंडर नगर पालिका परिषद में होने के बावजूद सीएमओ द्वारा उसे निरस्त कर दिया गया. वार्डवासियों एवं पार्षद द्वारा कई बार समस्या से नगर पालिका एवं प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं होने से नाराजगी है. समस्या के निराकरण की मांग को लेकर वार्डवासी अब आंदोलन की तैयारी में हैं.
वेज बिरयानी में निकला चिकन
रायगढ़. शहर के शहीद चौक स्थित जेके रेस्टोरेंट में खान-पान की शुद्धता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां शुद्ध शाकाहारी भोजन करने पहुंचे एक ग्राहक को वेज बिरयानी में कथित तौर पर चिकन और हड्डी का टुकड़ा परोस दिया गया. घटना से आहत ग्राहक ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई है. वहीं खाद्य विभाग और कलेक्टर से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने की तैयारी की जा रही है. पीड़ित आशुतोष सिंह ने बताया कि वे पूरी तरह से शाकाहारी हैं. वे भोजन करने के लिए शहीद चौक स्थित जेके रेस्टोरेंट पहुंचे थे, जहां उन्होंने वेज भोजन के साथ वेज बरियानी का ऑर्डर दिया था. आरोप है कि खाना खाने के दौरान अचानक बिरयानी में चिकन का टुकड़ा और हड्डी का हिस्सा निकल आया. यह देखकर वे दंग रह गए और तत्काल रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को बुलाकर विरोध जताया. पीड़ित के अनुसार, आपत्ति जताने पर वरेस्टोरेंट के स्टाफ और संचालक विजय खत्री ने गलती स्वीकार करते हुए उनसे माफी मांगी. हालांकि आशुतोष सिंह का कहना है कि मामला केवल भोजन में हुई सामान्य गलती का नहीं, बल्कि उनकी आस्था, विश्वास और भावनाओं से जुड़ा है. उनका कहना है कि इतनी गंभीर लापरवाही के बाद केवल माफी मांग लेना पर्याप्त नहीं है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए. आशुतोष सिंह ने इस संबंध में कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि वे मामले की शिकायत खाद्य विभाग और रायगढ़ कलेक्टर से भी करेंगे, ताकि घटना की जांच कर रेस्टोरेंट प्रबंधन की जिम्मेदारी तय की जा सके.
मटका बांधने के दौरान युवक की करंट से मौत
बिलासपुर. जन्माष्टमी की तैयारी के बीच एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. राजीव गांधी चौक, जरहाभाठा में मटका बांधने के लिए स्वागत गेट के ऊपर चढ़ा 19 वर्षीय युवक हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था. 2 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान रेहान खान 19 वर्ष पिता स्वर्गीय कल्लू खान, निवासी कुम्हारपारा, राजीव गांधी चौक जरहाभाठा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी पर्व को लेकर राजीव गांधी चौक के पास स्वागत के ऊपर चढ़कर रेहान मटका बांधने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट की चपेट में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने घायल रेहान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा था. डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के बावजूद उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी. आखिरकार शनिवार तड़के करीब 3:50 बजे रेहान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. 19 साल की उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जन्माष्टमी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने बिजली लाइनों के आसपास उत्सव की सजावट और ऊंचे स्थानों पर काम करते समय सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है. पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच में जुटी है.



