Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर की मोपका चौकी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. हत्या की साजिश रचने और देशी कट्टा-कारतूस उपलब्ध कराने वाला शातिर आरोपी कुंदन सागर (निवासी राजगंगपुर) पिछले 5 साल से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस टीम ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल, साल 2021 में आरोपी सुमेश कश्यप, करण कश्यप और किशन कश्यप ने पुरानी रंजिश के चलते मोंटी कश्यप की हत्या की साजिश रची थी, जिसके लिए कुंदन ने ही हथियार सप्लाई किए थे. पुलिस ने 23 अक्टूबर 2021 को मुख्य आरोपी सुमेश कश्यप को बंगालीपारा से गिरफ्तार कर उसके पास से कट्टा और कारतूस बरामद किया था, जबकि कुंदन तब से फरार था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115, 120बी IPC और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है.
पुलिस ने 3 जुआरी को किया गिरफ्तार
बिलासपुर. बिल्हा थाना क्षेत्र के उड़नताल गांव में नदी किनारे चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने घेराबंदी कर रेड मारी है. पुलिस ने अग्रवाल फार्म हाउस के पीछे हार-जीत का दांव लगा रहे 3 जुआरियों, मनीष टंडन, हरीश यादव और लक्ष्मण भारद्वाज को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. जुआ फड़ से पुलिस ने 8,090 रुपए नकद, 3 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं. बिल्हा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बालिकाओं से छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी अरेस्ट
बिलासपुर. देवरीखुर्द इलाके में बालिकाओं से अशोभनीय व्यवहार, अभद्र टिप्पणियां और छेड़छाड़ करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा है. तोरवा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी संदीप जगत को गिरफ्तार कर लिया है. नाबालिग लड़कियों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है.
म्यूल अकाउंट मामले में 2 गिरफ्तार
बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तोरवा पुलिस ने तितली चौक के पास घेराबंदी कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी प्रियांशु वस्त्रकार और अनिल गजभिये, आम लोगों को मोटे कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों की जानकारी (म्यूल अकाउंट) जुटाते थे और उन्हें साइबर ठगों को बेच देते थे. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से कई बैंक खातों और पासबुक की डिटेल बरामद की है. फिलहाल डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
जुआरियों पर एक्शन, 8 गिरफ्तार
बिलासपुर. सरकंडा पुलिस ने टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर खमतराई के एक खुले खेत में चल रहे जुआ फड़ पर छापेमारी की. पुलिस को देखकर कुछ जुआरी तो मौके से भागने में कामयाब रहे, लेकिन पुलिस ने 8 जुआरियों को ताश के 52 पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. मौके से 14,700 रुपए नकद और जुआ खेलने का सामान जब्त किया गया है. पकड़े गए सभी आरोपी बिलासपुर शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं, जिनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत जुर्म दर्ज किया गया है.
दुष्कर्म का आरोपी भेजा गया जेल
रायगढ़. महिला पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है. पीड़िता की मां के द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की गई और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि 27 मई 2026 को थाना चक्रधरनगर क्षेत्र की एक महिला ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री के साथ युवक कुश सिदार उर्फ छोटे द्वारा दुष्कर्म किया गया है. महिला ने बताया कि वह 25 मई को अपने कार्य से ओडिशा गई हुई थी. उसी दौरान कुश सिदार उर्फ छोटे घर आया और उसके साथ गलत कार्य किया. इसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी कुश सिदार उर्फ छोटे पिता चैन सिंह के विरुद्ध धारा 64(2) (के) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.
सड़क मरम्मत कार्य के चलते कन्हाईबंद अंडरब्रिज बंद
जांजगीर-चांपा. कन्हाई बंद रेल अंडरब्रिज में सड़क मरम्मत एवं अन्य कार्य प्रगति पर है. जिसके कारण 31 मई तक अंडरब्रिज बंद रहेगी. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अंतर्गत जांजगीर नैला-कापन स्टेशनों के मध्य किमी 677/31-678/01 में स्थित कन्हाई बंद रेल अंडरब्रिज पर सड़क आवागमन को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़क मरम्मत का कार्य प्रगति पर है. उक्त कार्य के फलस्वरूप इस रेल अंडरब्रिज को दिनांक 10 मई से 25 मई तक सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद रखा गया था. किन्तु कार्य के दौरान कुछ अतिरिक्त तकनीकी कार्य जुड़ जाने के कारण अब इस रेल अंडरब्रिज को सड़क यातायात हेतु 31 मई तक पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया गया है.

