Bilaspur News Update : बिलासपुर. एसएसपी रजनेश सिंह ने रविवार को थाना तखतपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और बीट व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने थाना क्षेत्र में अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के सख्त निर्देश दिए. तखतपुर थाना क्षेत्र में कुल 79 ग्राम आते हैं, जिनमें 14 ग्रामों को झगड़ालू ग्राम के रूप में चिन्हांकित किया गया है. इन गांवों में अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक मिलने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में पदस्थ प्रकाश ठाकुर, ओंकार सिंह, आशीष वस्त्रकार के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थी. वहीं इन तीनों पुलिसकर्मी द्वारा बार-बार अपनी पोस्टिंग तखतपुर थाने में करा लेते थे. अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क को लेकर उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया. एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए. बाउंड का उल्लंघन करने पर नियमानुसार राशि जब्त करने को कहा गया. वहीं, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई. एसएसपी ने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं.

108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी

बिलासपुर. रायगढ़ से बिलासपुर आए एक दंपती के लिए शुक्रवार की सुबह यादगार बन गई, जब प्रसव पीड़ा बढ़ने पर महिला ने 108 एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया. कठिन परिस्थिति में ईएमटी उमा साहू ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया. इसके बाद जच्चा-बच्चा दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सुरक्षित बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार 21 अगस्त की सुबह करीब 7:10 बजे रायगढ़ निवासी मनोज मानिकपुरी अपनी पत्नी कविता मानिकपुरी के साथ किसी काम से बिलासपुर आए थे. इसी दौरान कविता को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही ऑन ड्यूटी ईएमटी उमा साहू और पायलट कुंदन यादव एंबुलेंस लेकर मौके के लिए रवाना हुए. एंबुलेंस से कविता को अस्पताल ले जाया जा रहा था. रास्ते में प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई. स्थिति को देखते हुए ईएमटी उमा साहू ने पायलट कुंदन यादव से एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोकने के लिए कहा. इसके बाद उन्होंने मनोज मानिकपुरी की मदद से एंबुलेंस में ही प्रसव कराने की प्रक्रिया शुरू की. प्रसव के दौरान बच्चे की नाल फंस जाने से स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई. ऐसे समय में उमा साहू ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए आवश्यक सावधानी बरती और प्रसव सुरक्षित कराया. इसके बाद मां और नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया. अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं. इस घटना में ईएमटी उमा साहू और पायलट कुंदन यादव की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है. समय पर एंबुलेंस पहुंचने और उमा साहू की सूझबूझ से मां और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका.

सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना

कोरबा. शहर के घंटाघर-बुधवारी मार्ग स्थित पावर हाइट्स कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मकान की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे व अलमारी खंगालकर सामान चोरी कर लिया. चोरी मून ब्लॉक निवासी विशाल गुप्ता के मकान में हुई है, जो बालको प्लांट में नियोजित LIPL ठेका कंपनी में अधिकारी हैं. बताया जा रहा है कि शनिवार रात रिश्तेदार के निधन की सूचना मिलने पर विशाल मकान में ताला लगाकर रवाना हुए थे. उनके जाने के कुछ ही घंटों बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वहां लगे CCTV कैमरे खराब बताए जा रहे हैं.

एक ही रात दो दुकानों में चोरी, लाखों का सामान पार

रायगढ़. घरघोड़ा के हृदय स्थल जय स्तंभ क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो बड़ी दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया. चोरी संतोष किराना और गोकुल चंद मामराज दुकान में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोरों ने दुकान की छत में छेद कर अंदर प्रवेश किया और सामान लेकर फरार हो गए. सुबह दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद घरघोड़ा पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

शराब पीने नहीं दिए पैसे तो मारा चाकू

बिलासपुर. शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया. घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटे के भीतर तारबाहर पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. टीआई रविशंकर तिवारी ने बताया कि प्रार्थी संतोष ध्रुव अपने घर के बाहर मौजूद था. इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला अनिकेश साहू उर्फ निक्की उर्फ बाला (24), निवासी डीपूपारा तालाब के पास, तारबाहर, वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा. प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया. प्रार्थी की रिपोर्ट पर तारबाहर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को देखा तो वह भागने लगा. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.  

बाइक की डिक्की से मिला 2 KG गांजा

जांजगीर-चांपा. 2 किलो गांजा के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. मोटर साइकिल की डिक्की में रखकर लगभग 1 लाख रुपए के गांजे की तस्करी की जा रही थी. इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 22 अगस्त को थाना नवागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि खलील मोहम्मद निवासी वार्ड क्रमांक 1 नवागढ़, थाना नवागढ़ द्वारा अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में मादक पदार्थ गांजा बिक्री करने के उद्देश्य से रखा हुआ है. नवागढ़ पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई. पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा. आरोपी के मोटर सायकल को विधिवत तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से 2 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी

अनुमानित कीमत 1 लाख रुपए है. मामले में आरोपी खलील मोहम्मद निवासी नवागढ़ के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. खलील मोहम्मद उम्र 46 साल निवासी वार्ड क्रमांक 01 नवागढ़, थाना नवागढ़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

गैर इरादतन हत्या मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है. मामला 29 मई का है, जब पूर्व रंजिश के चलते ईश्वर गोड के साथ मारपीट की गई थी. गंभीर रूप से घायल ईश्वर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में मनोज वाडेकर, प्रत्युन साह और संतोष पासवान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H