Bilaspur News Update : बिलासपुर. वन विभाग ने सागौन की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. टीम ने जोगीपुर-रतनपुर रोड पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन और बाइक को जब्त किया. आरोपियों के कब्जे से सागौन के 11 लठ्ठ बरामद किए गए हैं. वन विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है.
RPF जवान का हथियार चोरी, आरोपी को 6 साल की सजा
बिलासपुर. आरपीएफ जवान के हथियार चोरी मामले में विशेष रेलवे न्यायालय ने आरोपी रंजीत मरकाम को 6 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. ट्रेन यात्रा के दौरान जवान के बैग से दो पिस्टल, 24 कारतूस और चार मैगजीन चोरी हो गई थीं. जीआरपी बिलासपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर चोरी गए सभी हथियार और कारतूस बरामद कर लिए थे.
शिवनाथ नदी में बहकर युवक की मौत
बिलासपुर. जोंधरा गांव में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया युवक तेज बहाव में बह गया. हादसे में जोंधरा निवासी सुखदेव केंवट की मौत हो गई. संतुलन बिगड़ने से वह नदी में डूब गया था. बिलासपुर, बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा पुलिस के साथ एसडीआरएफ ने संयुक्त तलाश अभियान चलाया. देर रात पामगढ़ क्षेत्र के पास शव दिखाई दिया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
राजकिशोर नगर में युवकों की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल
बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर में कुछ युवकों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वीडियो में बदमाश युवकों को केबल तार, लात-घूंसों से पीटते और पत्थर से हमला करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे. वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

एक ही परिवार के 3 बच्चे मलेरिया संक्रमित
बिलासपुर. कोटा वन क्षेत्र में मलेरिया ने एक बार फिर दस्तक दी है. औरापानी जंगल क्षेत्र में एक ही परिवार के 10 से 14 वर्ष आयु के तीन बच्चे मलेरिया संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें सिम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 150 ग्रामीणों की जांच शुरू कर दी. कोटा क्षेत्र के 72 गांव पहले से मलेरिया प्रभावित हैं और लगातार बारिश के चलते संक्रमण का खतरा बढ़ गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


