Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर के तोरवा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने महमंद बायपास रोड से आरोपियों के कब्जे से 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा-पोस्ता बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है. गिरफ्तार आरोपियों में दो पंजाब, एक बिलासपुर और एक मुंगेली का निवासी है. पुलिस को देखकर चारों भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया. उनके थैले से छह पॉलिथीन पैकेटों में रखा प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ. आरोपियों के पास नशीले पदार्थ रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला. मामले में तोरवा थाना में अपराध क्रमांक 379/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
रेलवे स्टेशन 55 किलो गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर. बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त किया है. इस मामले में दो महिलाओं समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजा की कीमत करीब 27.57 लाख रुपये आंकी गई है. आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और गांजा को 32 पैकेटों में छिपाकर ले जा रहे थे. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. जीआरपी का दावा है कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है.
जांच में 36 स्कूल बस अनफिट मिले
बिलासपुर. स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर बिलासपुर प्रशासन ने स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान 212 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से 36 बसें अनफिट पाई गईं. नियमों के उल्लंघन पर 10 बसों पर कुल 39,900 रुपये का जुर्माना लगाया गया. जांच में 12 बसों में सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले, जबकि कई बसों में अन्य सुरक्षा मानकों की भी कमी पाई गई. प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूलों और संचालकों को 15 जुलाई तक कमियां दूर करने का अल्टीमेटम दिया है. वहीं, 212 ड्राइवर और कंडक्टरों के स्वास्थ्य परीक्षण में 29 लोग शुगर और 23 लोग हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित पाए गए.
नाबालिग का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. सीपत क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर अपहरण करने वाले आरोपी को सीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार 1 जुलाई को प्रार्थी ने थाने पहुंचकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर भगाकर ले गया है. सीपत पुलिस ने तत्काल पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की बालिका को उमेश अनंत पिता रामकुमार अनंत 19 वर्ष लीमभाठा, बलौदा जिला जांजगीर चांपा भगाकर ले गया है. सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने लीमभाठा में दबिश दी और आरोपी उमेश अनंत के कब्जे से बालिका को छुड़ाया और पुलिस ने आरोपी उमेश को गिरफ्तार किया.
नशे में पानी निकालते गहरे कुएं में गिरा युवक, गई जान
कोरबा. नशे में धुत युवक पानी निकलते समय गहरे कुएं में गिर गया. अपने भाई की जान खतरे में देख छोटी बहन ने भी कुएं में छलांग लगा दी. वह काफी देर तक भाई को बाहर निकालने की कोशिश करती रही, लेकिन सफल नही हो सकी. उसकी चीख पुकार सुनकर पहुंचे बस्तीवासियों ने युवक को कुएं से बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया, तब तक देर हो चुकी थी.
डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया. घटना सिविल लाइन थानांतर्गत डिंगापुर बस्ती की है. बस्ती में अभिषेक खलखो 27 वर्ष अपने तीन भाई व छोटी बहन निकिता खलखो के साथ रह रहा था. वह एक कंपनी में काम करता था. अभिषेक कभी कभार शराब का सेवन भी कर लेता था. वह शनिवार की शाम करीब चार बजे नशे की हालत में घर पहुंचा. इसके बाद समीप ही स्थित कुएं में पानी के लिए चला गया. अभिषेक रस्सी बाल्टी में कुएं से पानी निकाल रहा था. इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा. उसे गिरते देख छोटी बहन निकिता भी भागते हुए पहुंची. उसने बड़े भाई को पानी में डूबते देख खुद की जान जोखिम में डाल कुएं में छलांग लगा दी. निकिता काफी देर तक भाई को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह सफल नही हुई.
आखिरकार वह जैसे तैसे सीढ़ी के सहारे कुएं से बाहर निकली. उसने बचाव के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया. उसकी चीख पुकार सुनकर बस्तीवासी मौके पर पहुंचे. इस बीच अभिषेक का बड़ा भाई भी पहुंच गया. उन्होंने किसी तरह रस्सी की मदद से अभिषेक को बाहर निकाला. तत्पश्चात उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत अभिषेक को मृत घोषित कर दिया. मामले में मेमों के आधार पर अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

दो हफ्तों से लापता नाबालिग प्रांशु की तलाश में पुलिस
सक्ती. परसदा खुर्द में 13 वर्षीय बालक कपिल केंवट की हत्या और खेत में दफन शव मिलने की हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद अब 14 दिनों से लापता 14 वर्षीय प्रांशु साहू पिता दिनेश साहू बेल्हाडीह का मामला भी लोगों की चिंता का बड़ा विषय बन गया है. जहां एक ओर परसदा खुर्द की घटना ने यह साबित कर दिया कि लापता बच्चों के मामलों को हल्के में नहीं लिया जा सकता. वहीं दूसरी ओर प्रांशु के माता-पिता हर गुजरते दिन के साथ डर, बेचैनी और अनिश्चितता के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं. प्रांशु साहू के के लापता होने के बाद से उसका परिवार लगातार पुलिस अधिकारियों से बेटे की तलाश तेज करने की मांग कर रहा है. परिजनों का कहना है कि उन्होंने हर संभव स्तर पर गुहार लगाई, लेकिन 14 दिन बीत जाने के बाद भी उनके बेटे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिवार की आंखें आज भी हर आहट और हर फोन कॉल पर टिक जाती हैं, इस उम्मीद में कि शायद कोई अच्छी खबर मिले. परसदा खुर्द में पहले एक बालक के लापता होने और बाद में उसकी हत्या का खुलासा होने से प्रांशु के परिजनों की चिंता कई गुना बढ़ गई है. उनका कहना है कि जब भी किसी लापता बच्चे की खबर सामने आती है, उनका मन आशंकाओं से भर जाता है. हालिया घटना ने पूरे परिवार को मानसिक रूप से झकझोर दिया है और अब उन्हें हर पल किसी अनहोनी का भय सता रहा है. प्रांशु के माता-पिता का कहना है कि उन्हें किसी से शिकायत नहीं, बल्कि सिर्फ अपने बेटे की तलाश चाहिए. उनका आग्रह है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए खोज अभियान को और तेज किया जाए, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, संभावित संपर्कों और अन्य सभी पहलुओं पर गहन जांच कर जल्द से जल्द प्रांशु का पता लगाया जाए.
प्रांशु साहू के लापता होने का मामला अब केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं रह गया है, बल्कि जिलेभर में चर्चा का विषय बन चुका है. परसदा खुर्द की घटना के बाद लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि लापता बच्चों के मामलों में शुरुआती स्तर पर तेज और व्यापक खोजबीन कितनी आवश्यक है. स्थानीय लोग भी उम्मीद कर रहे हैं कि प्रांशु का जल्द पता चले और परिवार की लंबे समय से चली आ रही चिंता समाप्त हो. फिलहाल प्रांशु साहू की तलाश जारी है. परिवार आज भी उसी उम्मीद के सहारे है कि उनका बेटा सकुशल घर लौटे और 14 दिनों से पसरा इंतजार खत्म हो.
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रांशु साहू के लापता होने के मामले को पुलिस पूरी गंभीरता से ले रही है. उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मामले में उपलब्ध सभी तथ्यों, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. जिले की पुलिस टीम लगातार सक्रिय है और परिजनों के साथ भी निरंतर संपर्क में है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

