Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर चतुर्वेदी कॉलोनी में देर रात घर के अंदर करीब 6 फीट लंबा अहिराज सांप निकलने से हड़कंप मच गया. सांप को देखते ही घरवालों ने इसकी सूचना स्नेक रेस्क्यू टीम को दी. मौके पर पहुंची टीम ने सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू किया और बाद में उसे कोनी के जंगल में छोड़ दिया.

स्कूटी से देशी शराब ले जा रहे दो नाबालिग पकड़े गए

बिलासपुर जिले में बिल्हा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी से 40 नग देशी शराब ले जा रहे दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है. आरोपियों के कब्जे से कुल 7.2 लीटर देशी शराब बरामद की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों दगौरी शराब भट्ठी से शराब खरीदकर ले जा रहे हैं. इसके बाद उड़गन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया. तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 20 नग और सफेद झोले से 20 नग देशी प्लेन शराब बरामद हुई. बिल्हा पुलिस की अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है.

कोर्ट के सामने अधिवक्ता के साथ मारपीट

बिलासपुर. जिला न्यायालय के सामने कार को सड़क में अड़ाकर खड़े करने से मना करने पर युवकों ने अधिवक्ता से विवाद किया. इसके बाद रात को अधिवक्ता से मारपीट कर दी. साथ ही बदमाशों ने अधिवक्ता पर चाकू से हमला किया. घायल अधिवक्ता ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है. इस पर पुलिस ने मारपीट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में जुर्म दर्ज कर लिया है. इधर हमले के बाद आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गए हैं. पुलिस बदमाशों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है. सिविल लाइन क्षेत्र के 27 खोली इंद्रसेन नगर में रहने वाले सत्यम सिंह (27) अधिवक्ता हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर वे अपने काम से जिला न्यायालय गए थे. अपना काम निपटाने के बाद वे घर लौट रहे थे. रास्ते में शिव मंदिर के पास एक कार का ड्राइवर गलत तरीके से सड़क पर वाहन खड़े कर दिया था. इसे देख अधिवक्ता ने ड्राइवर को वाहन सड़क किनारे करने के लिए कहा. इसी बात को लेकर ड्राइवर ने अधिवक्ता से गाली-गलौज करते हुए देख लेने की धमकी दी. इधर अधिवक्ता अपना काम खत्म कर जांजगीर स्थित नहरिया बाबा मंदिर दर्शन के लिए चले गए. दर्शन के बाद रात करीब आठ बजे वे शहर पहुंचे. मोहल्ले के पास पहुंचने पर एक्टिवा सवार लोगों ने उनका पीछा करते हुए गाड़ी रोकने के लिए कहा. इस पर अधिवक्ता ने अपनी कार रोक दी. बातचीत करने के लिए अधिवक्ता ने जैसे ही कार का शीशा नीचे किया एक्टिवा से उतरा एक युवक उनकी कार का दरवाजा खोलकर अंदर चला गया. उसने अधिवक्ता से मारपीट की.

एक ही रात में तीन लोगों से लूटपाट

बिलासपुर.सेंदरी-मोपका बाइपास रोड पर चार बदमाशों ने एक ही रात में तीन लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट की. लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों को रोककर चाकू अड़ाया और मारपीट भी की. तीन घटनाओं में बदमाश मोबाइल, बैग और अन्य सामान समेत करीब 71 हजार रुपये का माल लूटकर सेंदरी की ओर भाग गए. मामले में सरकंडा पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ धारा 309 (4) और 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सरकंडा क्षेत्र के ग्राम नगोई निवासी टिकेश्वर मश्रिा रविवार की रात ड्यूटी से लौट रहे थे. रात करीब 11 बजे बैमा नगोई मार्ग बाइपास रोड के पास चार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली. आरोपितों ने बेल्ट से उनके साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर मोबाइल तथा काले रंग का बैग लूट लिया. बैग में एसबीआइ एटीएम, पोस्ट आफिस पासबुक कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, रेनकोट, टिफिन बाक्स और मोबाइल चार्जर था. मारपीट में टिकेश्वर के बाएं हाथ में चोट आई. इसी दिन शाम करीब 6:30 बजे सेंदरी-मोपका बाइपास के पास उनके मत्रि अभिनव शास्त्री को भी बदमाशों ने घेर लिया. गले में चाकू अड़ाकर मोबाइल और डार्क ब्लू रंग का बैग लूट लिया गया. बैग में पैन कार्ड और आधार कार्ड था. रात करीब 9 बजे इसी बाइपास रोड पर नितेश यादव को भी चार बदमाशों ने चाकू अड़ाकर रोक लिया और उनके दो मोबाइल लूट लिए. दोनों मोबाइल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है.

सेंदरी-मोपका बाइपास में हुई तीनों लूट की घटनाओं में बदमाशों का तरीका एक जैसा रहा. चार युवक लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पैशन प्रो बाइक पर सवार होकर पहुंचे और राहगीरों को रोककर चाकू की नोक पर सामान लूटा. एक मामले में टिकेश्वर मश्रिा से बेल्ट से मारपीट भी की गई. पुलिस को आशंका है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह हो सकता है. बदमाश वारदात के बाद सेंदरी की ओर भागे. पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर जांच कर रही है.

बदमाशों ने तीनों पीड़ितों से मुख्य रूप से मोबाइल और बैग लूटे. टिकेश्वर मश्रिा का मोबाइल, एटीएम, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत करीब 20,500 रुपये का सामान गया. अभिनव शास्त्री से मोबाइल और दस्तावेज वाला बैग, जबकि नितेश यादव से दो मोबाइल लूटे गए. कुल नुकसान करीब 71,500 रुपये बताया गया है. घटना के बाद बाइपास मार्ग से गुजरने वाले लोगों में भी दहशत है. पुलिस ने अज्ञात आरोपि के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. बताया जाता है कि पुलिस को बदमाशों के संबंध में महत्त्वपूर्ण सुराग मिले हैं. इसके आधार पर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने वाला गिरफ्तार

सक्ती. शहर के महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर से भगवान साईं का चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले का सक्ती पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया है. मामले में मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के रहने वाले सतीश दुबे और रायगढ़ जिले के ननकी राम चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सतीश दुबे के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से उसके संबंधों की भी चर्चा सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि वह पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और मंदिरों को निशाना बनाता रहा है. ऐसे में उसके पुराने रिकॉर्ड की आधिकारिक जानकारी सामने आने पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह किन-किन मंदिर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान सतीश दुबे पिता महेश दुबे, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बिछुआ जिला नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) से पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने अपने सहयोगी ननकी राम चौहान पिता लखन राम चौहान 44 वर्ष, निवासी ग्राम खम्हार चौकी जोबी थाना खरसिया जिला रायगढ़ के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया. भगवान साईं का 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया गया. इसकी अनुमानित कीमत 95 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मुकुट को विधिवत जब्त कर अपने कब्जे में लिया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H