Bilaspur News Update : बिलासपुर. जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुरदुर में शनिवार को मलेरिया के 6 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. संक्रमितों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया है. अन्य पांच मरीजों का इलाज उनके घर पर ही स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मलेरिया की पुष्टि होने के बाद प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल टीम को तत्काल सक्रिय कर दिया गया. टीम द्वारा मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराते हुए नियमित उपचार शुरू कराया गया है. साथ ही गांव में घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण मिलने पर समय रहते उपचार किया जा सके. वही विभाग की ओर से ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है. लोगों को मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा तेज बुखार, ठंड लगना या शरीर दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है. सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. आवश्यकतानुसार रक्त जांच, दवा वितरण और फॉगिंग जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके. विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर इलाज में देरी न करें.

निर्माणाधीन मकान में करंट से मिस्त्री की मौके पर मौत

चकरभाठा. नगर पालिका परिषद बोदरी के वार्ड क्रमांक 14 में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हुए हादसे में करंट लगने से मिस्त्री संतोष केंवट की मौत हो गई. हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. साथी मजदूरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल मिस्त्री को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष केवट पिता गंगाराम केवट उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पंचायत चकरभाठा बस्ती के रूप में हुई है. संतोष पेशे से मिस्त्री था और मकानों ठेका लेकर कार्य के निर्माण का करता था. शनिवार को वह चकरभाठा के वार्ड क्रमांक 14 स्थित आशुतोष कटकवार के निर्माणाधीन मकान में अन्य मजदूरों के साथ लोहे की सरिया काटने का काम कर रहा था. इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे रॉड काटने वाली मशीन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया. मशीन के संपर्क में आते ही संतोष को तेज बिजली का झटका लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा. साथ में काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत मशीन बंद कर उसे बचाने का प्रयास किया और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी. घायल संतोष को तुरंत बिलासपुर सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा मशीन में करंट आने की वजह का पता लगाया जा रहा है. इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखो का पहाड टूट पड़ा है वह अपने परिवार का कमाने वाला अकेला सदस्य था.

ट्रेन के सामने कूद कर युवक ने दी जान

जांजगीर-चांपा. रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने लेटकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल अग्रवाल, निवासी जांजगीर, के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. साथ ही मृतक के परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके. नैला चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है.

गोलीकांड मामले में सगे भाई बहन को आजीवन कारावास

रायगढ़. न्यायालय अभिषेक शर्मा अपरसत्र न्यायाधीश घरघोड़ा ने अभियुक्त गोपाल यादव एवं अभियुक्ता लक्ष्मी यादव को मृतका दुरपती यादव की गोली मारकर हत्या करने के अपराध में दोषी ठहराते हुए दोनों भाई बहन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा अर्थ दंड से दंडित किया.

मामले को संक्षिप्त विवरण बताते हुए अपर लोक अभियोजक राजेश सिंह ठाकुर ने बताया कि थाना लैलूंगा अंतर्गत ग्राम दियागढ़ के हरिराम यादव ने थाना लैलूंगा में रात्रि लगभग 2:20 बजे फोन कर सूचना दिया कि उनके गांव में गोली चली है सूचना पाकर तत्कालीन थाना प्रभारी आर एस तिवारी दलबल सहित ग्राम दियागढ़ जाकर घटना के संबंध में जानकारी लिए तब सूचना कर्ता हरिराम यादव ने बताया कि वह घटना की दरमियानी रात को 9 बजे परिवार सहित अपने इंदिरा आवास स्थित मकान में सोया थाए तथा उसकी मां घर के बाहर गली खोल में खाट बिछाकर सोई थी रात्रि लगभग 2 बजे उनका पालतू कुत्ता बहुत जोर. जोर से भौंकने लगा तब वह उठकर देखा तभी उसका भाई दशरथ भी साथ साथ उठा और दोनों दरवाजा खोल रहे थे उसी समय बाहर गोली चलने की आवाज आई और दोनों हड़बड़ा कर बाहर निकल कर देखें एतो अभियुक्त गोपाल यादव एवं विधि के साथ संघर्षरत बालक उनकी माता दुरपती यादव को सीने में गोली मार कर हत्या कर मोटरसाइकिल से भाग रहे थे गोली की आवाज सुन एवं हल्ला गुल्ला सुन कर गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गए और थाने में सूचना दिया था. उक्त सूचना के आधार पर तत्कालीन थाना प्रभारी आर एस तिवारी ने अपने आला अधिकारी को घटना की सूचना दी तथा मामले के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच करने पर पता चला कि अभियुक्त गण एवं सूचना कर्ता हरिराम के परिवार के मध्य पुरानी रंजिश के कारण दुश्मनी चली आ रही थी सूचना कर्ता हरिराम ने बताया कि अभियुक्त गोपाल यादव की चचेरी बहन पदमा के साथ उसने प्रेम विवाह किया था तभी से अभियुक्त के परिवार और उनके परिवार के मध्य अक्सर लड़ाई झगड़ा होते रहता था इसी मध्य विधि के साथ संघर्षरत बालक के पिता की हत्या हो गई थी जिसमें हरिराम के विरुद्ध मामला चला था तथा उक्त मामले से हरी राम छूट कर आया था. तभी से विधि के साथ संघर्षरत बालक उससे दुश्मनी रखता था इसी विषय को लेकर परिवार के महिलाओं के मध्य भी आपसी तालमेल ठीक नहीं था अभियुक्त लक्ष्मी यादव और मृतिका दुरपति यादव के बीच अक्सर वाद विवाद होता था. अभियुक्ता लक्ष्मी यादव उसे जान से मारने की धमकी देते रहती थी प्रकरण को विवेचना के दौरान विवेचना अधिकारी के द्वारा विधि के साथ संघर्षरत बालक को अभ्युक्ता लक्ष्मी यादव के निवास से गिरफ्तार किया गया तथा अभियुक्त एवं विधि के साथ संघर्षरत बालक के द्वारा अपराध कबूल करते हुए यह बतलाया गया कि अभियुक्त गोपाल यादव अभियुक्त लक्ष्मी यादव और विधि के साथ संघर्षरत बालक ने योजना बनाकर मृतिका की हत्या को अंजाम दिया था.

CMO लिखी कार की टक्कर से दो की मौत

मुंगेली. जरहागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरेला के पास शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. बताया जा रहा है कि सीएमओ लिखी कार ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. मिली जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार किरण बसूर (39 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं घायल अंजली बसूर (35 वर्ष) ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. तीसरे घायल विकेश साहू (लगभग 36 वर्ष) का इलाज जारी है, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक और घायल मुंगेली के विनोबा नगर निवासी बताए जा रहे हैं. वे तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे, तभी बरेला के पास यह हादसा हुआ. पुलिस घटना के बाद फरार चालक की तलाश कर रही है. बरामद वाहन, नंबर प्लेट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है. मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. बाद में उक्त कार तखतपुर नगर पालिका के पास क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी होने की जानकारी सामने आई. दुर्घटनास्थल से कार की नंबर प्लेट भी बरामद होने की बात कही जा रही है, जिस पर ‘सीएमओ’ लिखा होने की चर्चा है. हादसे के बाद क्षेत्र में यह भी चर्चा फैल गई कि दुर्घटना के समय कार में तखतपुर नगर पालिका सीएमओ सहित कुछ अन्य लोग सवार थे और वे एक नेता के जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे. हालांकि, इन चर्चाओं की अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, कार कौन चला रहा था और वाहन में कौन-कौन लोग मौजूद थे. थाना प्रभारी ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H