Bilaspur News Update : बिलासपुर. कोरबा के दीपका निवासी ट्रांसपोर्टर प्रतीक ने बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि प्रतीक की दादी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी देखरेख के लिए वह कोरबा से बिलासपुर आया था और लॉज में रुका हुआ था. घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने पिछले 7-8 महीने से डिप्रेशन में होने की बात लिखी है. साथ ही उसने अपने मम्मी-पापा से माफी भी मांगी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.

स्वाइन फ्लू के 7 मरीज मिले

बिलासपुर . जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सभी पॉजिटिव मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. इनमें चार मरीजों का उपचार बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल में चल रहा है, जबकि बिलासपुर के एक मरीज को बेहतर उपचार के लिए रायपुर में भर्ती कराया गया है. वहीं दो मरीजों का इलाज जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी में जारी है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के सात पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं. सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है. उन्होंने बताया कि सिम्स में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच की जा सके. पॉजिटिव मरीजों की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कर रही हैं. इस दौरान मरीजों के संपर्क में आए लोगों और आसपास के क्षेत्रों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है. साथ ही भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, हाथों की नियमित सफाई करने और खांसी-जुकाम होने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि स्वाइन फ्लू के अब तक 7 पॉजिटिव मरीज मिले है. जिनमें चार अपोलो एक रायपुर व दो गनियारी में भर्ती है. जहां से मरीज मिल रहे है उन जगहों पर सर्वे कराया जा रहा है. वही जांच सिम्स में की जा रही है.

तेज रफ्तार बाइक फुटपाथ से टकराई, 3 घायल

बिलासपुर. शहर के नेहरू नगर इलाके में देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि बाइक नर्मदा नगर की ओर से आ रही थी और साईं मंदिर के पास तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और डायल-112 को सूचना दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने तत्काल अपनी बाइक से अस्पताल पहुंचाया. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.

अवैध कबाड़ दुकानों पर पुलिस का शिकंजा

बिलासपुर. शहर में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने सिरगिट्टी और चकरभाठा क्षेत्र में संचालित 15 अवैध कबाड़ दुकानों के संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. सिरगिट्टी क्षेत्र में शेख तौसिफ, सैय्यद प्रिंस, अमित कश्यप, साहिल खान, अनुप डेविड, राजू चौहान, दीपेश कुमार साहू, अफजल हुसैन, मोहम्मद फिरोज और मोहम्मद इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की गई. वहीं चकरभाठा क्षेत्र में बादशाह खान, शेख सलीम, विनोद नेताम, हरिकेश चौहान और देवेश सिंह जोगी पर कार्रवाई हुई. पुलिस के मुताबिक, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. सिरगिट्टी पुलिस ने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा में विशेष चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने करीब 50 संदिग्धों और गुंडा बदमाशों की बारीकी से जांच की. चेकिंग के दौरान छह आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और पांच चाकू बरामद किए गए. पुलिस ने विकास सिंह, प्रमोद कुर्मी, अनिकेत नेताम, लक्की नेताम, राम नायक और रोहित तांडी को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. वहीं अभियान के दौरान गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी रोहित धुरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H