Bilaspur News Update : बिलासपुर. शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से मना करने पर तलवार व लोहे की रॉड दिखाकर धमकाने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान अनुराग कश्यप के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे की हालत में एक दुकान में घुसा और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने लगा. पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी.
इसके बाद आरोपी तलवार और लोहे की रॉड लेकर दोबारा दुकान पहुंचा और दुकान के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी. इतना ही नहीं, उसने ब्लेड से खुद को घायल करने का भी प्रयास किया. मौके पर लोगों के पहुंचने पर आरोपी गाली-गलौज और धमकी देते हुए फरार हो गया. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड बरामद किया है. मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है.
लूट मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, हिरासत में 3 नाबालिग
बिलासपुर. कोनी-मोपका बायपास रोड पर चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का कोनी पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 अपचारी बालकों को भी न्यायिक अभिरक्षा में लिया गया है. जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त को आरोपियों ने प्रार्थी और उसके दोस्त को चाकू दिखाकर उनके मोबाइल फोन और नगदी लूट ली थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान राजेश सूर्यवंशी, दुर्गेश लोनिया और दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा के रूप में की. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 2 मोबाइल फोन समेत कुल 16,730 रुपये की संपत्ति बरामद की है. मामले में BNS की धारा 309(4), 310(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की गई है.

निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर
कोरबा. शहर में रविवार को श्री त्रिपुर तीर्थ यात्रा सेवा समिति की ओर से तीर्थ यात्री मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल सेंटर पॉइंट में होगा. समारोह में तीर्थ यात्रियों और श्रद्धालुओं का मिलन होने के साथ आगामी धार्मिक यात्राओं की जानकारी दी जाएगी. इस दौरान लकी ड्रॉ के जरिए निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर, मौके पर बुकिंग कराने पर 5 प्रतिशत विशेष छूट और श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रहेगी. समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील की है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


