Bilaspur News Update : बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना स्थित शराब दुकान के पास 28 अगस्त की शाम मामूली धक्का-मुक्की को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोपियों ने राकेश प्रजापति के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजा मनहर (25), निवासी कोरमी मोड़ सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है. पुलिस के मुताबिक राकेश अपने दोस्त जितेन्द्र साहू के साथ शराब दुकान पहुंचा था, जहां दो युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हुआ. दुकान के बाहर विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने राकेश पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. 

तालाब में मिली युवक की लाश

तखतपुर. तखतपुर क्षेत्र के ग्राम सरैया में एक युवक की लाश तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार ग्राम सरैया निवासी मनय (32) पिता मदन राजपूत रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. दोपहर करीब 2:30 बजे परिजन और ग्रामीण उसे तलाशते हुए ग्राम के तारबांध तालाब के पास पहुंचे, जहां युवक अचेत अवस्था में मिला. तालाब के दूसरी ओर नाले के पास उसकी बाइक खड़ी थी. वहीं तालाब के पास चप्पल मिलने से परिजनों को शंका हुई. ग्रामीणों और परिजनों ने युवक को तत्काल लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल के मेमो के आधार पर पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम किया. घटना जूनापारा चौकी क्षेत्र की होने के कारण मामले को विवेचना के लिए वहां भेजा जाएगा. युवक की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, यह जांच का विषय है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.  

भाई की सब्बल से वार कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में रक्षाबंधन के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. भांजा-भांजी से विवाद के बाद गाली-गलौज को लेकर आरोपी सुदर्शन कुर्रे का अपने भाई सुभाष कुर्रे से विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले लाठी से मारपीट की, लेकिन लाठी छीने जाने के बाद वह घर से लोहे का सब्बल लेकर आया और सुभाष के सिर पर जानलेवा वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. पुलिस ने तलाश शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गांव में छिपे आरोपी सुदर्शन कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया. मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है.

संपत्ति विवाद में देवर ने की भाभी की हत्या

जांजगीर-चांपा. नाना की संपत्ति मां को मिलने के बाद दो भाई इस संपत्ति का बंटवारा कर चुके थे लेकिन संपत्ति कम देने की बात पर छोटा भाई अक्सर विवाद करता था, इसी विवाद पर उसने अपने भाई पर हमला कर दिया. बीच बचाव करने पहुंची भाभी को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई. मारपीट से बड़ा भाई भी आहत है. घटना ग्राम कोसला में शनिवार तकरीबन साढ़े 7 बजे शाम की है. उक्त मामले की खबर जब गांव वालों के पास पहुंची तो इसकी जानकारी कोटवार को दिया और पुलिस थाने में सूचना दी. जिस पर पुलिस आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. मामला पामगढ़ थाना का है. जानकारी के अनुसार ग्राम कोसला निवासी पुनीराम साहू एवं  जनकराम साहू दोनो भाई मूलतः सलखन के रहने वाले हैं. दोनो अपने नाना गांव कोसला में रहते हैं. इनके नाना के इकलौती बेटी को उसने अपनी संपत्ति दी थी. मां से मिली संपत्ति को दोनो भाई आपस में बांट चुके थे. फिर भी जनकराम साहू अपने बड़े भाई को सम्पत्ति कम दिये हो कहकर लड़ाई करता था. शनिवार की रात्रि तकरीबन साढ़े 7 बजे दोनो के बीच संपत्ति को लेकर विवाद हुआ. जिससे कि तैश में आकर जनकराम साहू ने अपने बड़े भाई पुनीराम साहू पर लाठी से लगातार वार कर दिया. जिससे पुनीराम गंभीर रूप से आहत हो  गया, वही बीच-बचाव करने आई उसकी भाभी ननकी नोनी साहू को भी लाठी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. जिससे वह भी गंभीर रूप से आहत हो गई, जिसे तत्काल पामगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दोनो को बिलासपुर रेफर कर दिया. इस दौरान रास्ते में ननकी नोनी की मौत हो गई. सूचना पर पुलिस ने आरोपी जनकराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है. थाना पामगढ़ टीआई सावन सारथी ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर जनकराम साहू ने अपने बड़े भाई पुनीराम साहू और भाभी ननकी नोनी साहू को लाठी से वार कर दिया. जिससे ननकी नोनी की मौत गई. सूचना पर अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. 

तेल टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

रायगढ़. रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को एक तेल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई तो दूसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया है. घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रुचिदा निवासी यशवंत सिदार पिता कामता प्रसाद सिदार (26 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने चचेरे भाई चित्रा सिदार और कृष्णा विश्वकर्मा के साथ राखी बंधवाने के लिए दीदी के घर ग्राम गोडम गए थे. जहां राखी बंधवाने के बाद तीनों युवक एक ही बाइक में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान शाम करीब 6.30 बजे के आसपास ग्राम टिमरलगा के समीप पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि सामने से एक तेल से भरे टैंकर के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए आया और बाइक को सामने से जोरदार ठोकर मार दिया. जिससे तीनों युवक बाइक समेत सडक़ में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं यह हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे कृष्णा विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जब कि हादसे में यशवंत सिदार और चित्रा सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए. उक्त हादसे के बाद वहां आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दिया, जिससे पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की सूचना उसके परिजनों को देते हुए तीनों को तत्काल कर दिया, सारंगढ़ जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही कृष्णा विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया. वहीं यशवंत सिदार और चित्रा सिदार की गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायगढ़ रेफर इससे यशवंत सिदार और चित्रा सिदार को रात करीब 10 बजे मेडिकल कालेज अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही यशवंत सिदार को मृत घोषित कर दिया. वहीं चित्रा सिदार की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है. शनिवार को घटना की सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है. साथ ही परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H