Bilaspur News Update : बिलासपुर. रतनपुर में तालाब में कमल ककड़ी (ढेंस) निकालने के दौरान एक व्यक्ति की डूबकर मौत हो गई. मृतक की पहचान करैहा पारा निवासी 43 साल के कैलाश केंवट के रूप में हुई है. वह रोजी-रोटी के लिए तालाब से कमल ककड़ी निकालकल बाजार में बेचता था. घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के रत्नेश्वर तालाब की है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को काम के दौरान तालाब के गहरे हिस्से में जाने से कैलाश का संतुलन बिगड़ गया. काफी देर तक नहीं लौटने पर आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और पुलिस को घटना की सूचना दी. मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया. स्थानीय लोगों की मदद से तालाब से शव को निकाला गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है. मामले की जांच जारी है.
खाद की कालाबाजारी पर खाद्य विभाग का एक्शन
बिलासपुर. बिलासपुर जिले में खाद की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन का एक्शन जारी है. कार्रवाई के दौरान मल्हार और सेन्दरी में छापेमारी की. इस दौरान बड़ी मात्रा में छिपाकर रखा गया खाद्द जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार से यूरिया, एनपीके और एसएसपी खाद बरामद की गई, जबकि सेन्दरी के बंसल फर्टिलाइजर में छिपाकर रखी गई खाद भी जब्त की गई.
जांच में अवैध भंडारण पाए जाने पर संबंधित गोदामों को सील कर दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद से खाद कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
प्रशासन ने किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए शनिवार और रविवार को भी सहकारी समितियां खुली रखने का निर्णय लिया है. खरीफ सीजन के लिए जिले को 68,950 मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य मिला है. अधिकारियों के अनुसार जिले में यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और एसएसपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है.
युवक से लूट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बिरकोना रोड पर युवक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है. जानकारी के मुताबिक, 28 मई की रात सेन्दरी निवासी गौतम पालेकर से बजरंगबली मंदिर के पास आरोपियों ने ई-रिक्शा लगाकर रास्ता रोका और उससे 1,000 रुपये नकद तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 350 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली के रूप में हुई है. सभी आरोपी लिंगियाडीह क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
साइबर ठगी गिरोह का प्रमुख सदस्य रजत गिरफ्तार
बिलासपुर. शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश में मुनाफे का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. मामले में पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब गिरोह के प्रमुख सदस्य रजत तोमर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
यह मामला बिलासपुर की एक महिला से 17.21 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है. साइबर पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंकिंग ट्रांजेक्शन के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की. गिरफ्तार आरोपी रजत तोमर दुर्ग का निवासी है और उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन का प्रबंधन करता था. गिरोह लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता और उन्हें साइबर अपराध में इस्तेमाल करता था. आरोपी के कब्जे से एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.
जांच के दौरान मुकेश कुमार दास के बैंक खातों के खिलाफ देशभर में 13 साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं, जबकि उसके खातों से जुड़े करीब 8 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं. वहीं संदीप कुमार चंद्रा के खाते के खिलाफ गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली में पांच शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस ने केशव साव के खाते में 99 लाख रुपये और शिशिर राठौर के खाते में 1 लाख रुपये होल्ड कराए हैं. साइबर पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.
बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत फसल पंजीयन 10 से 24 तक
जांजगीर-चांपा. खरीफ वर्ष 2026 में कृषकों के प्रक्षेत्र पर उत्पादन कार्यक्रम के तहत फसल पंजीयन किया जाना है. बीज उत्पादन कार्यक्रम का आयोजन 10 जून से 24 जून तक जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के सभी विकास खंडों में आयोजित की जाएगी.
उप प्रबंधक व बीज प्रबंधक नम्रता तिवारी ने बताया कि बीज उत्पादन कार्यक्रम अंतर्गत पंजीयन कार्य विकासखंड बम्हनीडीह में 10 जून को, अकलतरा विकासखंड में 11 जून को, पामगढ़ विकासखंड में 12 जून को, बलौदा विकासखंड में 15 व 16 जून को, नवागढ़ विकासखंड में 17 व 18 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 05.30 बजे तक बीज उत्पादन कार्यक्रम आयोजन कर पंजीयन कार्य किया जाएगा. सक्ती जिले अंतर्गत विकासखंड सक्ती में 19 जून को, डभरा ब्लाक में 22 जून को जैजैपुर ब्लाक में 23 जून को एवं मालखरौदा में 24 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 5.30 बजे तक बीज उत्पादन कार्यक्रम आयोजन कर पंजीयन कार्य किया जाएगा. कृषकों को पंजीयन हेतु किसान आईडी एग्रीटेक क्रमांक, पासपोर्ट साईज 1 नवीन कलर फोटो, बी-1 एवं खसरा की नकल संबंधित पटवारी से सत्यापित कराकर एवं आधार कार्ड, पैन कार्ड, चालू मोबाईल नम्बर तथा बैंक पास बुक की छायाप्रति पंजीयन के समय एक प्रति के साथ पंजीयन कार्यवाही कराना होगा.

