Bilaspur News Update : बिलासपुर। लालखदान में ट्रेन हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद अब मृत चालक के परिजन को नौकरी तो मिल सकती है, लेकिन महिला परिचालक की नौकरी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

तीन माह पहले बिलासपुर से गतौरा स्टेशन के बीच लालखदान के पास कोरबा से बिलासपुर आ रही लोकल मेमू अप लाइन पर खड़ी कोयला लोडेड मालगाड़ी से टकरा गई थी। इस हादसे में 14 से अधिक यात्रियों की मौत हुई थी और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए थे। हादसे के कारण ब्रेक यान सहित पीछे के दो यात्री कोच पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण रेल प्रशासन को भी करोड़ों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा था। इस मेमू ट्रेन को मृत चालक विद्यासागर के साथ सहायक परिचालक के रूप में रश्मि राज परिचालन कर रहे थे। मालगाड़ी की टक्कर के कारण मौके पर ही चालक की मौत हो गई।

वहीं गंभीर रूप से घायल अवस्था में सहायक परिचालक रश्मि राज को अपोलो और केन्द्रीय रेलवे हास्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। करीब 20 से 25 दिन तक महिला सहायक चालक रश्मि राज की हालत में किसी तरह का कोई सुधार नहीं हो सका। वहीं घटना के जांच की जिम्मेदारी रेल मंत्रालय ने रेलवे सेफ्टी कमिश्नर बीके मिश्रा को सौंपी थी। मिश्रा एक माह के अंतराल में लगातार कोलकाता से बिलासपुर का दौरा कर जांच करते रहे। इस दौरान उन्होंने घटना से जुड़े विभागीय अफसरों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। सीआरएस की जांच तक महिला सहायक चालक सस्पेंशन में रही। एक से डेढ़ माह
की जांच के बाद सीआरएस ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट में उन्होंने रेलवे के सिस्टम को पूरी तरह से खराब बताया। वहीं घटना का दोषी चालक और परिचालक को माना गया। वर्तमान में मृत चालक के परिजन को नौकरी दिए जाने की प्रक्रिया तो रेलवे में चल रही है, लेकिन महिला सहायक चालक की नौकरी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अफसर महिला सहायक चालक को आगामी दिनों में रिमूवल करने की संभावना व्यक्त कर रहे हैं।

जिला अस्पताल का ओटी बैक्टीरियल पॉजिटीव, एक माह में दो बार आपरेशन

बिलासपुर। जिले का सबसे बड़ा जिला अस्पताल में इन दिनों मोतियाबिंद का आपरेशन बंद है। आपरेशन थिएटर पूरी तरह से संक्रमित है। वहीं दीवारों पर सीलन दिखाई दे रहे है। जिसके चलते आंखों का आपरेशन नहीं किया जा रहा है।

वहीं अधिकारियों का कहना है कि माइक्रोबायोलॉजी की रिपोर्ट निगेटिव नहीं मिलते तक किसी हाल में आपरेशन नहीं किया जा सका है लेकिन इस बात से साफ है कि जिला अस्पताल में साफ सफाई को लेकर निर्धारित नियमों का पालन तक नहीं किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन की उदासीनता के चलते आंखों के मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में हर साल सैकड़ों मोतियाबिंद के आपरेशन किए जाते है लेकिन पिछले माह जनवरी से ही अस्पताल का ओटी बैक्टीरियल पाजिटीव है। संक्रमण इतना बढ़ चुका है कि एक माह में महज दो दिन ही 13 आपरेशन किए गए है। खास बात यह है कि अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी भी है लेकिन ओटी को साफ सुथरा करने की कवायद फेल हो चुकी है। वहीं आपरेशन बंद होने के कारण आंखों के मरीजों को सीधे निजी अस्पताल में जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही सिम्स में कल्चरल रिपोर्ट के लिए सैंपल भेज गए है, लेकिन अबतक रिपोर्ट नहीं मिली है, इससे पहले भी कई बार सैंपल लिए गए लेकिन ज्यादातर मामलों में यह पाजिटीव ही मिले है जिसके बाद डाक्टरों ने आपरेशन करने से हाथ खड़ा कर दिया है।

चलती ट्रेन से गिरकर महिला की मौत

बिलासपुर। चलती ट्रेन से गिरकर एक महिला की मौत हो गई है। पुलिस जांच में जुट गई है। कोटा टीआई नरेश चौहान ने बताया कि तखतपुर राजपुर केकती निवासी जुगरी बाई पति पुरूषोत्तम साहू 55 साल 9 फरवरी को बेलगहना मेला घूमने गई थी। मेला घूमने के बाद रात में ट्रेन से दरवाजा के पास खड़े होकर लौट रही थी। कलमीटार व नरौतीकांपा के बीच चलती ट्रेन से गिर गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कोरबा ले जाकर प्रेमी ने युवती का गला रेता, इलाज के दौरान मौत

बिलासपुर। कोरबा ले जाकर प्रेमी ने प्रेमिका का चाकू से गला रेत दिया। घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अशोकनगर निवासी शुभम नायडू पिता बीके नायडू 28 साल का निजी बैंक में काम करने के दौरान पुराना बस स्टैण्ड कश्यप कालोनी निवासी निशा उर्फ प्रतीक्षा श्रीवास पिता शिवकुमार श्रीवास 26 साल से प्रेम संबंध था। शुभम नायडू पहले से शादी शुदा था और एक बेटा था। जानकारी होने पर निशा उर्फ प्रतीक्षा ने उससे दूरी बना ली थी। 3 फरवरी 2026 को निशा उर्फ प्रतीक्षा वृंदावन परिसर सामान खरीदने गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजन कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवती को फोन लगाया तो वह बात नहीं कर पा रही थी। युवती के द्वारा मोबाइल लोकेशन भेजने पर कोरबा के उरगा थाना कि पुलिस मौके पर पहुंची। निशा उर्फ प्रतीक्षा खून से लथपथ पड़ी हुई थी। उसके गले में गंभीर चोट के निशान थे। वहीं शुभम नायडू की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक शुभम निशा को उरगा लेकर गया था और उसका गला रेतकर अपना गला भी काट लिया था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस के द्वारा गंभीर अवस्था में युवती को सिम्स में भर्ती कराया गया था। एक सप्ताह तक जीवन मृत्यु के बीच संघर्ष के बाद 10 फरवरी को निशा ने दम तोड़ दिया। कोतवाली टीआई देवेश सिंह राठौर ने बताया कि इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई है।

माता परमेश्वरी महोत्सव आज से

बिलासपुर। माता परमेश्वरी महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन 11 एवं 12 फरवरी को किया जाएगा। 11 फरवरी को माता परमेश्वरी का आगमन बाजे गाजे के साथ होगा। बहतराई चौक स्थित नाग-नागिन देवांगन धर्मशाला में माता परमेश्वरी की मूर्ति स्थापना के बाद शाम 6 बजे से माता का जगराता होगा। 12 फरवरी को देवांगन समाज चिंगराजपारा से झांकी के साथ कलश यात्रा झांकी निकालकर प्रभात चौक से अमरैया चौक होते हुए बहतराई चौक स्थित नाग नागिन देवांगन धर्मशाला में समापन किया जाएगा।