Bilaspur News Update : बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में रविवार रात चोरों ने सेंधमारी का प्रयास किया. बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की और परिसर में लगे एटीएम में भी तोड़फोड़ की. हालांकि आरोपी बैंक से नकदी या अन्य कोई सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके. घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी. इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बैंक को निशाना बनाया. बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर भीतर घुसने का प्रयास किया गया. इसी दौरान परिसर में लगे एटीएम को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. सोमवार सुबह बैंक कर्मचारियों को घटना की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से छेड़छाड़ करने की कोशिश की. इसके चलते पुलिस डीवीआर के साथ-साथ बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने बैंक की रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से चोरी का प्रयास किया. पुलिस बैंक प्रबंधन से घटना से संबंधित सभी जानकारियां जुटा रही है.
घर घुसकर नाबालिग और महिला से छेड़छाड़, दो गिरफ्तार
लोरमी. मुंगेली जिले के लोरमी में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ के तहत कड़ा प्रहार किया है. लोरमी में घर में घुसकर नाबालिग और एक महिला से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के सख्त निर्देश पर लोरमी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है. जहां अरविंद राजपूत और निवासी लखन राजपूत ने घर में घुसकर दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं. पीड़ित महिला जब अपनी नाबालिग रिश्तेदार के साथ घर में काम कर रही थी, तभी इन दोनों आरोपियों ने जबरन घर में प्रवेश किया और गलत नीयत से दोनों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. पीड़िता के शोर मचाने के बाद उसके पति और बेटे बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की. घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए.
पीड़िता की शिकायत के बाद एसएसपी भोजराम पटेल के कड़े रुख को देखते हुए लोरमी थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम को एक्टिव किया. मुखबिरों की सूचना और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. लोरमी पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में और बच्चों के संरक्षण के लिए कड़े 8 पाक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
करंट की चपेट में आने से महिला की मौत
सिरगिट्टी. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में सोमवार सुबह करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई. महिला सुबह चाय बनाने के लिए किचन की ओर गई थी, तभी किचन के शेड और सीढ़ी में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गई. परिजन उसे तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इस संबंध मे मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरदीकला निवासी आशा देवी रजक पति संजय रजक उम्र 40 वर्ष सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे नींद से उठने के बाद चाय बनाने किचन जा रही थी. इसी दौरान किचन के शेड में करंट उतरने से सीढ़ी में भी करंट प्रवाहित हो रही थी. सीढ़ी के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार करंट लगा और वे मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम
मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सिम्स पहुंचाया लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया. प्रारंभिक जांच में घर की विद्युत वायरिंग में खराबी अथवा करंट लीकेज के कारण शेड में करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
140 टिकट चेकिंग कर्मी बॉडी वॉर्न कैमरे से लैस
बिलासपुर. यात्रियों की सुरक्षा, टिकट जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा कमर्चारियों, विशेषकर महिला टिकट चेकिंग कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए सभी महिला टिकट चेकिंग कर्मचारी सहित कुल 140 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए हैं. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह द्वारा पूर्व में 50 कर्मचारियों को बॉडी वॉर्न कैमरे प्रदान किए जा चुके थे. इसी क्रम में 04 जुलाई को 90 अतिरिक्त कैमरों का वितरण किया गया. बॉडी वॉर्न कैमरों के उपयोग से टिकट जांच के दौरान होने वाली गतिविधियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे किसी भी विवाद की स्थिति में तथ्यों का निष्पक्ष सत्यापन संभव होगा. यह व्यवस्था यात्रियों और कमर्चारियों दोनों के हितों की रक्षा करते हुए टिकट जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं प्रभावी बनाएगी.
महिला कर्मियों की सुरक्षा में सहायक
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी. बिलासपुर मंडल आधुनिक तकनीक के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है.
बाराद्वार रेलवे स्टेशन से लापता हुआ नाबालिग
सक्ती. जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेल्हाडीह निवासी 14 वर्षीय किशोर प्रांशु साहू पिता दिनेश साहू के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, प्रांशु साहू 29 जून से लापता है, जिसके बाद से परिजन लगातार उसकी परिजनों ने की तलाश में सहयोग की अपील तलाश में जुटे हुए हैं. मामले की सूचना बाराद्वार थाना में दर्ज करा दी गई है. जानकारी के अनुसार, ग्राम बेल्हाडीह निवासी प्रांशु साहू, पिता दिनेश साहू 29 जून को घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद उसका सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. बताया जा रहा है कि किशोर को आखिरी बार बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया था. गुमशुदा किशोर की उम्र लगभग 14 वर्ष तथा कद करीब 5 फीट 3 इंच बताया गया है. पुलिस एवं परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए हैं. परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त किशोर के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो अथवा वह कहीं दिखाई दे, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा परिजनों को सूचना दें.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

