Bilaspur News Update : बिलासपुर. रेलवे क्षेत्र में DRM कार्यालय के पास स्थित लिटिल वाणी स्कूल के सामने एक क्रेटा कार में अचानक आग लग गई. कार मालिक मनीष गोयल बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे थे. इसी दौरान कार के बोनट से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. तोरवा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बिलासपुर-कोलकाता उड़ान फिर होगी शुरू

बिलासपुर. बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा एक बार फिर 25 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है. इस रूट पर सप्ताह में दो दिन सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी. वहीं, बिलासपुर-प्रयागराज फ्लाइट भी सप्ताह में एक दिन जारी रहेगी. लंबे समय से विरोध और मांगों के बीच उड़ान सेवा दोबारा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, नई उड़ानों की घोषणा में बिलासपुर को फिर मौका नहीं मिलने पर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने नाराजगी जताई है. समिति ने बिलासपुर की अनदेखी का आरोप लगाते हुए हवाई सेवाओं के विस्तार में शहर को प्राथमिकता देने की मांग उठाई है.

बिलासपुर में रेलवे TTE की नौकरी के नाम पर 13.07 लाख की ठगी

बिलासपुर. बिलासपुर के दयालबंद निवासी रविकांत यादव से रेलवे में ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (TTE) की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13.07 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने रेलवे के बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए युवक को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था. इस भरोसे में आकर पीड़ित ने दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच UPI और PhonePe के माध्यम से रकम ट्रांसफर की. रकम देने के बाद भी रविकांत को न तो रेलवे में नौकरी मिली और न ही उसके पैसे वापस किए गए. इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Bilaspur News Update : अनियंत्रित होकर खेत में पलटी कार, 1 की मौत

जांजगीर-चांपा. सेकेण्ड हैण्ड कार लेने की खुशी में राइड पर निकले युवको की कार अनियंत्रित होकर ग्राम भैंसो नाले के पास पलट गई. इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई. वही कार चालक और युवक बुरी तरह से घायल हो गए. जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना पामगढ़ थानान्तर्गत ग्राम भैंसो का है.  जानकारी के अनुसार तुस्मा निवासी जयकुमार साहू, खरौद निवासी चिनमय राज देवांगन और गिधौरी निवासी अभय कुमार तीनो दोस्त है. कुछ दिन पहले ही उन्होने सेकेण्ड हैण्ड कार लिया था, सेकेण्ड हैण्ड कार लेने की खुशी में तीन दोस्त रविवार 11 अक्टूबर की रात को राइड करने के लिए निकले थे. इस दौरान सड़क के किनारे एक कुत्ता लावारिस स्थिति में मिला. जिसे बिलासपुर पशु केन्द्र छोड़ने गये हुये थे. वहां से छोड़कर वापस आ रहे थे कि सुबह तकरीबन 4 बजे ग्राम भैंसो में नाले के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई. वाहन को चिनमय राज देवांगन चला रहा था, वही सामने वाले सीट पर अभय कुमार बैठा था. पीछे वाली सीट पर जयकुमार साहू बैठा था, वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि पीछे में बैठा जय कुमार साहू की मौत हो गई. वही चिनमय राज और अभय दोनो घायल  हो गये. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को मिली तो आहतों को इलाज के लिए पामगढ़ अस्पताल लाया गया. पुलिस के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज था जिससे कि कार फिल्मी स्टाइल में हवा की तरह उड़ गया. बताया जा रहा है कि सुबह के समय झपकी लगने पर अचानक ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर नाले के पास खेत में जा गिरी. इस हादसे में एक युवक की मौत तो गई साथ ही दो आहत भी हो गये हैं. पामगढ़ थाना निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी ने बताया कि एक कार में सवार तीन युवक बिलासपुर से आ रहे थे. ग्राम भैंसो के पास हादसे में एक युवक की मौत हो गई. दो घायल हो गये हैं.

Bilaspur News Update : दो ट्रेलरों की भिड़ंत में चालक की मौत

रायगढ़. छाल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत में 26 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन उखड़ गया. हादसे के बाद चालक केबिन में फंस गया था. मृतक की पहचान मोहम्मद उमर फारूक (26) निवासी नारंगपुर, थाना हसन बाजार, जिला भोजपुर, बिहार के रूप में हुई है. वह पेशे से ट्रेलर चालक था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीके 6991 कोयला लेकर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीएन 7734 से उसकी भिड़ंत हो गई. टक्कर में पहले ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर छाल पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. दोनों वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जानकारी के अनुसार, शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H