Bilaspur News Update : बिलासपुर. कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आज बिलासपुर में शांति मार्च निकाला गया. शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए आयोजित इस मार्च में विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की. शांति मार्च नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुआ. इस दौरान शामिल लोगों ने आपसी एकता बनाए रखने और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने का संदेश दिया. विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों के लोगों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे से है. उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की. उल्लेखनीय है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था. समिति के सदस्यों ने शहर की शांति व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी. शांति मार्च में सभी वर्गों की सहभागिता ने बिलासपुर की सामाजिक एकता और शांतिप्रिय परंपरा को प्रदर्शित किया. नागरिकों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ शहर में शांति एवं सद्भाव को निरंतर मजबूत बनाया जाएगा. शांति मार्च में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए. प्रशासन एवं पलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है. उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना विश्वास नहीं करने और न ही उसे आगे प्रसारित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों व मीडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें. आपसी सहयोग और जिम्मेदारी से ही शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है.
पत्नी को प्रधानमंत्री आवास की राशि, रोजगार सहायक बर्खास्त
बिलासपुर. ग्राम पंचायत कोनचरा के ग्राम रोजगार सहायक राजेंद्र पटेल ने पत्नी के नाम प्रधानमंत्री आवास की राशि निकाल ली. इतना ही नहीं उन पर मनरेगा में काम कराए बिना फर्जी हाजिरी दर्ज कर मजदूरी भुगतान करने का आरोप भी सही पाया गया. जांच में कुल 1 लाख 43 हजार 490 रुपए की वित्तीय अनियमितता सामने आई. कई स्तर पर कारण बताओ नोटिस और अंतिम सुनवाई का अवसर देने के बावजूद संतोषजनक जवाब अथवा बचाव में साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करने पर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है. जनपद पंचायत कोटा के अंतर्गत ग्राम कोनचरा में रोजगार सहायक पर वित्तीय अनियिमतता का आरोप सिद्ध होने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई है. शिकायत के आधार पर इस मामले की जांच की गई. जांच में ग्राम रोजगार सहायक राजेंद्र पटेल के खिलाफ कुल 1,43,490 रुपए की वित्तीय अनियमितता सामने आई. रोजगार सहायक पर आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पत्नी के नाम 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि और मनरेगा में बिना कार्य कराए 23 हजार 490 रुपए मजदूरी भुगतान कर लिया. शिकायत के आधार पर जांच की गई, रिपोर्ट में दोनों आरोप सही पाया गया. प्रशासन ने इसे वित्तीय अनियमितता और फर्जी भुगतान मानते हुए सेवा समाप्ति की कार्रवाई के साथ पूरी राशि संबंधित से वसूलने के निर्देश दिए हैं. कार्रवाई के बाद अब सरकारी राशि की रिकवरी भी की जाएगी. कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक की स्वीकृति के बाद जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने 3 सितंबर 2026 को कार्रवाई के निर्देश जारी किए. इसके अनुपालन में जनपद पंचायत कोटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने राजेन्द्र पटेल की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की है. कार्रवाई से पहले रोजगार सहायक को अपना पक्ष रखने के पर्याप्त अवसर दिए गए. जिला पंचायत ने 21 मई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया. जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर अंतिम सुनवाई के निर्देश दिए गए. इसके बाद 16 जुलाई 2026 को अंतिम सुनवाई का अवसर दिया गया. प्रशासन के अनुसार इस दौरान राजेन्द्र पटेल आरोपों के बचाव में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद 3 अगस्त को अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई और अनुमोदन के बाद 3 सितंबर को सेवा समाप्ति के निर्देश जारी हुए.
बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का धरना
लोरमी. प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक अध्यक्ष लल्ला सिंह ठाकुर के नेतृत्व में लोरमी विकासखंड के चार सब स्टेशनों में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लगातार बिजली दरें बढ़ाकर आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लल्ला सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है. पूर्व जनपद अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने विद्युत शुल्क अधिभार में 12 प्रतिशत वृद्धि का विरोध करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है. महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मायारानी सिंह ने अधिक बिजली – बिल आने की शिकायतों का मुद्दा उठाया, जबकि जनपद सभापति विद्यानंद चंद्राकर ने स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच और शिकायतों के तत्काल निराकरण की मांग की. लोरमी क्षेत्र के मनोहरपुर, कोतरी और सावंतपुर सहित विभिन्न सब स्टेशनों में हुए प्रदर्शन में पवन अग्रवाल, विद्यानंद चंद्राकर, राकेश तिवारी, हेमिन मंगेशकर, नितेश पाठक, प्रदीप दुबे, आदित्य वैष्णव, हेमंत मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे. जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डिंडोरी ने खुड़या सब स्टेशन में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया. इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया. प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष रामस्वरूप श्याम, ब्लॉक प्रभारी अरुण कुलमित्र, सहप्रभारी मनीष त्रिपाठी, शोभा कश्यप, पुरुषोत्तम मार्को, संजीव शर्मा, लखन यादव, राजेश मरावी, संतोष राज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
कुदरी बैराज के 13 गेट खुले
जांजगीर-चांपा. बारिश के कारण बांगो बांध का जलस्तर करीब 95 फीसदी तक पहुंच गया, जिसे देखते हुए बांध के 5 गेट खोला गया है. गेट खुलने से हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जिससे जिले के डेढ़ दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हो रहे हैं. जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी के बैराज के 13 गेट खोल दिए गए हैं. बताया जा रहा कि नदी के कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश से जिस तादाद में पानी की आवक हो रही है, उसे देखते हुए जल्द की और भी गेट खोलने की संभावना बनी हुई है. नदी के तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी किया गया है. हसदेव नदी के कैचमेंट एरिया कोरबा और सरगुजा जिले में हो रही बारिश का असर देखने मलि रहा है. नदी का प्रवाह लगातार बढ़ते क्रम पर है और गुरुवार सुबह और दोपहर के समय बांगो बांध का 5 गेट खोल दिया गया है और नदी में करीब 26 हजार क्यूसेक पानी बहाया जा रहा है. हसदेव नदी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती गांवों में सतर्क रहने और नदी के करीब नहीं जाने की चेतावनी जारी की गई है. बताया जा रहा कि अगस्त महीने के दूसरे पखवाड़े से लगातार बारिश दर्ज की जा रही है, जिसके चलते बार-बार बांगो बांध के गेट को खोलने की नौबत हो रही है.
बदमाश ने युवक पर किया जानलेवा हमला
बिलासपुर. शहर में आदतन बदमाश ने बाइक छोड़ने से मना करने पर युवक के सिर पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना तेलीपारा क्षेत्र स्थित दरबार लॉज के पास की बताई जा रही है. मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आया है. मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.

नवजात को बोरी में भरकर अपार्टमेंट के सामने छोड़ा
कोरबा. मां, मैं आपकी बेटी हूं. मुझे भी आपके साथ रहना है. मुझे खुद से अलग मत करो. मुझे भी आपके साथ रहना है. यह बात नवजात ने कहीं होगी, लेकिन निर्मोही मां का दिल नही पसीजा. उसने दुनियां में आते ही बेटी को खुद से दूर करने का फैसला कर ली. उसे बोरी में भरकर अपार्टमेंट के सामने छोड़ दिया. उसकी रूदन सुनकर पहुंचे बस्तीवासी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने नवजात को बालको हास्पिटल के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है. मामले में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है. घटना बालको थाना क्षेत्रांतर्गत भदरापारा की है. प्रतिदिन की तरह गुरूवार की सुबह करीब 7 बजे भदरापारा सहित आसपास के लोगों की आवाजाही मुख्यमार्ग में चल रही थी. जिले में अवैध गर्भपात या फिर नवजात को छोड़ने की यह पहली घटना नही है. इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं. यदि हाल ही की बात करें तो कोतवाली अंतर्गत रानी धनराज कुंवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाथरूम में भूरण मिला था. अब बालको में नवजात मिलने की घटना सामने आई है. ऐसे किसी भी मामले में पुलिस प्रकरण तो दर्ज करती है, लेकिन दोषियों तक पहुंचना संभव नही होता. इसी दौरान लोगों को किसी नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी. पहले तो लोग अचरज में पड़ गए. उन्होंने आसपास नजर दौड़ाई तो अपार्टमेंट के सामने एक बोरी दिखाई दी. मासूम के रोने की आवाज बोरी से निकल रही थी. लोगों ने बोरी खोलकर देखा तो उसमें करीब आठ माह की एक मासूम बंद थी, जो कुछ ही देर पहले दुनियां में आई थी. उसे किसी ने बोरी में भरकर अपार्टमेंट के सामने छोड़ दिया था. यह खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने टीम रवाना कर दिया. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूछताछ के बाद मासूम को तत्काल बालको हास्पिटल दाखिल करा दिया, जहां उसे एसएनसीयू में रख उपचार शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि लगातार उपचार के बाद मासूम की सेहत में सुधार हो गया है, उसे सघन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल करने की तैयारी की जा रही है. साथ ही मामले से सीडब्ल्यूसी को अवगत कराया जाएगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



