Bilaspur News Update : बिलासपुर. मोपका चौकी पुलिस ने अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 64 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त 37 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोपका क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर कार्रवाई की. इस दौरान दीपेन्द्र वर्मा उर्फ चेपटी (38) निवासी वर्मा मोहल्ला, मोपका, को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 64 ग्राम मादक पदार्थ गांजा तथा बिक्री की रकम 37 हजार रुपए बरामद हुई. पुलिस ने जब्ती कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1339/2026, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
दीया जलाने से 21 शिक्षक गायब, नोटिस जारी
बिलासपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सत्रह सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के दौरान लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है. कार्यक्रम में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 21 शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है. उक्त शिक्षकों ने केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उसके बाद कार्यक्रम स्थल से गायब हो गए. इस अनुशासनहीनता और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए बीईओ, बिल्हा ने उनको कारण बताओ नोटिस थमा दिया है. जिले के बिल्हा ब्लॉक के अंतर्गत ऐतिहासिक ताला क्षेत्र के ग्राम अमेरीकापा स्थित विख्यात मंदिर में जिला प्रशासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस आयोजन की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी. कार्यक्रम के दौरान 21 शिक्षकों और कर्मचारियों ने केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और इसके बाद कार्यस्थल से नदारद हो गए. अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने के कारण आयोजन की व्यवस्थाओं में भारी अव्यवस्था देखने को मिली. शिक्षकों की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत और अव्यवस्था पर जनपद पंचायत बिल्हा अध्यक्ष रामकुमार कौशिक ने कड़ा रुख अपनाया. उनकी नाराजगी के बाद बीईओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 21 संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. नोटिस में सभी को 2 दिवस के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
संजय कुमार कौशिक सहायक शिक्षक एलबी पेण्डरवा, अमृत लाल शासकीय प्राथमिक शाला पौसरी, ज्ञान चंद बजारे प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला खम्तहा, कृति चंद्रवंशी सहायक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला भोजपुरी, उषा चंद्राकर सहायक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला भोजपुरी, नीलिमा ऐलिजाबेथ हॅज सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला भोजपुरी, संगीता वालरे सहायक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला भोजपुरी, आशीष आर्मो शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पेण्डरवा, अभिषेक गहवई शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पेण्डरवा, रोहित घृतलहरे शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भोजपुरी, सनत कुमार ठाकुर शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भोजपुरी, राकेश कुमार वस्त्रकार शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भोजपुरी, अशोक कुमार दुबे प्रधान पाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, भोजपुरी, लक्ष्मीचंद श्याम शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पौसरी, कांति कुमार वर्मा संकुल केंद्र पौसरी, नेतराम पैकरा शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल, खिमलाल टण्डन शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल, चंद्रकांत रात्रे शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल, गुलाम गौस जिलानी प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला उड़नताल, संजय कुमार कौशिक सहायक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला उड़नताल और आशीष कुमार कटकवार शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दगौरी को नोटिस जारी किया गया है. बीईओ भूपेंद्र कौशिक ने कहा कि ताला में आयोजित आर्शीवाद का दीया कार्यक्रम के दौरान 21 शिक्षक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद गायब हो गए. जनपद अध्यक्ष की नाराजगी के बाद उक्त शिक्षकों को शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने हेतु नोटिस जारी किया गया है. उनका जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बिलासपुर- टाटानगर एक्सप्रेस 21 तक रहेगी रद्द
बिलासपुर. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के बिरराजपुर स्टेशन में प्री-एनआई व एनआई कार्य किया जा रहा है. जिसके फलस्वरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस को रद्द किया गया है. इसके कारण 19 से 21 सितम्बर तक बिलासपुर एवं टाटानगर से रवाना होने वाली 18114/18113 बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस कैंसिंल रहेगी.
दो रिटायर्ड कर्मचारी से 6.50 लाख की ठगी
बिलासपुर. शहर में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं. ठगों ने दो रिटायर्ड कर्मचारियों को अपना शिकार बनाया. एक मामले में रिटायर्ड रेलकर्मी से बैंक खाते की जानकारी लेकर 2.83 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए गए. वहीं, दूसरे रिटायर्ड कर्मचारी से पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर 3 लाख 56 हजार रुपए की ठगी की गई. दोनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ये मामले तोरवा और सकरी थाना क्षेत्र के हैं. शांति विहार केजी भीमाराव (60) रेलवे के रिटायर्ड सीनियर टेक्नीशियन हैं. 11 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और खाते से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही. भीमाराव उसकी बातों में आ गए. कॉलर जैसा बताता गया, वे मोबाइल पर बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी दर्ज करते गए. डिटेल्स भरते ही ठग ने उनके खाते से पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया. ठगों ने एक के बाद एक 34 ट्रांजेक्शन कर उनके खाते से कुल 2 लाख 83 हजार रुपए निकाल लिए. मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला. ठगी का पता चलते ही जी. भीमाराव ने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया और तोरवा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस से ठगी की रकम को जिन खातों में भेजा गया है, उन्हें तुरंत होल्ड या फ्रीज कराने की मांग की है. सकरी क्षेत्र के मोहित गोड ने पुलिस को बताया कि 9 सितंबर को फेसबुक पर उन्हें ऑनलाइन रिटायर्ड पेंशन कार्ड बनवाने का एक लिंक मिला. उन्होंने लिंक पर क्लिक किया और खाते व मोबाइल नंबर से जुड़ी जानकारी भर दी. उसी रात एक अनजान व्यक्ति ने उन्हें फोन किया. उसने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर का कर्मचारी बताया और अकाउंट नंबर, नाम, मोबाइल नंबर, एटीएम कार्ड की जानकारी और पासवर्ड ले लिया. जानकारी लेने के बाद आरोपी ने मोहित गोड के एसबीआई ज्वाइंट खाते से 3 लाख 56 हजार 298 रुपए निकाल लिए.
75 बकायेदारों के कटे बिजली कनेक्शन
तखतपुर. विद्युत वितरण कंपनी ने बकाया वसूली अभियान को तेज कर दिया है. अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता सहित एक दर्जन सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के दल ने बकायादारों के घरों में दस्तक दी. इसके बाद भी उनके द्वारा बकाया बिल का भुगतान नहीं करने वाले 75 लोगों के विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दिए गए साथ ही अभियान में 61 बकायादारों से 22 लाख रूपए की वसूली भी की गई. पूर्व में काटे कनेक्शन को पुनः जोड़ने वाले 14 कनेक्शन पर होगी कानूनी कार्रवाई की बात कही गई. तखतपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम जरौंधा, बेलपान, करनकापा में लाइन विच्छेद की कार्रवाई की गई. अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े एवं कार्यपालन यंत्री मिलिंद पांडे के निर्देशानुसार 11 अधिकारी एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा कार्रवाई की गई. विभागीय अधिकारियों की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के बिजली चोरों और बकायेदारों में हड़कंप मच गया है. इसमें बकायादारों के घर में जाकर संपर्क किया गया. कई लोगों ने तत्काल भुगतान कर दिया इसलिए उनके कनेक्शन विच्छेद नहीं किए गए. वहीं अभियान के दौरान कंपनी के दल के संपर्क करने के बाद भी 75 बड़े बकायेदारों ने बिजली बिल का भुगतान करने से इंकार कर दिया. इसलिए उनके बिजली कनेक्शन खंभे से काट दिए गए. अब उसको बिल का पूरा भुगतान होने के बाद ही जोड़ा जाएगा. साथ ही बिना पेमेंट डायरेक्ट जोड़ने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाएगा. अधिकारी व कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के संबंध में उपभोक्ताओं को विस्तृत जानकारी दी एवं पात्र उपभोक्ताओं को योजना के अंतर्गत पंजीयन करा कर भुगतान करवाया गया. मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना में पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है. कार्रवाई में एई चित्रांगना राही, सौरभविश्वकर्मा, हेमलता प्रधान, वीरेंद्र पाल यादव, राजेंद्र कुमार, जेई आशीष कुमार, दीप्ति जायसवाल, अरुण साहू, दिव्या यादव, कंचन खूंटे आदि रहे.
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
जांजगीर-चांपा. जिले में भारतमाला रोड के बाद अब एनएच भी लोगों के खून से लाल हो रही है. जिला मुख्यालय से गुजर रही एनएच जेल के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत हो गई. दूसरी ओर एनएच पर ही कोसमंदा में पिकअप पलट गई जिसे बचाते हुए ट्रेलर मंदिर में घुस गई जिससे दो आहत हो गए. इस संबंध में अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 18 सितंबर को जेल चौक नेशनल हाईवे खोखरा के पास अज्ञात वाहन की ठोकर से एक युवक गंभीर रूप से आहत हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, युवक की शिनाख्ती नहीं हो पाई है, उक्त युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष बतायी जा रही है. युवक के हाथ गोदना भी है. नेशनल हाईवे कोसमंदा में अनियंत्रित होकर एक पिकअप सड़क में पलट गया, जिसे बचाने के चक्कर में ट्रेलर मंदिर में जा घुसा, हालांकि पिकअप पलटने से 2 लोग आहत हो गये हैं जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना चांपा थानान्तर्गत ग्राम कोसमंदा का है. जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमंदा के मुख्य मार्ग में एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसे बचाने के चक्कर में पीछे से आ रही एक ट्रेलर भी सड़क के किनारे मंदिर में जा घुसा, हालांकि पिकअप पलटने से 2 लोग आहत हुए हैं, जिसे इलाज के लिए चांपा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिले से गुजर रहे भारतमाला फोरलेन अभी पूरी तरह बन नहीं पाई है लेकिन इसमें भी लगातार हादसे हुए हैं. खिसोरा के पास खमदई गेट के समीप फोरलेन में डिवाईडर से टकरा बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी. बाइक में सवार दंपति की मौत हो गई थी वहीं 16 वर्षीया उनकी बेटी घायल हो गई थी. इस वर्ष जून के अंतिम सप्ताह में बलौदा के कोरबी खार में मार्निंग वॉक पर निकले तीन दोस्तों की मौत हो गई थी. पंतोरा चौकी के पास, छाता जंगल चौराहा, मुड़ाभाठा, चोटियाभाठा व खिसोरा में लगातार मौतें हुई है.

बायोमेट्रिक मशीन में खराबी से राशन हितग्राही हलाकान
रायगढ़. पीडीएस की ग्रामीण अंचल के कई दुकानों में तकनिकी खराबी के कारण बायोमेट्रिक मशीन में फिंगरप्रिंट नहीं होने के कारण शनिवार को ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. अपना काम धंधा छोड़कर फिंगर देने आए ग्रामीणों को भारी मायूसी हुई, कई लोग तो बेरंग वापस भी हो गए. जिले के कई गांवों में शनिवार को पीडीएस के दुकानों में खाद्यान्न वितरण करने के लिए सूचना दी गई थी. लेकर दुकानों में पहुंचकर लंबी इंतजार के बाद लोग फिंगर देने गए तो अधिकांश ग्रामीणों का फिंगर नहीं आया, थक हार कर वे वापस घर लौट गए. गौरतलब है कि कई गांवों में अभी खेती-बाड़ी का काम खत्म नहीं हुआ है ग्रामीणों में ऐसे बहुत से मजदूर भी थे जो अपना काम-धंधा छोड़कर राशन लेने जाना पड़ा था उनका समय नुकसान तो हुआ ही उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा उसके अलावा कई दुकानों के आसपास पेयजल की भी व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग भूखे प्यासे ही फिंगर देने के लिए रूके रहे. ग्रामीण अंचलों में ऐसे बहुत से दुकान हैं जहां के संचालकों द्वारा पहले फिंगर लिया जाता है उसके दो-तीन दिन बाद फिर चावल के लिए बुलाया जाता है, इस तरह से उनको दो दिन राशन के लिए समय खपाना पड़ता है. जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि कुछ तकनीकी खराबी के कारण चार-पांच घंटे तक परेशानी हुई लेकिन बाद में वह ठीक हो गया. उन्होंने बताया कि फेस रीडिंग सिस्टम भी अब प्रारंभ हो गया है. अब उपभोक्ताओं को फिंगर प्रिंट नहीं आने की शिकायत नहीं रहेगी और कुछ कारणवश जिसका फिंगर नहीं भी आ पा रहा था उन्हें भी अब राशन और अन्य सामग्री मिलने में किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



