Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बीट प्रणाली को और मजबूत किया है. एसएसपी रजनेश सिंह ने 48 नई बीट मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. नई व्यवस्था के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बीट प्रभारी 24 घंटे शिफ्टवार सक्रिय रहेंगे. वहीं प्रत्येक बीट में आपराधिक, सामाजिक, सांप्रदायिक और राजनीतिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे. इसके अलावा नवागंतुकों, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित निगरानी की जाएगी. जुआ, सट्टा, नशाखोरी, तस्करी, चोरी, लूट, चेन स्नैचिंग और गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा. बीट वाहनों को वायरलेस, सायरन और फ्लैश लाइट से लैस किया गया है, जबकि जनसंपर्क बढ़ाने और सामुदायिक पुलिसिंग को भी प्राथमिकता दी जाएगी. प्रत्येक बीट में बीट रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर सूची, किरायेदार सत्यापन और शिकायत रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा.

अड्डेबाजी करने वाले 6 गिरफ्तार

बिलासपुर. बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना पुलिस ने क्षेत्र में अड्डेबाजी कर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों को हिरासत में लिया. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशाखोरी, मारपीट, अड्डेबाजी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

राम मंदिर चंदा मामले में कांग्रेस निकालेगी पदयात्रा

चकरभाठा. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिल्हा द्वारा अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं से प्राप्त चंदे एवं सहयोग राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं और चोरी के विरोध में 26 जुलाई को नगर पालिका परिषद बोदरी में पदयात्रा आयोजित की जाएगी. यह पदयात्रा बिल्हा के पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में निकाली जाएगी. पदयात्रा दोपहर 3 बजे हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग मार्केट होते हुए राम मंदिर तक पहुंचेगी. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिल्हा ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. उक्त जानकारी नगर पालिका परिषद बोदरी के मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र कौशिक ने दी.

गाज से खेत में 3 मजदूरों की मौत

छत्तीसगढ़ के कोरबा में आकाशीय बिजली मौत बनकर गिरी. कटघोरा थाना अंतर्गत छुरी के समीप सलोरा गांव में गाज गिरने से खेत में काम कर रहे 3 मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू के रूप में हुई. गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, दिन में हल्की बारिश के बीच खेत में काम चल रहा था. एकाएक शाम को तेज गरज-चमक के साथ गाज गिरी. किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. खेत और आसपास मौजूद सभी लोगों की आंख चौंधिया गई. कई इधर-उधर गिर गए.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H