Bilaspur News Update : बिलासपुर. महंगाई और शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. इसे चीनी सत्याग्रह नाम दिया गया है. आज को सुबह 11 बजे से नेहरू चौक में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय चीनी सत्याग्रह किया जाएगा. 

ड्यूटी से लगातार गायब रहने वाले आरक्षक को अनिवार्य सेवानिवृति

बिलासपुर. पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक बिना किसी सूचना के डयूटी से गायब रहा. जांच के बाद उसे पुलिस सेवा से अनिवार्य रूप से सेवानिवृत कर दिया गया. इस आशय का आदेश एसएसपी कार्यालय से जारी किया गया. पुलिस लाइन बिलासपुर में पदस्थ आरक्षक दिनेश प्रधान को 29 नवबंर 2023 को जिला बीजापुर डाक डयूटी के लिए भेजा गया. उसे डाक वितरण के पश्चात 2 दिसंबर 2023 तक वापस आना था, लेकिन वह 32 दिन बाद 3 जनवरी 2024 को पुलिस लाइन बिलासपुर पहुंचा. इसी तरह उसे पीपी कोर्स के लिए 10 अक्टूबर 2024 को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र मैनपाट भेजा गया था. लेकिन वह 22 दिन पश्चात लौटा. ऐसा कर उसने घोर लापरवाही बरती. इस मामले की विभागीय जांच कराई गई. जांच में दोनों आरोप प्रमाणित हुए. उसे जवाब प्रस्तुत करने अनेक अवसर दिए गए लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ. इससे स्पष्ट हो गया कि उसकी पुलिस सेवा में कोई रूचि नहीं है. इसके बाद एसएसपी अधीक्षक रजनेश सिंह ने दिनेश प्रधान को आदेश प्राप्ति दिनांक से अनिवार्य सेवानिवृति का आदेश दिया

अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ लोगों में आक्रोश, केस दर्ज

बिलासपुर. सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है. आरोपी ने प्रतिमा पर पन्नी और रस्सी लपेट दी. शुक्रवार सुबह लोगों की नजर पड़ने पर आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध जताया. सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने प्रतिमा स्थल का मुआयना कर घटना की जांच शुरू की. इसके बाद प्रतिमा स्थल की सफाई भी कराई गई. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है.

रिटायर्ड शिक्षक से लाखों की ऑनलाइन ठगी

बिलासपुर. साइबर ठगों ने एक बार फिर बुजुर्ग को अपना शिकार बनाया है. सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा के रिटायर्ड शिक्षक से योनो एप डाउनलोड कराने और बैंक जानकारी हासिल करने के नाम पर 3 लाख 16 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जबड़ापारा निवासी पीड़ति रिटायर्ड शिक्षक नत्थूराव करनेवार (89) के अनुसार गुरुवार की शाम 4:30 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक से संबंधित बताकर उन्हें मोबाइल में योनो एप डाउनलोड करने की बात कही. बुजुर्ग कॉलर की बातों में आ गए और उसके बताए अनुसार एप डाउनलोड करने की प्रक्रिया करते हुए अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा कर दी. जानकारी मिलते ही शातिर ठगों ने इंडियन बैंक शाखा ईदगाह चौक के खाते से तत्काल 3,16,919 रुपए पार कर दिए. खाते से बड़ी रकम कटने का मैसेज देखकर बुजुर्ग के होश उड़ गए. उन्होंने फौरन बैंक पहुंचकर अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित की लिखित शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने बीएनएस 318 के तहत अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गई है.

सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार करने वाला आरोपी पकड़ाया

अकलतरा. ग्राम कटनई में रात्रि के दौरान घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, नगदी रकम एवं मोटर सायकल चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश सिदार उम्र 24 वर्ष, निवासी खाड़ा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है. प्रार्थी रामलाल साहू ग्राम कटनई निवासी ने 26 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे से 26 अगस्त की रात 2 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर में प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवर, नगदी रकम एवं बरामदे में खड़ी मोटर सायकल सहित करीब 60,000 रुपये का सामान चोरी कर लिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी. मुखबीर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई. पुलिस टीम ने ग्राम खाड़ा स्थित आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे स्कूटी सहित हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, प्रार्थी का मोबाइल सिम एवं चोरी की हिस्सेदारी की रकम बरामद की गई. आरोपी के विरुद्ध धारा 305 (ए), 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत विधिवत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.

PM आवास में अनियमितता का आरोप

खोरसी. ग्राम पंचायत खोरसी में प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना में सरपंच पति, पंच पति और पूर्व रोजगार सहायक ने मिलीभगत करते हुए अनियमितता को अंजाम दिया है. इस पूरे मामले की शिकायत संतोष महिपाल, मिलाऊ राम, कामिनी यादव, यशोदा मनहर सहित अन्य पंचों द्वारा जिला कलेक्टर जांजगीर-चांपा व जिला पंचायत सीईओ से की गई है. शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और अपात्रों को दी गई आवास स्वीकृति निरस्त कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने की मांग की है. शिकायत के अनुसार वर्ष 2025-26 व 2026-27 में ग्राम पंचायत खोरसी में लगभग 120 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किया गया था. आरोप है कि पूर्व रोजगार सहायक विवेकानंद यादव, सरपंच पति अरविंद गोंड, पंच पति प्रदीप चौहान और कमलेश चौहान द्वारा गलत तरीके से भौतिक सत्यापन किया गया. पुराने पक्के मकानों का जीओ टैग कराकर दूसरे मकान का सत्यापन दिखाया गया और कई पक्के मकान वालों को लाभ पहुंचाया गया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H