Bilaspur News Update : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले की पुलिस जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है. कांग्रेस नेता की हत्या के लिए ‘सुपारी’ देकर बड़ी साजिश रची गई थी. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को 5-5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था. श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में उनके सिर, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं.
दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समेत दो अब भी फरार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है. हालांकि, इस पूरी साजिश का मुख्य आरोपी दीपक तिवारी और एक अन्य आरोपी साहिल सोनकर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.
जल्द होगी गिरफ्तारी
फिलहाल फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक तिवारी और साहिल सोनकर की पतासाजी में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. तारबाहर पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार चल रहे दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
किराना स्टोर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. सरकंडा थाना पुलिस ने डी.एल.एस. कॉलेज के पास स्थित गोपाल किराना स्टोर में चोरी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 3 लाख रुपये का पूरा सामान बरामद किया है, और कार्रवाई कर रही है.
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित गोपाल किराना स्टोर में देर रात अज्ञात चोर ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही शुभम यादव की पहचान की. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया. आरोपी ने वारदात के बाद पहचान छिपाने की नीयत से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से संबंधित उपकरण (डीवीआर) को तालाब में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी से चोरी गया करीब 2.5 लाख रुपये नकद समेत करीब 3 लाख का सामान बरामद कर लिया है.
नशे में विवाद के बाद युवक को उतारा मौत के घाट
बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार देर रात नशे में हुई गाली-गलौज ने एक युवक की जान ले ली. मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावर इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव के घर की छत पर पहुंच गए और दीवार की ईंट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी. वारदात की सूचना रात करीब 1 बजे मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. वहीं, घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाया गया है. जांच पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे. इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और विवाद मृतक के घर तक पहुंच गया. आरोप है कि हमलावर उसके घर की छत पर चढ़ गए और जानलेवा हमला कर दिया. आरोपियों ने छत की दीवार से ईंट निकालकर इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव के सिर पर लगातार वार किए. गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच जांच कर रही है.
एलएलबी छात्र ने जहर खा दी जान, मिला सुसाइड नोट
बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के मकान में रह रहे 23 वर्षीय एलएलबी छात्र ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली. कमरे से सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, अंबिकापुर निवासी अभिषेक यादव (23) पिता गुरुप्रसाद यादव बिलासपुर के एक निजी महाविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था. उनके पिता पुलिस विभाग में उप निरीक्षक हैं. अभिषेक अशोक नगर स्थित किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था. गुरुवार को कॉलेज से लौटने के बाद वह कमरे में चला गया. शुक्रवार शाम तक दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक ने उनके दोस्तों को सूचना दी. कमरे के भीतर झांकने पर अभिषेक अचेत अवस्था में मिले. सूचना पर पहुंची सरकंडा पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू की. तलाशी के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें अभिषेक ने अपने इस कदम के लिए परिजनों से माफी मांगी है. हालांकि, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट उल्लेख है या नहीं इस संबंध में पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है. पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच जारी है.
पुल के बीचों बीच कार सहित रात भर फंसा रहा युवक
जांजगीर-चांपा. उफनते कंजीनाला पुल के उपर 3-4 फीट का पानी बहते रहने के बावजूद जिद के चलते कार पार कराने के चक्कर में युवक बीचों बीच फंस गया. सारी रात वह कार पर ही बैठा रहा. गनीमत रही कि पानी के तेज बहाव में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. अगली सुबह एसडीआरएफ की टीम ने उसे रेस्क्यू कर बाहर निकाला. जानकारी के अनुसार खैरताल निवासी किशन कुमार पिता नेतराम खांडेकर अपनी तूफान कार से शिवरीनारायण से घर लौट रहा था. रास्ते में ग्राम तुस्मा का पुराना कंजी नाला तेज बहाव के साथ उफान पर था. वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे कई बार समझाया कि पानी का बहाव अत्यधिक तेज है, इसलिए पुल पार न करें. उन्होंने सुरक्षित स्थान पर रुककर पानी कम होने का इंतजार करने की सलाह भी दी, लेकिन युवक ने किसी की बात नहीं मानी. रोड से करीब 3 से 4 फीट ऊपर पानी था लेकिन युवक ने किसी तरह वाहन को पार कराने लगा. तेज बहाव के कारण कार बीच में फंस गई. हालात ऐसे बन गए कि वह न तो आगे बढ़ सका और न ही पीछे लौट पाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पूरी रात कार के भीतर ही बैठा रहा. सुबह घटना की जानकारी प्रशासन तक पहुंची. इसके बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. काफी सावधानी और आपदा प्रबंधन के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया गया. टीम ने युवक को सकुशल कार से बाहर निकाल लिया.
बैटरी चोरी का डर, जिद या लापरवाही
चर्चा यह भी रही कि उसे इस बात की चिंता थी कि यदि वह कार छोड़कर बाहर निकल गया तो कहीं वाहन की बैटरी चोरी न हो जाए. उसकी यही जिद उसे पूरी रात मौत के साये में बैठने के लिए मजबूर कर गई. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार उसे बाहर निकलने और वाहन छोड़ देने की सलाह दी थी. लोगों ने स्पष्ट कहा था कि “बैटरी फिर खरीदी जा सकती है, लेकिन जिंदगी दोबारा नहीं मिलती.” इसके बावजूद युवक अपनी बात पर अड़ा रहा. यदि रात के दौरान जलस्तर और बढ़ जाता या बहाव और तेज हो जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. यदि युवक की किस्मत साथ न देती और समय पर राहत दल नहीं पहुंचता, तो यह जिद एक बड़े हादसे में बदल सकती थी. इसलिए बारिश के मौसम में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे उफनतेनदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें. इसके लिए पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है तथा कोटवारों के माध्यम से भी गांव-गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है.
शिवरीनारायण एसडीएम भावना साहू ने बताया कि युवक को कार से सकुशल बाहर निकाल लिया गया है, साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि नदी, नालों के किनारे न जाए.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

