Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिजली बकायेदारों के खिलाफ अब सख्ती की जाएगी. बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में रोजाना 1500 बिजली कनेक्शन काटने का लक्ष्य रखा गया है. तीनों जिलों में करीब 80 हजार पुराने बकायेदार हैं. बारिश के चलते पिछले तीन महीने से कनेक्शन काटने की कार्रवाई रुकी हुई थी, जिसे अब फिर शुरू किया जाएगा. राजस्व वसूली बढ़ाने और लाइन लॉस कम करने पर भी जोर रहेगा. कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले AE और JE के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

WhatsApp पर आया शादी का निमंत्रण, खाते से उड़े 1.40 लाख

बिलासपुर. 64 वर्षीय रिटायर्ड अकाउंटेंट को WhatsApp पर शादी का निमंत्रण भेजा गया. निमंत्रण के साथ भेजी गई APK फाइल पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया. साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 1.40 लाख रुपये निकाल लिए. ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बिलासपुर के 25 अर्बन हेल्थ सेंटर होंगे अपग्रेड

बिलासपुर. शहर के 25 अर्बन हेल्थ सेंटर को अपग्रेड करने की तैयारी है. इसके लिए 15वें वित्त आयोग से 4.62 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इस राशि से डॉक्टरों की उपलब्धता, जरूरी दवाइयां, जांच सुविधाएं और स्वास्थ्य केंद्रों के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर किया जाएगा. इन केंद्रों पर बुखार, सर्दी-खांसी, बीपी और शुगर जैसी सामान्य बीमारियों का इलाज मोहल्ले में ही उपलब्ध कराने की योजना है. इससे सिम्स और जिला अस्पताल की OPD पर मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी. वहीं चकरभाठा, बिल्हा और मस्तूरी में महिला समूहों को भी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की तैयारी है.

520 शीशी ऑनरेक्स सिरप के साथ 2 गिरफ्तार

बिलासपुर. नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 520 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई गई है. इसके अलावा एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. मामले में कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है. टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर सरकंडा पुलिस टीम ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर काले रंग की कार क्रमांक सीजी 04 क्यू डी 9753 को रोका. तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 520 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई. बरामद सिरप का कुल वजन 85.02 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1,04,780 रुपये बताई गई है. आरोपियों से प्रतिबंधित कफ सिरप रखने और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने सिरप, कार और तीन मोबाइल फोन को जब्त कर लिया. पुलिस ने मामले में मिथुन बघेल (28), पिता प्रेमलाल बघेल, निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा और अमन कुमार चौबे (26), पिता मनहरण चौबे, निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 21, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है. इस मामले में दो आरोपी फरार है. जिनमें राजा भोई और नीरज पटेल फरार हैं. दोनों पर बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है. पुलिस उनकी पतासाजी में जुटी है. ताकि जल्द से जल्द पूरे गिरोह का पता लग सके .

रेलवे स्टेशन में 12.45 लाख का गांजा जब्त

बिलासपुर. आरपीएफ की टास्क टीम और जीआरपी ने संयुक्त जांच के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन में लाखों की गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों को पकड़ा है. आरोपी गांजा को ओडिशा से लाने के बाद मध्यप्रदेश सिहोर की ओर जाने के लिए नर्मदा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे. सभी आरोपियों के पास से गांजा जब्त करने के बाद मामले की जांच शुरु कर दी गई है. आपरेशन नारकोस के तहत मंगलवार की सुबह आरपीएफ टास्क टीम 1 और जीआरपी की टीम रेलवे स्टेशन पर पेट्रोलिंग कर रही थी. इस दौरान प्लेटफार्म नम्बर 7-8 पर कुछ संदिग्ध के साथ गांजा होने की सूचना टीम को मिली. सूचना मिलते ही टीम प्लेटफार्म नम्बर 7-8 पर पहुंची, जिसे देखकर प्लेटफार्म पर खड़े पांच लोग भागने का प्रयास करने लगे. सभी को घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ की गई. इन आरोपियों में एक महिला भी शामिल थी. जांच के दौरान सभी के बैग सें करीब 12 लाख 45 हजार रुपए का 24 किलो 900 ग्राम गांजा जब्त किया गया. आरोपी सिहोर शाहगंज निवासी जितेन्द्र पर्ते पिता गुंठीलाल पर्ते 30 साल, शिवा कुचबंधिया पिता चंदालाल कुचबंधिया 23 साल, अर्जुन इरपाचे पिता निर्भय इरपाचे 25 साल, टिमरनी हरदा मध्यप्रदेश निवासी मेगराज कुचबंधिया पिता मूलचंद कुचबधिया 40 साल और महिला पिंकी कुचबंधिया पति मेगराज कुचबंधिया 35 साल से पूछताछ में जानकारी मिली कि सभी ओडिशा से गांजा लाने के बाद पुड़िया बनाकर लोगों को दो गुना कीमत पर बेचने का काम करते हैं.

स्पोर्ट्स बाइक के शौक ने तीन दोस्तों को बना दिया चोर

कोरबा. तीन दोस्तों को स्पोर्ट्स बाइक के शौक ने चोर बना दिया. उन्होंने अलग अलग क्षेत्र से बाइक व एक्टिवा की चोरी तो कर ली, लेकिन उनकी किस्मत खराब थी. वे जिस दुकान में डुप्लीकेट चाबी बनवाने पहुंचे, वह दुकानदार बाइक मालिक का रिश्तेदार निकला. उसने संदेह होने पर डॉयल 112 में सूचना दे दी. मामले में मुख्य आरोपी व दो अपचारी बालक के खिलाफ कार्रवाई की है. दरअसल बांकीमोंगरा थानांतर्गत कुदरीपारा 2 नंबर गेट के समीप देव कुमार अहिरवार निवास करता है. उसने 5 सितंबर की रात अपनी पल्सर 200 बाइक क्रमांक सीजी 12 बीटी 6722 को दुकान के सामने लॉक कर खड़ी किया था. वह 6 सितंबर की सुबह दुकान के सामने पहुंचा तो बाइक गायब मिली. उसकी बाइक को चोरों ने पार कर दिया था. जिसकी शिकायत देव कुमार ने थाना पहुंचकर की. मामले में प्रकरण पंजीबद्ध कर पुलिस पतासाजी में लगी थी. इसी बीच सोमवार को एक युवक डुप्लीकेट चाबी बनवाने टीपी नगर स्थित दुकान पहुंचा. युवक जिस दुकान मे चाबी बनवाने का प्रयास कर रहा था, वह दुकानदार बाइक मालिक का रिश्तेदार निकला. उसे युवक के हावभाव से संदेह हो गया. उसने चुपके से डॉयल 112 को सूचना दे दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डॉयल 112 व पुलिस की टीम ने युवक को पकड़ लिया. पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हरदीबाजार थानांतर्गत भिलाई बाजार निवासी मोनेंद्र कुमार उर्फ मोनू 19 वर्ष बताया. उसने अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर बांकीमोंगरा से पल्सर बाइक के अलावा कुसमुंडा क्षेत्र से एक्टिवा क्रमांक सीजी 12 बीयू 7208 को चोरी करना स्वीकार कर लिया.

रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन के लिए 212.90 करोड़ स्वीकृत

रायगढ़ . रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा 37 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस परियोजना के लिए प्रभावित भूमि के भू-अर्जन एवं वन भूमि व्यपवर्तन कार्य हेतु 2129.051 लाख रुपये, अर्थात लगभग 212 करोड़ 90 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित सीमा के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण एवं संबंधित कार्यों के लिए किया जाएगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध आवंटन की सीमा में ही व्यय सुनिश्चित किया जाएगा तथा अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होने पर पूर्व स्वीकृति आवश्यक होगी. रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा मार्ग लंबे समय से भारी औद्योगिक वाहनों के दबाव का सामना कर रहा है. इस मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों के साथ औद्योगिक परिवहन की अत्यधिक आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. क्षेत्र की जनता द्वारा वर्षों से इस महत्वपूर्ण मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग की जा रही थी. सांसद राधेश्याम राठिया की पहल के बाद परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण एवं वन भूमि व्यपवर्तन की प्रशासनिक स्वीकृति को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. सांसद राठिया ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है. फोरलेन मार्ग के निर्माण से रायगढ़ जिले के बड़े हिस्से की आबादी को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र, व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी गति मिल सकती है. परियोजना से जुड़े आदेश में मार्ग के आसपास नियोजित विकास, स्थानीय भूमि की संरचना के अनुरूप सड़क निर्माण तथा प्रभावितों को आवश्यकतानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने जैसे बिंदुओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए गए हैं. रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन को जिले के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H