Bilaspur News Update : बिलासपुर. डिप्टी सीएम अरुण साव ने रविवार को स्कूटी से शहर और आसपास के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन अटल पथ, राम सेतु और सीवरेज प्रोजेक्ट सहित अन्य लंबित परियोजनाओं का जायजा लिया. कार्यों में हो रही लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को समय पर निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी भी उनके साथ मौजूद रहे.
हत्या के प्रयास का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन अहिरवार उर्फ नाचू को गिरफ्तार कर लिया है. मामला 25 अप्रैल 2026 की रात चिंगराजपारा स्थित प्रभात चौक का है, जहां नाली में पेशाब करने की बात को लेकर विवाद के बाद करीब 15 लोगों ने डंडे, चाकू और अन्य हथियारों से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया था. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा. मामले में अब तक 4 वयस्क आरोपियों और 7 अपचारी बालकों की गिरफ्तारी हो चुकी है. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.
Bilaspur News Update : गांजा के साथ 2 महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर. पुलिस ने उस्लापुर रेलवे स्टेशन के पास से 12.405 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जिनके साथ 4-5 वर्ष का एक बच्चा भी मिला. आरोपी ट्रॉली बैग में गांजा छिपाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन से उस्लापुर की ओर जा रहे थे. पुलिस ने करीब 6.25 लाख रुपये कीमत का गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं. आरोपी ओडिशा और जांजगीर-चांपा के निवासी हैं. उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ज्वेलर्स दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलो चांदी, 13.30 ग्राम सोने के जेवर, वारदात में प्रयुक्त बाइक सहित करीब 6.80 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है. घटना 20 फरवरी 2026 की है, जब दुकान बंद करते समय बदमाशों ने सोना-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकदी से भरे दो बैग लूट लिए थे. जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. पेंड्रा पुलिस द्वारा दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस वारदात का खुलासा हुआ. गिरफ्तार आरोपियों में खुशीराम साहू, मनीष मंडल, राजाराम साहू और चोरी का माल खरीदने के आरोपी दीपक वर्मा शामिल हैं.
स्कूल में चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बेलगहना क्षेत्र स्थित ढोलमौहा प्राथमिक स्कूल में धारदार चापड़ लहराकर शिक्षकों और बच्चों को डराने वाले आरोपी शिवरतन दास मानिकपुरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से तलवारनुमा धारदार चापड़ बरामद किया गया है. बेलगहना चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Bilaspur News Update : नाले के पास जुआ खेलते छह आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम घोंघाडीह नाला के पास जुआ खेल रहे छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश और 16,550 रुपये नकद जब्त किए गए. सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है.
युवक पर चाकू से हमला, लूट के बाद बदमाश फरार
बिलासपुर. लालखदान क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी और लूट की घटना से सनसनी फैल गई. अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर बेल्ट और चाकू से जानलेवा हमला करने के बाद उससे लूटपाट की और मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल युवक को डायल-112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया. तीन दिनों के भीतर इलाके में लूटपाट की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिसके बाद तोरवा पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

