Bilaspur News Update : बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मैट्रिक चौक के पास 26 जुलाई की रात दो पक्षों के बीच शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झड़प में बदल गया. घटना के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दो अलग-अलग गंभीर अपराध दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 धारदार चाकू और 1 तलवार भी जब्त की है. पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में कुछ आरोपी घायल भी हुए. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

रैपिडो चालक से चाकू की नोक पर लूट, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. पुलिस ने चाकू की नोक पर रैपिडो चालक से लूट करने वाले आरोपी राहुल गोस्वामी निवासी टिकरापारा को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक 26 जुलाई की सुबह टिकरापारा क्षेत्र में आरोपी ने रैपिडो चालक का रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे. पैसे देने से इनकार करने पर उसने चाकू दिखाकर पीड़ित की जेब से नगदी और आधार कार्ड लूट लिया और फरार हो गया. सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लूटी गई रकम बरामद कर ली है. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

नशीली टैबलेट और गांजा के साथ पकड़ाया युवक

बिलासपुर. पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत पचरीघाट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जूना बिलासपुर निवासी देवेन्द्र इंगले को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अरपा नदी किनारे घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, जिसके कब्जे से 139 नग नशीली Nitrazepam और Nitrosun टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, 1,000 रुपए की बिक्री रकम तथा एक बाइक बरामद की गई. आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 22(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चेन और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है. 

युवक ने लगा ली होटल के कमरे में फांसी

बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है. तोरवा टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि शिव शंकर शर्मा (23), पिता नंदलाल शर्मा सरकंडा निवासी है जो कि निजी कंपनी में कार्यरत था. उसने होटल इंटरसिटी में एक कमरा बुक कराया था. बताया जा रहा है कि उसने कमरे के भीतर फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है.

बैंगलुरु से लौटी युवती डेंगू पॉजिटिव, इलाज जारी

जांजगीर-चांपा. इस साल जिले का पहला डेंगू केस मिलने से हड़कंप मच गया. बैंगलुरु के कपड़ा कारखाना में काम करने वाला परिवार कुछ दिन पहले यहां वापस लौटा है. इस परिवार की युवती को चार दिनों से तेज बुखार था, नहीं उतरने पर जांच रिपोट पॉजिटिव मिली. युवती की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण इलाज के लिए जिला अस्पताल में टेस्ट कराया. एनएस-1 एंटीजन जांच में वह डेंगू पाजिटिव मिली. स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया है और परिवार की कांटेक्ट हिस्ट्री जांच कर रही है. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा ब्लाक की रहने वाली दुर्गेश्वरी यादव पिता हीरालाल यादव अपने परिवार के साथ बेंगलुरू के टेक्ससाइल कम्पनी अर्थात कपड़ा कम्पनी में काम करते थे. बैंगलूरू में युवती की तबियत खराब होने पर वहां पर इलाज कराया लेकिन वहां ठीक नहीं होने पर अपने गांव आ गये. जिससे कि 23 जुलाई को बुखार अधिक होने पर वे इलाज के लिए जिला अस्पताल आ गये, जहां पर विभिन्न प्रकार के जांच लिखे गये जिसमें डेंगू जांच भी लिखा था, ऐसे में जांच उपरांत जब रिपोर्ट आया तो एनएस-1 एन्टीजन में डेंगू मलेरिया पाजिटिव पाया गया. ऐसे में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल विभाग उसके परिवार की कांटेक्ट हिस्ट्री जांच कर रही है. युवती के संपर्क में आये लोग की जांच कर रही है.

विवाद के बाद मायके गई बीवी, पति ने किया सुसाइड 

रायगढ़. शहर के जूटमिल क्षेत्र में घरेलू कलह होने पर बीवी जब बच्चे को लेकर मायके गई तो शराब के नशे में डूबे पेंटर ने खुदकुशी कर ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शहर के जूटमिल थानांतर्गत कयाघाट में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला संजय प्रकाश टंडन पिता अनिल टंडन (32 वर्ष) पेंटिंग का काम करता था. सारंगढ़ के कोसीर की सरिता से तकरीबन 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी और दोनों के 2 बच्चे हैं. संजय शराब पीने का आदी था. 10 रोज पहले आपसी बात को लेकर संजय का सरिता से जमकर विवाद हुआ तो गुस्साई बीवी अपने एक बच्चे के साथ मायके चली गई. पत्नी और बच्चे के ससुराल जाने से खिन्न संजय मदहोश रहने लगा था. बीते 26 जुलाई की शाम संजय मुर्गा और शराब लेकर घर पहुंचा. खाना खाने के बाद वह अपने कमरे सोने चला गया. रात लगभग 9 बजे संजय के भाई संजीव प्रकाश ने देखा कि कमरे के एस्बेस्टस में लगे लोहे की पाइप में चुनरी से बंधे फांसी के फंदे पर वह झूल रहा था. बदहवास संजीव ने फांसी पर लटक रहे संजय को नीचे उतारते हुए आसपास के लोगों की मदद से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचा तो डॉक्टर्स ने प्रारंभिक परीक्षण में ही उसे मृत घोषित कर दिया. संजीव प्रकाश टंडन ने बताया कि नशे के चक्कर मे उसके भाई ने अपना जीवन खो दिया. शराब पीने के बाद संजय अक्सर कहता था कि वह फांसी लगाकर मर जायेगा, मगर परिजन उसकी बात को अनसुना कर देते थे. अगर संजय की पत्नी मायके नहीं जाती तो आज वह जिंदा रहता.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H