Bilaspur News Update : बिलासपुर . बिलासा देवी एयरपोर्ट के हँगर में खड़े एलाइंस एयर कंपनी के क्षतिग्रस्त विमान को लेकर तकनीकी जांच और रिपोर्टिंग का काम तेजी से चल रहा है. 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची फ्लाइट लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होने से बची थी, जिसके बाद से विमान ग्राउंडेड है. एयरकॉफ्ट के लेफ्ट साइड का टायर अचानक पंचर हो गया, जिसके बाद पायलट को तुरंत इमरजेंसी ब्रेकिंग का सहारा लेना पड़ा था. इस हादसे के बाद डीजीसीए और एलाइंस एयर कंपनी के इंजीनियरों की टीम बिलासपुर आई थी. उन्होंने हादसे के शिकार विमान की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. आवश्यक कार्रवाई के बाद डीजीसीए और कंपनी के इंजीनियर वापस लौट गए हैं. इस बीच विमान की निर्माता कंपनी एटीआर ने दिल्ली से अपने एक विशेषज्ञ प्रतिनिधि को बिलासपुर भेजा है. प्रतिनिधि ने बिलासपुर पहुंचकर विमान का पहला प्राथमिक निरीक्षण पूरा कर लिया है. उनके द्वारा सोमवार को विमान का एक बार फिर अंतिम निरीक्षण किया जाएगा. निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एटीआर के प्रतिनिधि अपनी एक विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेंगे. इस रिपोर्ट में विमान के उन सभी उपकरणों और कंपोनेंट्स की सूची तैयार की जाएगी जो क्षतिग्रस्त हैं या जिन्हें बदलने की जरूरत है. रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद ही आवश्यक स्पेयर पार्ट्स बाहर से मंगाए जाएंगे, जिसके बाद ही मरम्मत का काम शुरू हो सकेगा. इस पूरी प्रक्रिया में अभी काफी समय लगने की संभावना जताई जा रही है. लैंडिंग के वक्त इमरजेंसी ब्रेकिंग के कारण विमान के चारों टायर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे एलाइंस एयर को करीब 3 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है. साथ ही यह एयरक्राफ्ट अगले 6 महीने तक उड़ान नहीं भर सकेगा. इस हादसे की नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (जीडीसीए) द्वारा भी जांच की जा रही है, जिसकी फाइनल रिपोर्ट आने में लगभग तीन महीने का समय लगेगा. फिलहाल हवाई अड्डे पर कागजी व तकनीकी कार्रवाई जारी है और विभाग की ओर से किसी अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है.
जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान में लेंगे सीजे की शपथ
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे. वे सुबह 9.30 बजे जयपुर स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में राजस्थान के राज्यपाल द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे. इसके साथ ही वे राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे.जस्टिस संजय के. अग्रवाल छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश रहे हैं. न्यायिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. शपथ ग्रहण के बाद सोमवार को ही वे जयपुर हाईकोर्ट पहुंचकर मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे. इसके साथ ही राजस्थान हाईकोर्ट में उनके नए कायर्काल की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी. जस्टिस अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लंबे समय तक न्यायिक दायित्व निभाया है. उनके कार्यकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण संवैधानिक, प्रशासनिक और न्यायिक मामलों में दिए गए फैसलों को महत्वपूर्ण माना गया है. वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में उन्होंने हाईकोर्ट की कई महत्वपूर्ण पीठों में मामलों की सुनवाई की. राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब न्यायपालिका में प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यों के बेहतर संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके सामने होगी. सोमवार को शपथ लेने के बाद वे राजस्थान हाईकोर्ट की न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे.
बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट से अंबिकापुर स्टॉपओवर खत्म
बिलासपुर. एलायंस एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता कनेक्टिंग हवाई सेवा बंद कर दी है. अब फ्लाइट सीधे कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता रूट पर संचालित होगी. अंबिकापुर रूट पर यात्रियों की कम संख्या के चलते यह फैसला लिया गया है. हालांकि, बिलासपुर-कोलकाता सीधी उड़ान को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह गुरुवार व शनिवार को जारी रहेगी. क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई 91 ने 40 नए ATR-72 विमानों का ऑर्डर दिया है, जिनकी डिलीवरी 2027 से शुरू होगी. कंपनी पूर्वी भारत में नया बेस बनाने की तैयारी में है और बेस तय होने के बाद बिलासपुर से उड़ान शुरू करने की योजना है. बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट का 1500 मीटर रनवे ATR जैसे छोटे विमानों के लिए उपयुक्त है, ऐसे में फ्लाई 91 के विस्तार से बिलासपुर में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है.
नाबालिग से दैहिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली. जिले के लोरमी क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसका शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशों के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की सख्त धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की है. मामला तब सामने आया जब पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए ASP प्रशांत शुक्ला और SDOP माधुरी धीरही के कुशल मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश पाटले को हिरासत में लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. मामले में पीड़िता और आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकंजा कसते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट जैसी कड़े कानून के तहत अपराध जोड़कर कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मृत समझकर आरोपी हुए फरार एक माह बाद आया होश
पेंड्रा. जिले के मरवाही थाना क्षेत्र की सिवनी चौकी अंतर्गत ग्राम मड़वाही में युवक से बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हमले के बाद आरोपी युवक को मृत समझकर मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल युवक करीब एक माह तक उपचार के बाद होश में आया, जिसके बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. मड़वाही निवासी गोविंद सिंह मरपच्ची को बीरेन्द्र कुमार बघेल ट्रैक्टर चलाने के नाम पर अपने साथ 31 जुलाई को लेकर गया था. देर रात करीब 1:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि गोविंद चर्चेड़ी तालाब के पास लहूलुहान हालत में पड़ा है. उसके सिर से लगातार खून बह रहा था. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे. गंभीर हालतव में उसे जिला अस्पताल और बाद में बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. करीब एक माह बाद होश में आने पर गोविंद ने बताया कि तालाब के पास एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज की और अज्ञात हमलावर ने पीछे से उसका मुंह दबाकर बेरहमी से मारपीट की. सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपी उसे मृत समझकर फरार हो गए. वहीं परिजनों की शिकायत पर सिवनी चौकी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 115 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की पहचान और हमले की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है.
कपलिंग टूटी, दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी
जांजगीर-चांपा. रेलवे स्टेशन जांजगीर-नैला के प्लेटफार्म नंबर 2 पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी हो गई, जब एक मालगाड़ी की कपलिंग टूट गई. बताया जा रहा है कि मालगाड़ी दो इंजनों के साथ चल रही थी और कपलिंग टूटने के बाद ट्रेन दो हिस्सों में अलग हो गई. घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है. फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद प्लेटफार्म नंबर 2 पर रेल परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ है. रेलवे के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मामले की स्थिति को संभालने में जुटे रहे और कपलिंग टूटने के बाद मालगाड़ी के अलग हुए हिस्सों को सुरक्षित करने और परिचालन सामान्य करने की कार्रवाई की गई. मालगाड़ी की कपलिंग आखिर किन परिस्थितियों में टूटी, इसका वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. कपलिंग टूटने की तकनीकी वजह क्या थी और घटना के समय मालगाड़ी की स्थिति क्या थी, इसका आधिकारिक खुलासा रेलवे विभाग की जांच और अधिकारियों के बयान के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल घटना को लेकर रेलवे विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया.

मेडिकल दुकान में जा घुसी बेकाबू एंबुलेंस
रायगढ़. शहर के मेडिकल कालेज रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार निजी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मेडिकल स्टोर के सामने जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान के बाहर लगा खंभा टूट गया और सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि हादसा आधी रात को हुआ जब सड़क और दुकान के सामने सन्नाटा था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास से गुजर रही एंबुलेंस काफी तेज रफ्तार में थी. अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और एंबुलेंस सीधे मेडिकल स्टोर के बाहरी हिस्से से टकरा गई. जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. टक्कर के असर से एंबुलेंस का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक की जान बच गई. घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय नागरिकों और मेडिकल स्टोर संचालक का आरोप है कि एंबुलेंस चालक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत था और अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. हालांकि, चालक के नशे में होने की कानूनी पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल मुलाहिजा रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगी. मामले की जानकारी चक्रधर नगर थाना पुलिस को दे दी गई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



