Bilaspur News Update : पेण्ड्रा. दूरस्थ ग्राम डाहीबहरा की आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की होनहार बालिका कुमारी उर्मिला बैगा को पीएम श्री सेजेस हिन्दी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पेण्ड्रा में कक्षा 11वीं में प्रवेश दिलाया गया. साथ ही पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, पेण्ड्रा में भी प्रवेश कराया गया है. उर्मिला ग्राम पंचायत डाहीबहरा, विकासखंड गौरेला की निवासी हैं. उनके पिता रामचरण बैगा कृषि मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उर्मिला ने पिछले सत्र में हाई स्कूल अँधियारखोह से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण की. अँधियारखोह में हायर सेकेंडरी विद्यालय नहीं होने और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. इसकी जानकारी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारीपारा की प्राचार्य मोनिका जैन को मिली, जिन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी के संज्ञान में मामला लाया. जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में मोनिका जैन और बालिका शिक्षा कार्यक्रम की जिला समन्वयक सरस्वती यादव ने उर्मिला को पेण्ड्रा लाकर विद्यालय में प्रवेश दिलाया. प्रवेश शुल्क मोनिका जैन ने वहन किया. वहीं नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा अध्यक्ष राकेश जालान ने ड्रेस, ब्राउजर, पुस्तकें, कॉपियां और जूते प्रदान किए. राकेश जालान ने कहा कि आर्थिक परिस्थिति किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए. उमिर्ला जैसी बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देना सभी की जिम्मेदारी है. नगर पालिका की ओर से उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग किया जाएगा. इस दौरान राकेश चतुर्वेदी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पेण्ड्रा आर.एन. चंद्रा, बालमुकुंद अग्रवाल और आलोक शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
पारिवारिक विवाद में बड़े भाई की हत्या (Bilaspur News Update)
बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में पारिवारिक विवाद के बाद बड़े भाई की हत्या का मामला सामने आया है. दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने कथित तौर पर सब्बल से हमला कर बड़े भाई की जान ले ली. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुदर्शन कुर्रे अपने भांजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था. इस दौरान बड़े भाई सुभाष कुर्रे ने सुदर्शन को ऐसा करने से मना किया. इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि विवाद के दौरान सुदर्शन कुर्रे ने सब्बल से अपने बड़े भाई सुभाष कुर्रे पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण सुभाष की मौत हो गई. घटना के वक्त दोनों भाइयों के नशे में होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ट्रांसफार्मर पैनल बोर्ड में चिपका मिला युवक (Bilaspur News Update)
जांजगीर-चांपा. घर से काम करने रायगढ़ जाने की बात कहकर निकले कोसमंदा के युवक का चेहरा ट्रांसफार्मर के खुले पेनल बोर्ड में चिपके मिला. बिजली करंट से उसकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है. जिस तरह से वह पैनल बोर्ड में चिपका मिला उससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद ही आत्महत्या के इरादे से ऐसा किया हो. इस संबंध में कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमंदा निवासी प्रहलाद करियारे पिता ओमप्रकाश करियारे 20 अगस्त को रायगढ़ काम करने जा रहा हूं कहकर निकला था. लेकिन वह रायगढ़ काम में नहीं पहुंचा था. परिवार के लोग उसे खोज ही रहे थे. 27 अगस्त सिटी कोतवाली जांजगीर को सूचना मिली कि पुराना जिला चिकित्सालय के समीप ट्रांसफार्मर के पेनल बोर्ड की करंट में एक युवक चिपका हुआ है. जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया साथ ही उसके परिजनो को सूचना दी है.
दंपत्ति से सरेआम मारपीट, 2 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र में पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर दंपत्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. गणेश अस्पताल के पास युवकों ने पति को पत्नी के सामने लाठी-डंडे और बेल्ट से जमकर पीटा. पति को बचाने पहुंची महिला के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की. हमले में दोनों के सिर और हाथ में चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ था. इसके बाद आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और बेल्ट से मारपीट की. पति को बचाने के दौरान महिला भी हमले की चपेट में आ गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. दंपत्ति की शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी विनित श्रीवास और किशन ध्रुव के खिलाफ कार्रवाई की है. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

फसल चराने के विवाद में हत्या, 4 गिरफ्तार, हिरासत में नाबालिग
बिलासपुर. खेत की फसल चराने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं 1 नाबालिग को हिरासत में लिया गया है. आरोपियों पर मृतक को जबरन कीटनाशक पिलाकर हत्या करने का आरोप है. घटना 27 अगस्त को ग्राम मुरू-खरकेना मार्ग पर हुई थी. मृतक की पहचान ग्राम पथराली निवासी राजू निर्मलकर के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने राजू को कथित तौर पर जबरन कीटनाशक पिला दिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने गोलू उर्फ जगजीवन पठारी, मनमोहन पठारी, संदीप यादव, राकेश निर्मलकर और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. आरोपी गोलू की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद किया है. हिर्री पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई कर रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


