Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासा देवी हवाई अड्डे से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को एक और बड़ा झटका लगा है. कोलकाता और अंबिकापुर के लिए हवाई सेवाएं ठप होने के बाद अब बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली उड़ानों पर भी ब्रेक लग गया है. प्रयागराज रूट पर यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है. इसे ध्यान में रखते हुए एलाइंस एयर कंपनी ने फिलहाल प्रयागराज जाने वाली फ्लाइट को बंद कर लिया है. कल शुक्रवार को दिल्ली से आने वाली फ्लाइट व्हाया प्रयागराज नहीं जाकर सीधे दिल्ली जाएगी. शहर के हवाई यात्रियों को एक के बाद एक झटका मिल रहा है. बिलासपुर से हवाई सेवा उपलब्ध कराने वाली एक मात्र एयरलाइंस कंपनी एलाइंस एयर एयरकॉफ्ट की कमी से जूझ रही है. इसलिए यात्रियों की कमी बताकर बिलासपुर से कई हवाई मार्ग में सेवा को लगातार बंद कर रही है. कंपनी ने कुछ दिन पहले यात्रियों की कमी का हवाला देकर कोलकाता और अंबिकापुर उड़ान को बंद किया था. अब एक बार फिर प्रयागराज उड़ान को बंद कर झटका दिया है. पहले प्रयागराज कंपनी के लिए सबसे फायदे मंद रूट होता था. अब उक्त रूट पर यात्रियों का मोहभंग होने का बड़ा कारण किराए में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी है. पहले जिस सफर का किराया 3,200 से 3,600 हुआ करता था, वह अब बढ़कर लगभग 5,300 तक पहुंच चुका है. किराए में इस भारी उछाल की वजह से यात्रियों ने फ्लाइट छोड़कर सड़क मार्ग और ट्रेन से यात्रा करना शुरू कर दिया है. इसलिए बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से गिर रही है. बिलासपुर से व्हाया प्रयागराज-दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में जहां दिल्ली के लिए 50 में से 45 सीटें बुक हो रही हैं, वहीं प्रयागराज के लिए मुश्किल से 4 से 5 यात्री ही मिल पा रहा है. इसे ध्यान में रखते हुए एलाइंस एयर कंपनी ने शुक्रवार को दिल्ली से बिलासपुर आकर व्हाया प्रयागराज होते हुए दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को बिलासपुर से सीधे दिल्ली जाएगी. उक्त विमान प्रयागराज नहीं जाएगी. वहीं रविवार को दिल्ली से प्रयागराज होते हुए बिलासपुर फ्लाइट आने की बात कही जा रही है, लेकिन यहां से सीधे दिल्ली के लिए ही उड़ान भरेगी. हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह तक अतिरिक्त विमान उपलब्ध होने पर प्रयागराज फ्लाइट शुरू की जा सकती है. एलाइंस एयर कंपनी के पास एटीआर विमानों की भारी कमी है. उसके कई एयरकॉफ्ट ग्राउंडेड है. इसमें एक क्षतिग्रस्त विमान बिलासपुर एयरपोर्ट में एक माह से अधिक समय से खड़ी है. साथ ही राज्य सरकार द्वारा एयर कंपनी को कम यात्री मिलने पर देने वाली वीजीएफ देने से भी हाथ खिंच रहे है. इसलिए एलाइंस एयर को अपनी सेवा में उक्त दबाव के साथ यात्रियों की कमी का हवाला देकर लगातार फ्लाइट की संख्या घटा रही है. वर्तमान में बिलासपुर से सिर्फ दिल्ली की फ्लाइट चल रही है. शहर से कोलकाता, अंबिकापुर, जबलपुर, जगदलपुर, भोपाल और इंदौर की हवाई सेवा पहले से बंद की जा चुकी है.
इतवारी-शालीमार के बीच चलेगी पूजा स्पेशल
बिलासपुर. आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल ने एक बड़ा फैसला लिया है. रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-शालीमार-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के मध्य पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है. यह स्पेशल ट्रेन तीन फेरे लगाएगी. 08861 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-शालीमार पूजा स्पेशल ट्रेन 15, 22 एवं 29 अक्टूबर तक प्रत्येक गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से 17:10 बजे रवाना होगी. इसी तरह 08862 शालीमार-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्पेशल ट्रेन वापसी में 16, 23 एवं 30 अक्टूबर तक प्रत्येक शुक्रवार को शालीमार स्टेशन से 18:00 बजे प्रस्थान करेगी. 08861 इतवारी से शालीमार स्पेशल ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से शाम 17:10 बजे रवाना होकर गोंदिया 19:00 बजे, डोंगरगढ़ 20:08 बजे, राजनांदगांव 20:35 बजे, दुर्ग 21:40 बजे, रायपुर 22:25 बजे, भाटापारा 23:20 बजे, बिलासपुर 00:35 बजे, चांपा 1:35 बजे, रायगढ़ 2:32 बजे, झारसुगुड़ा 4:05 बजे, राउरकेला 5:40 बजे, चक्रधरपुर 7:38 बजे, टाटानगर जंक्शन 9:00 बजे, खड्गपुर 11:15 बजे, संतरागाछी जंक्शन 13:00 बजे होते हुए दोपहर 14:00 बजे शालीमार पहुंचेगी. इसी तरह 08862 शालीमार से इतवारी पूजा स्पेशल ट्रेन शालीमार स्टेशन से शाम 18:00 बजे रवाना होकर संतरागाछी जंक्शन 18:18 बजे, खड्गपुर 20:05 बजे, टाटानगर जंक्शन 21:55 बजे, चक्रधरपुर 22:53 बजे, राउरकेला 00:30 बजे, झारसुगुड़ा 2:25 बजे, रायगढ़ 3:51 बजे, चांपा 5:15 बजे, बिलासपुर 7:25 बजे, भाटापारा 8:14 बजे, रायपुर 9:20 बजे, दुर्ग 11:10 बजे, राजनांदगांव 11:36 बजे, डोंगरगढ़ 12:04 बजे, गोंदिया 13:15 बजे होते हुए अगले दिन दोपहर 15:35 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी. इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें दिव्यांग अनुकूल सह गार्ड के 2, सामान्य श्रेणी के 4, स्लीपर के 10, तृतीय श्रेणी वातानुकूलित के 3 और द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित का 1 कोच शामिल है.
रायपुर से इलाज कराकर लौट रही बुजुर्ग रहस्यमय तरीके से गायब
रायगढ़. थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव की रहने वाली 67 साल की एक बुजुर्ग महिला ने अपने पति के अचानक गायब होने की शिकायत पुलिस से की है. महिला का कहना है कि वह अपने पति के साथ इलाज कराने रायपुर गई थी. वहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में उनके पति गाड़ी से नीचे उतरे और फिर रहस्यमय तरीके से गायब हो गए. काफी खोजने के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो परेशान पत्नी ने किसी अनजान व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने का शक जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है. घटना 27 अगस्त के शाम की है. एक महीने की खोजबीन के बाद परिवार ने 07 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस को दी गई शिकायत में भवानीपुर की रहने वाली जीतो बाई ने बताया कि वह अपने पति मनकसाय के साथ रायपुर के मां पदमनी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस अस्पताल गई थीं. उन्हें झगरपुर के एक एजेंट ने आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने के लिए वहां भेजा था. इसके लिए दोनों गांव से एक बोलेरो गाड़ी में बैठकर रायपुर के लिए रवाना हुए थे. इलाज पूरा होने के बाद दोनों उसी बोलेरो से भवानीपुर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान 27 अगस्त की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच, रायपुर और सरायपाली के रास्ते में मनकसाय ने बाथरूम जाने की बात कही. गाड़ी रुकवाकर वह नीचे उतरे, लेकिन इसके बाद वह वापस गाड़ी के पास लौटकर ही नहीं आए. काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब वे नहीं आए, तो उनकी तलाश शुरू की गई. घटना 27 अगस्त की है, लेकिन परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दी. इतने दिनों तक परिजन और रिश्तेदार अपने ही स्तर पर आसपास और हर संभावित जगह मनकसाय की खोजबीन करते रहे. जब सवा महीने (करीब 40 दिन) से ज्यादा का वक्त बीत गया और उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तब थक-हारकर जीतो बाई ने अब लैलूंगा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. महिला ने पुलिस को उस एजेंट का मोबाइल नंबर भी दिया है, जो उन्हें इलाज के लिए ले गया था. पत्नी को डर है कि उसके पति को कोई अनजान व्यक्ति बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है. फिलहाल पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि गाड़ी से उतरने के बाद बुजुर्ग आखिर कहां चले गए. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और घटनाक्रम की जांच कर लापता मनकसाय की तलाश में जुट गई है.
गरबा ड्रेस में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु दिखाने का मामला, 9 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए वीडियो बनाया गया था. मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है. सभी आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर की प्रक्रिया भी की जा रही है. पुलिस ने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के आपत्तिजनक प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.
61 मामलों में जब्त मादक पदार्थ नष्ट, 302 किलो से अधिक गांजा जलाया गया
बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस ने 61 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया. इस दौरान 302 किलो 642 ग्राम गांजा, 1,989 नग सिरप, 9,641 नग इंजेक्शन और एम्पुल, 11,610 टैबलेट, 248 कैप्सूल, ब्राउन शुगर और चरस समेत विभिन्न मादक पदार्थ नष्ट किए गए. यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में ड्रग डिस्पोजल समिति के सदस्यों और पंचों की उपस्थिति में की गई. सूधा बायो पावर प्राइवेट लिमिटेड की भट्ठी में नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई. पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

ऑटो-ई रिक्शा का डिजिटल पंजीकरण अभियान
बिलासपुर. शहर में सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीकरण अभियान शुरू किया है. इसके तहत प्रत्येक वाहन को विशिष्ट डिजिटल आईडी और QR कोड दिया जाएगा, जिसे स्कैन कर यात्री चालक और वाहन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. अभियान के पहले दिन ही 3 हजार से अधिक ऑटो चालकों ने पंजीकरण कराया. पुलिस ने सभी ऑटो चालकों को तीन दिन के भीतर रजिस्ट्रेशन कराने की समय-सीमा दी है. शहर के चौक-चौराहों पर अभियान चलाकर पंजीकरण किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को मजबूत करना है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

