Bilaspur News Update : बिलासपुर. खराब मौसम और चक्रवाती तूफान (साइक्लोन) के प्रभाव को देखते हुए एलाइंस एयर कंपनी ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली-प्रयागराज-बिलासपुर-दिल्ली रूट पर संचालित होने वाली कल 27 सितंबर की उड़ान को रद्द कर दिया गया है. जिसके कारण उसमें यात्रा करने के लिए टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ेगी. मौसम विभाग द्वारा 27 सितंबर तक साइक्लोन और खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है. हवाई यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल कल की दिल्ली उड़ान को रद्द करने का निर्णय लिया गया है. इससे पहले दिल्ली की नियमित उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही थीं और केवल कल के लिए ही यह रद्दीकरण लागू किया गया है. वहीं दूसरी ओर, कोलकाता की उड़ान दो हफ्तों से बंद चल रही है.कोलकाता में एक विमान के ग्राउंडेड होने और पर्याप्त पैसेंजर लोड नहीं मिलने के कारण इस सेवा को पहले ही निलंबित कर दिया गया था. वर्तमान में स्थानीय एयरपोर्ट से सप्ताह में चार फ्लाइट ऑपरेट हो रही है. वह सभी दिल्ली की है. जो एक दिन व्हाया प्रयागराज है. वहीं एक दिन व्हाया अंबिकापुर और दो दिन डायरेक्ट दिल्ली जाती है.
जेल भेजा गया खपरगंज हिसा का आरोपी रामसिंह ठाकुर
बिलासपुर. खपरगंज हिंसा के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर को स्पेशल टीम ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया. पुलिस उसे शनिवार को लेकर बिलासपुर पहुंची और उसे कोर्ट में पेश किया और कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया. सेंट्रल जेल प्रशासन ने आरोपी को रामसिंह को अंबिकापुर जेल ट्रांसफर कर दिया है. गौरतलब है कि 28 अगस्त की रात खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था. विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव किया गया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को नियंत्रण के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. इसके बाद भी स्थिति सामान्य नहीं होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था. मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज किया है. हिंसा के मामले में एक पक्ष के मुख्य आरोपी सहित 22 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर घटना के बाद से फरार था. उसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था. एसएसपी के निर्देश पर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई. बताया जा रहा है कि टीम को आरोपी के मध्यप्रदेश में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के ग्राम माकरी कुठार, धिरलर, बृजपुर क्षेत्र में दबिश दी. यहां आरोपी के मित्र धीरेंद्र पटेल के घर से रामसिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया. और आज यहां लेकर आई.
राजनीतिक पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82 लाख रुपए की ठगी
बिलासपुर. राजनीतिक पार्टी में नेताओं तक पहुंच होने की बात कहकर महिला ने एक युवक से 82 लाख 63 हजार रूपए धोखाधड़ी की. सरकंडा पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे मनेंद्रगढ़ से हिरासत में ले लिया और पुलिस उसे लेकर बिलासपुर आ रही है. महिला की पहचान प्रार्थी से फेसबुक के जरिए हुई थी. बहरहाल सरकंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है. सरकंडा पुलिस के अनुसार राजकिशोर नगर में रहने वाले युवक चेतन आनंद दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी जान पहचान मनेंद्रगढ़ खोंगापानी की रहने वाली निखत परवीन शाबरी से हुई. उससे चर्चा होती रहती थी., इस दौरान उसने झांसा दिया कि उसकी एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के बड़े पदाधिकारियों तक पहुंच है और वह उस पार्टी की कार्यकर्ता भी है. उसके बाद चेतन आनंद दुबे को जमीन के विवाद में निखत परवीन ने मदद की. इससे वह निखत का झांसे में आ गया. प्रार्थी पूर्व में एक निजी कंपनी में काम करता था, और फिर छोड़ दिया. वह राजनीति में दिलचस्पी रखता है. निखत ने उसे राष्ट्रीय पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलाने का भरोसा दिलाया. वह उसके झांसे में फंस गया. इसके लिए पार्टी फंड के नाम पर रकम जमा कराना होगा. इस मामले में सरकंडा पुलिस ने मनेंद्रगढ़ खोंगापानी में एक टीम भेजकर दबिश दी. जहां आरोपी निखत परवीन मिल गई. उसे प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उसे लेकर बिलासपुर के रवाना हो गई है.
बहते नारियल को पकड़ने के चक्कर में दो बच्चे नदी में डूबे, एक की मौत
बिलासपुर. दयालबंद मधुबन इलाके में शनिवार की दोपहर अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे पानी में बह रहे नारियल को पकड़ने के चक्कर में नदी में उतरे और बह गए. इससे इलाके में हड़कंप मच गया. कोतवाली पुलिस एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची और नदी में डूबे बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया. टीम ने घंटो की मेहनत के बाद एक बच्चे आयान के शव को नदी से निकाला और दूसरे बच्चे की तलाश जारी है. रात हो जाने की वजह से सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है. कोतवाली पुलिस के अनुसार दयालबंद स्थित मधुबन अटल आवास में रहने वाले बच्चे आयान अंसारी 12 वर्ष और इमरोज 16 वर्ष घर के पास अरपा नदी में दोपहर के समय नहाने गए. एक और बच्चा भी उनके साथ था. तीनों बच्चे नहा रहे थे. उसी समय पानी में बह रहे नारियल को देखकर वे उसे पकड़ने के लिए नदी में गहरे पानी की ओर चले गए. नदी के तेज बहाव में आयान और इमरेश बह गए. उनका साथी किसी तरह से बच गया. और किनारे आ लगा. उसने घर आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद मोहल्ले के लोग नदी किनारे पहुंच गए. सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ बच्चों की तलाश शुरू की. एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और नदी में बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तीन चार घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आयान अंसारी का शव नदी से बाहर निकाल लिया और दूसरे बच्चे की तलाश जारी रखी. रात हो जाने की वजह से सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है. मौके पर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगो ने लापता बच्चे को लेकर रोना शुरू कर दिए. लापता बच्चे के परिवार वालों का रो रोकर हाल-बेहाल है. परिजनों का कहना है कि भारी बरसात और अलर्ट की वजह से स्कूलों में छुट्टी दी गई थी. इसके कारण बच्चे सुबह नहाने नदी चले गए. वहां नारियल को पकड़ने के प्रयास में गहरे पानी की ओर चले गए और बह गए.
हत्या मामले में पूर्व सरपंच समेत 4 गिरफ्तार (Bilaspur News Update)
बलौदा. सरपंच के पिता की हत्या के मामले में पूर्व सरपंच सहित चार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. जानकारी के अनुसार ग्राम गतवा, चौकी पंतोरा थाना बलौदा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद पीट पीट कर बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है. जानकारी के अनुसार 25 सितंबर को चौकी पंतोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम गतवा में गणेश जी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई. राहुल द्वारा अपने पिता रोहित कश्यप को घटना की जानकारी देने पर रोहित बीच-बचाव करने पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद रोहित, राहुल एवं जोतराम कश्यप मोटरसाइकिल से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने चौकी पंतोरा जा रहे थे. इसी दौरान ग्राम के हाईस्कूल के पास आरोपी शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप रास्ते में मिले. तीनों मोटरसाइकिल से उतरकर बात कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोपी शिव कश्यप ने डंडे से तथा नारायण कश्यप एवं संजय कश्यप ने हाथ मुक्का एवं पैर से रोहित, राहुल एवं जोत राम कश्यप के साथ मारपीट की. आरोपी सविता कश्यप द्वारा राहुल कश्यप को पकड़कर मारपीट की गई. मारपीट के दौरान जोत राम कश्यप को जमीन पर पटककर सिर एवं छाती में गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कार्रवाई कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चारों आरोपियों शिव कश्यप (पूर्व सरपंच), नारायण कश्यप, संजय कश्यप एवं सविता कश्यप निवासी गतवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ एवं विवेचना के पश्चात चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
32 लाख की ट्रांसपोर्ट धोखाधड़ी का फरार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़. श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी में 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी प्रकाश मिश्रा (27 वर्ष) ने पुलिस के लगातार दबाव के बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है. इस मामले में उसका साथी दीपक शर्मा 29 जुलाई 2026 को ही गिरफ्तार हो चुका है. 24 मार्च 2026 को ढिमरापुर चौक स्थित श्रीराम ट्रांसपोर्ट के संचालक कमल किशोर शाह ने शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि कंपनी के कर्मचारी प्रकाश और दीपक ने सितंबर 2025 से फर्जी बिल और वाउचर बनाकर 32 लाख रुपये निकाल लिए हैं. दोपहिया वाहनों के नंबर पर बनाए वाउचरः पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने दोपहिया और निजी वाहनों के नंबर का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट वाउचर बनाए. इसके बाद 6 अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए. ये खाताधारक अपना कमीशन काटकर बाकी रकम प्रकाश और दीपक को फोन-पे और पेटीएम के जरिए वापस भेज देते थे. पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रकाश ने फर्जी बिल बनाने और ठगी की बात मान ली है. पुलिस अब बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन को लेकर आगे की जांच कर रही है.
घर में गहरी नींद सोते मिला थाना से फरार स्थायी वारंटी (Bilaspur News Update)
कोरबा. छेड़छाड़ के मामले में पूछताछ के दौरान स्थायी वारंटी बाथरूम जाने के बहाने पुलिस हिरासत से भाग निकला. उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही. आखिरकार पुलिस ने उसे उसके ही घर से घेराबंदी कर दबोच लिया. मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया , जहां से उसे जेल दाखिल कराया गया है. मामला पसान थाना का है. दरअसल क्षेत्र में रहने वाले खीरचंद नामक ग्रामीण के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई की थी. वह कोर्ट में पेशी लिए उपस्थित नही हो रहा था. उसके लंबे समय से फरार होने पर स्थायी वारंट जारी किया गया था. पुलिस वारंट तामिली के लिए लगातार खीरचंद की तलाश कर रही थी. मंगलवार को पुलिस स्थायी वारंटी को पकड़कर थाना ले आई, जहां पूछताछ चल रही थी. इसी दौरान स्थायी वारंटी बाथरूम जाने के बहाने निकला और पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. यह खबर मिलते ही महकमें में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने स्थायी वारंटी की तलाश के लिए जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए. उनके निर्देश एएसपी नीतिश ठाकुर व एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव अपनी टीम के साथ फरार आरोपी की तलाश कर रहे थे. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी. इसके अलावा मुखबीरों का जाल भी बिछाया गया था. मुखबीर ने थाना प्रभारी यादव को सूचना दी कि फरार आरोपी आधी रात घर आता है और पौ फटने से पहले कहीं चला जाता है. मुखबीर की सूचना पर थाना प्रभारी ने आरोपी को पकड़ने योजना तैयार की. योजना के मुताबिक शुक्रवार की रात लगभग दो बजे पुलिस ने घर कुम्हारी सानी पहुंचकर आरोपी के घर की घेराबंदी कर दी. पुलिस जब घर के भीतर पहुंची तो आरोपी गहरी नींद सोते मिला. पुलिस उसे पकड़कर थाना ले आई. पुलिस ने वारंट तामिली के अलावा फरार होने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दी, जहां से जमानत के अभाव में उसे जेल दाखिल कराया गया है.
शराब पीकर स्कूल पहुंचे 2 शिक्षक निलंबित
जांजगीर-चांपा. जिले में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने और अनुशासनहीनता बरतने वाले दो शिक्षकों के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है. कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर-चांपा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शासकीय शालाओं में शराब पीकर पहुंचने और पदीय गरिमा के विपरीत आचरण करने वाले एक सहायक शिक्षक और एक प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड बलौदा के अंतर्गत आने वाले शासकीय नवीन प्राथमिक शाला परसदा (संजयनगर) में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी ललित राम भारद्वाज गत 19 सितंबर 2026 को शराब के नशे में शाला में उपस्थित पाए गए थे. इस गंभीर कदाचार पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, परंतु निर्धारित समयावधि में संबंधित शिक्षक द्वारा कोई भी प्रतिवाद उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया. संतोषजनक जवाब न मिलने और उनका यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत पाए जाने पर, उन्हें छत्तीसगढ़ सिवलि सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलौदा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी. इसी प्रकार, दूसरी घटना विकासखंड पामगढ़ के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला भांठापारा भुईगांव की है. यहाँ के प्रधान पाठक योगेश्वर सिंह कंवर पर दिनांक 24 सितंबर को स्कूल परिसर में शराब पीकर उपस्थित होने और जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ. विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ के प्रतिवेदन और वायरल वीडियो के आधार पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका उत्तर न देने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. योगेश्वर सिंह कंवर को भी छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ नियत किया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दोनों मामलों में संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने और तामिदी रिपोर्ट कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


