Bilaspur News Update : बिलासपुर. केंद्रीय जेल बिलासपुर के 500 मीटर के दायरे को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया गया है. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने यह आदेश जारी किया है. इस आदेश के तहत बिना अनुमति किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित रहेगा. विशेष परिस्थितियों में सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा. अनधिकृत ड्रोन संचालन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा कानून सहित अन्य प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही एसएसपी और जेल अधीक्षक को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

नशीली टेबलेट बेचने ग्राहक तलाश रहा आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. रतनपुर थाना पुलिस ने नशीली दवाओं की बिक्री पर कार्रवाई करते हुए भैरव बाबा मंदिर के पास रेड मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान उसराभाठा नेवसा निवासी नवीन कुमार बैसवाड़े के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से 13 नग नाइट्रोजेपम (नाइट्रा) टेबलेट बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 57,200 रुपये बताई जा रही है. आरोपी ग्राहकों की तलाश में घूम रहा था. उसके खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

चोरी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. बिल्हा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चोरी के आरोपी आशीष उर्फ सरजू यादव को गिरफ्तार कर लिया है.  पत्थरखानभाठा निवासी आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था. जांच में सामने आया कि उसने अपने साथी रजत यादव के साथ मिलकर प्रार्थी अनंत विजय कान्त के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. चोरी में फ्रिज, गैस सिलेंडर, मिक्सी, इंडक्शन, कूलर, आलमारी, टीवी, बर्तन, नगदी समेत लाखों रुपये के सामान ले जाए गए थे. मामले में सह-आरोपी रजत यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस ने आशीष यादव के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है.

रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध हालत में घूम रही 6 महिलाएं गिरफ्तार

बिलासपुर. बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही छह महिलाओं को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार महिलाएं स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रही थीं और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रही थीं. घेराबंदी कर पकड़े जाने के बाद पूछताछ में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं. सभी महिलाएं महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली बताई गई हैं. गंभीर अपराध की आशंका को देखते हुए जीआरपी ने धारा 35(2)(क) एवं 128 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है. मामले की आगे जांच जारी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H