Bilaspur News Update : बिलासपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे. उनका शाम 4:30 बजे न्यू सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम है. राजनांदगांव के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे बिलासपुर आएंगे. यहां रात्रि विश्राम करने के बाद बुधवार को  बैकुंठपुर के लिए रवाना होंगे.

अवैध खाद भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर. कृषि विभाग ने कोटा और बिल्हा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित 110 बोरी रासायनिक खाद जब्त की है. जांच में डीएपी, पोटाश, एनपीके और बायो डीएपी का स्टॉक बिना अनुमति गोदाम में रखा मिला. विभाग ने संबंधित खाद बिक्री केंद्र की बिक्री पर रोक लगाते हुए उर्वरक विक्रेता को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है.

चलती क्रेटा कार में स्टंटबाजी, पुलिस ने की कार्रवाई

बिलासपुर. बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर चलती क्रेटा कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. चकरभाठा पुलिस ने CG 10 BE 4400 नंबर की कार जब्त कर आरोपी प्रशांत जायसवाल के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. कार में मौजूद युवतियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. पुलिस ने कहा है कि स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 महंगे स्मार्टफोन बरामद

बिलासपुर. सरकंडा पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी निखिल सोनी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो घड़ियां और नकदी बरामद की गई है. वहीं महेश मानिकपुरी उर्फ सोनू ने शहर के कई इलाकों में मोबाइल चोरी की वारदातें कबूल की हैं. पुलिस ने उसके पास से Vivo, Poco, Motorola, Oppo, Realme और Infinix समेत 9 स्मार्टफोन बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं.

रेलवे स्टेशन के बाहर ई-रिक्शा चालकों का प्रदर्शन

बिलासपुर. बिलासपुर रेलवे स्टेशन के बाहर ई-रिक्शा चालकों से कथित रूप से प्रति वाहन 20 रुपये की वसूली को लेकर विवाद बढ़ गया है. चालकों का आरोप है कि सवारी लेने पहुंचने पर रोजाना नकद वसूली की जाती है, लेकिन कोई रसीद नहीं दी जाती. वसूली का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं होने और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. इसके विरोध में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालकों ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है.

अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत

बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रानीगांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई. हादसे में 65 वर्षीय रामसनेही दिनकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. रतनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है.

एसएसपी की गुंडों-बदमाशों को चेतावनी, 85 हिरासत में

बिलासपुर. एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. सुबह-सुबह अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर 85 चाकूबाज और निगरानी बदमाशों को हिरासत में लिया गया. इनमें से 25 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि 4 बदमाश हथियारों के साथ पकड़े गए हैं. पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है. एसएसपी ने अपराधियों को चेतावनी दी है कि नहीं सुधरे तो जिलाबदर की कार्रवाई की जाएगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H