Bilaspur News Update : बिलासपुर. नेपाल के मेडिकल कॉलेज में MD रेडियोलॉजी की सीट दिलाने का झांसा देकर 14.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. इस मामले में समाधान नर्सिंग होम की संचालिका डॉ. गौरी दत्त ने कोलकाता की इनफिनिटी एकेडमी के डायरेक्टर निर्मल्या नाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने नेपाल के एक मेडिकल कॉलेज में सार्क कोटे के तहत MD रेडियोलॉजी में दाखिला दिलाने का भरोसा दिया था. इसके लिए करीब 1.40 करोड़ रुपये का पैकेज प्रस्तावित किया गया था. एडमिशन के नाम पर आरोपी ने 28 लाख रुपये लिए और इसके बाद दाखिले का लेटर भी भेज दिया. हालांकि, बाद में उसने एडमिशन रद्द होने का बहाना बनाकर मामला टाल दिया. पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने दिसंबर 2020 तक पूरी रकम वापस करने का लिखित आश्वासन दिया था. अब तक वह 13.75 लाख रुपये लौटा चुका है, लेकिन शेष 14.25 लाख रुपये वापस नहीं किए. रकम लौटाने के लिए दिए गए यस बैंक के कई चेक भी बाउंस हो गए. पिछले दो साल से आरोपी से संपर्क नहीं हो पा रहा है. पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने जीरो में अपराध दर्ज किया है. मामला कोलकाता से संबंधित होने के कारण केस डायरी कालीघाट थाने भेजी जाएगी. इसके बाद कोलकाता पुलिस मामले की आगे जांच और कार्रवाई करेगी.
दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
बिलासपुर. दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों लड़कियां ग्राम बोड़सरा से अपने घर से लापता हो गई थीं. परिजनों की सूचना और पुलिस की जांच के बाद दोनों को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों ने नाबालिग लड़कियों को जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ दुष्कर्म किया. पुलिस ने दोनों पीड़िताओं को सुरक्षित बरामद करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज भास्कर और जयप्रकाश खांडे के रूप में हुई है. दोनों मुंगेली जिले के छिंदभोग स्थित धमधापारा के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2) और 351(3) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
दीपावली पर सिम्स में अलर्ट, डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात
बिलासपुर. दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारी की है. त्योहार के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है. घायलों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी. सिम्स प्रबंधन ने त्वचा रोग, नेत्र रोग, मेडिसिन, सर्जरी, अस्थि रोग व ईएनटी विभाग को विशेष रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने नागरिकों से सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने और बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देने की अपील की है. चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि आकस्मिक मरीजों को तत्काल उपचार देना अस्पताल की प्राथमिकता है. किसी भी आपात स्थिति में सिम्स के आपातकालीन विभाग के नंबर 07752222301 पर संपर्क किया जा सकता है. पटाखों से हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में जलने की घटनाओं के उपचार के लिए त्वचा रोग व सर्जरी विभाग तैयार रहेंगे. वहीं आंखों में बारूद या पटाखों के कण जाने से होने वाली चोटों के लिए नेत्र रोग विभाग में व्यवस्था की गई है. पटाखों के धुएं से सांस संबंधी परेशानी, अस्थमा और एलर्जी के मरीजों का उपचार मेडिसिन विभाग करेगा. तेज आवाज से कानों को होने वाले नुकसान के लिए ईएनटी और विस्फोट से हाथ-पैर में फ्रैक्चर और हड्डियों की चोट के उपचार के लिए अस्थि रोग विभाग को तैयार रखा गया है. गंभीर मरीजों के उपचार के लिए ऑपरेशन थिएटर (ओटी), आईसीयू, आवश्यक दवाइयां, जीवनरक्षक उपकरण और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्टाफ सहित एंबुलेंस भी तैयार रहेगी.

बारूद के गोले से जंगली सुअर का शिकार, मांस पकाते आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़. जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार का मामला सामने आया है. वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने शुक्रवार सुबह कुकड़ीचोली गांव में छापा मारकर एक आरोपी को जंगली सुअर का मांस पकाते हुए रंगे हाथों पकड़ा लिया. उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सूअर का शिकार हुआ है और कुकड़ीचोली का रहने वाला 24 साल का विजय राठिया अपने घर में मांस पका रहा है. सूचना मिलते ही उड़नदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो और उनकी टीम ने मौके पर दबिश दी. बारूद के गोले से किया हंट-टीम ने विजय राठिया के घर से पक्का हुआ मांस जब्त कर लिया है. हिरासत में लेकर खरसिया रेंज कार्यालय में जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि उसने अपने करीब 8-10 साथियों के साथ मिलकर जंगल में बारूद के गोले से सुअर का शिकार किया था. आरोपी से पूछताछ के बाद उड़नदस्ता टीम अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है. बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी इलाके में शिकार की खबर मिली थी, लेकिन तब टीम को मौके से कोई सुराग नहीं मिल पाया था. वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत केस (पीओआर) दर्ज कर लिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

