Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर में चाकूबाजी के मामले में तोरवा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बुधवारी बाजार के पास मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौच और मारपीट हुई थी. इसी दौरान आरोपियों ने धारदार चाकू से राकेश करिहारे पर हमला कर दिया. मामले में पुलिस ने नवल उर्फ अरुण यादव, सौरभ उर्फ नंगू परिहार और राहुल चौहान को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया गया है.
रेलवे ने वसूला 4.19 करोड़ से अधिक का जुर्माना
बिलासपुर. बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) का विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. अगस्त महीने में रेलवे ने तीनों मंडलों—बिलासपुर, रायपुर और नागपुर में सघन जांच अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले 60,822 यात्रियों पर कार्रवाई की. इस दौरान रेलवे ने 4.19 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला.
ट्रक के लेन-देन को लेकर दोस्त की हत्या
अकलतरा. ट्रक के लेन-देन को लेकर दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस की सघन जांच में आरोपी ने हत्या का जुर्म स्वीकार किया जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया. जानकारी अनुसार 24 जून को भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक सीजी 10 बीपी 9060 की घटना में मृतक अरविंद सिंह लोधी उम्र 26 वर्ष, निवासी सकरी, बिलासपुर की मृत्यु हुई थी. पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना को सड़क दुर्घटना मानते हुए वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी. जब आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर दीनदयाल कॉलोनी, बिलासपुर से कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया. आरोपी ने कबूला-ट्रक के लेन-देन को लेकर उक्त युवक से पुराना विवाद था. घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान कहासुनी बढ़ गई. फिर हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद को लात-घूंसों से पीट-पीटकर मार डाला और सबूत मिटाने के लिए लाश को कार के नीचे डालकर एक्सीडेंट का नाटक रचा. जांच में हत्या के तथ्य सामने आने पर प्रकरण में धारा 103 (1), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई तथा पूर्व में दर्ज धारा 106 (1) बीएनएस को हटाया गया. घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 10 बीपी 9060 को विधिवत जब्त कर आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. प्रकरण की विवेचना एवं फरार एक अन्य आरोपी की पातासाजी जारी है.
पत्नी के हत्यारे को दस साल सश्रम कारावास
कोरबा. नशे में पति पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया. पति ने विवाद बढ़ने पर डंडे से पिटाई कर दी. उसके हमले से पत्नी के सिर व माथे पर गंभीर चोटें आई. वह पूरी रात खून से लथपथ पड़ी रही. परिजन सुबह पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की. मामले में करीब पांच माह तक चली सुनवाई के बाद दोषसिद्ध होने पर दोषी पति को दस साल सश्रम कारावास व दो हजार अर्थदंड से दंडित किया गया है. विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा के मुताबिक घटना करतला थानांतर्गत ग्राम चौंराभांठा डोंगाआमा में घटित हुई थी. गांव में ठाकुर राम राठिया 52 वर्ष पत्नी कुंती बाई व बच्चों के साथ निवास करता था. पति पत्नी के बीच नशे की हालत में 4
मार्च 2026 की रात खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया. यह विवाद देखते ही देखते बढ़ गया. जिससे आक्रोशित होकर ठाकुर राम ने अपनी पत्नी की डंडे से पिटाई शुरू कर दी. उसके हमले से पत्नी के सिर व माथे पर गंभीर चोटें आई. उसे रात अधिक हो जाने के कारण इलाज के लिए अस्पताल नही ले जाया जा सका. 5 मार्च की सुबह परिजन उसके घर पहुंचे, तब तक कुंती बाई की मौत हो चुकी थी. जिसकी सूचना आरोपी के भाई तुलसीराम ने करतला थाना पहुंचकर दी. मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए आरोपी ठाकुर राम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया. मामले की सुनवाई द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. ममता भोजवानी के न्यायालय में चल रही थी. सुनवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य व सबूत पेश किया गया, जिससे दोषसिद्ध हो गया.

हलषष्ठी पर आज जिले में स्थानीय अवकाश
बिलासपुर. हलषष्ठी पर्व के अवसर पर 2 सितंबर को बिलासपुर जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित तीन स्थानीय अवकाशों में हलषष्ठी पर्व भी शामिल है. जारी आदेश के अनुसार इसके अलावा जिले में 19 अक्टूबर 2026 को महाष्टमी तथा 11 नवंबर 2026 को दीपावली, भाई दूज के अवसर पर भी स्थानीय अवकाश रहेगा. उल्लेखनीय है कि बैंक एवं कोषालय में स्थानीय अवकाश के नियम लागू नहीं होंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



