Bilaspur News Update : बिलासपुर. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मंगलवार सुबह बिलासपुर स्थित सिम्स पहुंचे और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने कैजुअल्टी, लेबर सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया. इस दौरान मंत्री ने मरीजों से इलाज, दवाइयों, जांच और अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया. उन्होंने अस्पताल की जमीनी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मरीजों की समस्याओं को भी सुना. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सिम्स के डीन और अधीक्षक से स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की.
25 साल पुराने मामले में तत्कालीन सब इंजीनियर की दोषसिद्धि बरकरार
बिलासपुर. बिजली कनेक्शन शिफ्ट करने के एवज में रिश्वत लेने के 25 साल पुराने मामले में हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के तत्कालीन सब इंजीनियर बृज नरेश सिंह की दोषसिद्धि बरकरार रखी है, लेकिन उनकी उम्र और घटना के बाद बीते लंबे समय को देखते हुए धारा 7 के तहत एक साल की सश्रम कारावास की सजा घटाकर छह महीने कर दी है. बिलासपुर के महाराणा प्रताप नगर निवासी 42 वर्षीय बृज नरेश सिंह ने प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश बिलासपुर के 31 जनवरी 2005 के फैसले को चुनौती दी थी. जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास ने 7 जुलाई को फैसला सुरक्षित रखने के बाद 24 सितंबर 2026 को निर्णय सुनाया. मामले के अनुसार शिकायतकर्ता सरकारी जमीन पर वर्कशॉप चलाकर फैब्रिकेशन का काम करता था. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में 20 जून 2001 को वर्कशॉप तोड़ दी गई. इसके बाद उसने 26 जून को बिजली कनेक्शन को अपने आवास पर स्थानांतरित करने के लिए आवेदन दिया था. अभियोजन के अनुसार कनेक्शन शिफ्ट करने की प्रक्रिया के लिए तत्कालीन सब इंजीनियर बृज नरेश सिंह ने 3500 रुपए की रिश्वत मांगी. 30 जून को शिकायतकर्ता ने दोबारा आग्रह किया तो उससे 1000 रुपए अग्रिम और शेष राशि कनेक्शन शिफ्ट होने के बाद देने को कहा गया. शिकायतकर्ता ने 2 जुलाई 2001 को लोकायुक्त की विशेष पुलिस स्थापना, बिलासपुर में शिकायत की. ट्रैप की कार्रवाई के दौरान 100-100 रुपए के 10 नोटों पर फिनॉलफ्थेलिन पाउडर लगाया गया. शिकायतकर्ता की बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए टेप रिकॉर्डर दिया गया और लेन-देन के बाद सिगरेट जलाकर संकेत देने को कहा गया. रात करीब 10 बजे शिकायतकर्ता आरोपी के घर पहुंचा, उसके बाहर निकलकर संकेत देने के बाद ट्रैप टीम ने घर में प्रवेश कर बृज नरेश सिंह को पकड़ लिया.
कोरी डेम में डूबने से शिक्षा विभाग के लिपिक की मौत
बिलासपुर. कोटा के कोरी डेम के वेस्ट वियर में सोमवार को नशे की हालत में पानी में डूबने से शिक्षा विभाग के लिपिक की मौत हो गई. वह कार्यालय से छुट्टी लेकर दोस्तों के साथ कोरी डेम घूमने गया था. डेम पहुंचने के बाद वह कपड़े उतारकर दोस्तों के साथ पानी में उतर गया. नशे की हालत में खुद को संभाल नहीं पाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव वेस्ट वियर के तल से बरामद किया गया. मंगला निवासी दिग्विजय कुमार कौशिक (34) कोटा के ग्राम धौराभाठा में शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर पदस्थ था. सोमवार को उसने घरेलू काम के लिए छुट्टी ली थी. काम निपटाने के बाद उसने शराब पी और इसके बाद दोस्तों के साथ साढ़े 12 बजे कोरी डेम घूमने निकल गया. डेम पहुंचने के बाद दिग्विजय अपने दो दोस्तों के साथ वेस्ट वियर के पानी में नहाने के लिए उतर गया. नहाते समय तीनों पानी में तैर रहे थे. कुछ देर बाद दोनों दोस्त आगे बढ़ गए. पीछे पलटकर देखने पर दिग्विजय नजर नहीं आया. वह पानी में डूब चुका था. दोस्तों ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला. इसके बाद दोस्तों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही कोटा थाना पुलिस की टीम और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया. करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दिग्विजय का शव पानी के तल से बरामद किया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद
बिलासपुर. चरित्र शंका कर हथौड़े से वार कर पत्नी की हत्या के आरोपी पति के खिलाफ जुर्म दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. कोर्ट में हुई सुनवाईमें आरोपी पति को आजीवन कारावास एवं 1 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है. घटना पांच साल पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है. मामले में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजन विजेन्द्र कुमार तिवारी ने पैरवी की. मूलतः पचपेड़ी निवासी 45 वर्षीय अक्षय राम भार्गव पिता पुनउ राम भार्गव सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंझवापारा बिलासपुर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था. अक्षय अपनी पत्नी हर कुमारी भार्गव के चरित्र पर शंका करता था और इसे लेकर आए दिन उससे झगड़ा करता था. 6 अक्टूबर 2021 को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और अक्षय ने उसके सिर पर हथौड़े से घातक वार कर फरार हो गया. संघातिक वार से उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के वक्त उनके दोनों बच्चे घर पर ही थे और उन्होंने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया. आरोपी उन्हें भी मार डालने की धमकी देकर घर से भाग निकला. पुलिस ने सूचना पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी अक्षय की पतासाजी करते हुए उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया. जिला न्यायालय में इस मामले की सुनवाई हुई जहां आरोपी पति को आजीवन कारावास एवं 1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई. आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है.
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का हल्लाबोल
रायगढ़. निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया. शहर अध्यक्ष शाखा यादव एवं ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सिंदूर पार्क, इतवारी बाजार में एकत्र हुए और विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए. शहीद चौक पहुंचकर कांग्रेसजनों ने शहीद-ए-आजम भगतसिंह की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया. मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की. पंजरी प्लांट के सामने प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार कर कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े. इस दौरान मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया. शाखा यादव ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और मतदाता सूची उसकी बुनियाद है. यदि मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप सामने आ रहे हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मतदाता के अधिकार से जुड़े किसी भी मामले को कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी. दोष सिद्ध होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सामने आए आरोपों से चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं. कांग्रेस ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और व्यापक समीक्षा की मांग की. प्रदर्शन के बाद कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा. इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित शिकायतों की स्वतंत्र जांच, उनके कार्यकाल में मतदाता सूची एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों की समीक्षा तथा जांच में आरोप प्रमाणित होने पर विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की गई. प्रदर्शन में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों सहित महिला कांग्रेस, सेवादल, इंटक, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, अजाक प्रकोष्ठ और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए.
जर्जर शवरी पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद
जांजगीर-चांपा. जिले के शिवरीनारायण में महानदी का जलस्तर अब नीचे गिर गया है और शवरी पुल के नीचे से पानी बह रहा है. पुल की जर्जर हालत को देखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है. पुल पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जबकि कचरा और गंदगी भी जमा है. स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जर्जर पुल की मरम्मत के निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुल से बाइक और पैदल यात्रियों को आवागमन की अनुमति रहेगी.

छुलहा अंडरब्रिज 7 दिन रहेगा बंद
बिलासपुर. रेलवे प्रशासन द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अंतर्गत अनूपपुर-छुलहा स्टेशनों के मध्य किमी 866/13-15 पर स्थित रेल अंडरब्रिज को 29 सितम्बर से 05 अक्टूबर 2026 तक आवश्यक सड़क मरम्मत कार्य हेतु सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद करने का निर्णय लिया गया है. उक्त रेल अंडरब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान सड़क यातायात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जैतहरी-छुलहा स्टेशनों के मध्य किमी. 862/29-31 पर स्थित रेल अंडरब्रिज से उपलब्ध है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


