Bilaspur News Update : बिलासपुर. पुलिस ने शहर में हेरोइन सप्लाई करने वाले सप्लायर को पंजाब अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है. ट्रांजिट रिमांड में शहर लाकर उसे जेल दाखिल कर दिया है. 24 अक्टूबर को उसलापुर बाजार के पास से उसलापुर निवासी दीपक वालिया 32 साल को गिरफ्तार कर 11.73 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी. पूछताछ में उसने पंजाब अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ ​​रिंगू के पिता सरदार सतपाल सिंह से खरीदने बताया था. उसके आधार पर सकरी थाना के एएसआई राजेशधर दीवान स्टाफ के साथ अमृतसर में दबिश देकर सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ ​​रिंगू को गिरफ्तार अमृतसर कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड में 5 नवंबर को शहर लेकर आए और कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट

बिलासपुर. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर इडली-डोसा ठेला संचालक और उसके सहयोगी के साथ जमकर मारपीट की गई. इस घटना में हर्ष धनकर को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, उसके सहयोगी रितेश साहू को भी सामान्य चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच इससे पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में विवाद हुआ था. उस दौरान आपसी समझौता भी हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते एक बार फिर मारपीट की घटना हो गई. मामले में पुलिस ने पंकज लहरे, राहुल चतुर्वेदी, ऋषभ राज कोसले और सारिक अली के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

सरकंडा टीआई आर्या लाइन अटैच

बिलासपुर. एसएसपी रजनेश सिंह ने सरकण्डा टीआई आर्या को लाइन अटैच कर दिया है. वहीं टीआई चौहान को सरकण्डा थाने की कमान सौंपी गई है. आदेश में प्रशासनिक कारणों से लाइन अटैच करना बताया गया है.

महिला से 7 लाख की ठगी

बिलासपुर. रेलवे विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला से सात लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. तारबाहर स्थित एफसीआई गोदाम के पास रहने वाली सविता मिश्रा ने अपने रिश्तेदार और रेलवे कर्मचारी बलभद्र प्रसाद वाजपेयी के खिलाफ तारबाहर थाना व एसपी से लिखित शिकायत की है. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी बेटी को रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में सात लाख रुपए ले लिए. न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस कर रहा है. पैसे मांगने पर उसे और उसकी बेटी को जान से मारने तथा अपहरण कराने की धमकी दी जा रही है. शिकायत के अनुसार, बलभद्र प्रसाद बाजपेयी निवासी झोपड़ापारा, संतोषी मंदिर के पास, बिलासपुर रेलवे विभाग में कर्मचारी है. वह रिश्तेदार होने के कारण महिला को जानता था. उसने सविता मिश्रा को भरोसा दिलाया कि वह पहले भी कई लोगों की रेलवे में नौकरी लगवा चुका है. इसके लिए अधिकारियों को पैसे देने पड़ते हैं. आरोपी ने पहले 20 लाख रुपए खर्च होने की बात कही, लेकिन महिला के लिए 15 लाख रुपए में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया. महिला के मुताबिक, उसने अपने पिता द्वारा दिए गए पांच लाख रुपए का सेंट्रल बैंक, व्यापार विहार शाखा का सेल्फ चेक आरोपी को दिया था. आरोपी ने दो अप्रैल 2025 को चेक के माध्यम से पांच लाख रुपऐ निकाल लिए. इसके बाद 30 अप्रैल 2025 को तीन लाख रुपए की मांग की गई. महिला ने रिश्तेदारों से दो लाख रुपए उधार लेकर अपनी बेटी के साथ रेलवे कार्यालय पहुंचकर आरोपी को नकद दे दिए. इस तरह कुल सात लाख रुपए दिए गए.

झोलाछाप डॉक्टर का क्लिनिक सील

रायगढ़. खरसिया क्षेत्र में बिना डिग्री और लाइसेंस के चल रहे अवैध क्लिनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. गुरुवार को देहजरी में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर अचानक छापेमारी की और जांच के बाद उसे सील कर दिया. जानकारी के अनुसार, प्रशासन को काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि देहजरी में बिना किसी वैध डिग्री और रजिस्ट्रेशन के मरीजों का इलाज किया जा रहा है. इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और क्लिनिक के कागजातों की जांच की. जांच के दौरान क्लिनिक संचालक कोई भी वैध मेडिकल डिग्री या क्लिनिक चलाने का लाइसेंस नहीं दिखा सका. मरीजों की जान के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की. प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से इलाके के अन्य झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है और कई लोग अपनी दुकानें बंद करके भाग गए. अधिकारियों ने साफ कहा है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी.

महिला की संदिग्ध मौत, फैली सनसनी

कोरबा. वनांचल ग्राम जमनीमुड़ा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला की लाश उसके ही घर में पड़ी मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, तो मृतिका के सिर पर गंभीर चोंट के निशान मिले. घटनास्थल पर कुछ ईंट के टुकड़े भी मिले हैं. हालांकि पीएम के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी. हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध मान जांच पड़ताल शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पाली थानांतर्गत ग्राम जमनीमुड़ा में सहदेव राम चौहान अपनी पत्नी अगहन कुंवर चौहान के साथ निवास करता था. प्रतिदिन की तरह बुधवार की रात भी पति पत्नी घर में ही थे. गुरूवार की सुबह नींद खुलने पर सहदेव की नजर अपनी पत्नी पर पड़ी. जिसके सिर से रक्त स्त्राव हो रहा था. उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी सहदेव ने ग्रामीणों को दी. उसकी पत्नी के मौत की खबर देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई. ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. थाना प्रभारी मनीष कौशिक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया. इस दौरान मृतिका के सिर पर गंभीर चोंट का निशान मिला. इसके अलावा मौके पर ईंट के कुछ टुकड़े भी पड़े हुए थे. मामला संदिग्ध प्रतित होने पर पुलिस ने डॉग स्क्ववायड को इत्तिला किया. डॉग स्कवायड की टीम मौक पर पहुंची, लेकिन पहले से ही लोगों की आवाजाही होने के कारण कुछ खास मदद नही मिली. बहरहाल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही महिला की मौत का खुलासा होगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H